नई दिल्ली, 01 मई: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में 20 दिवसीय व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू करने की घोषणा की। सरकार का लक्ष्य शुक्रवार से शुरू होने वाले इस अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर ‘कचरा पृथक्करण’ को लागू करना, अतिक्रमण हटाना और दैनिक निगरानी सुनिश्चित करना है।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना की अध्यक्षता में राजनिवास में आयोजित बैठक के बाद यह घोषणा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत जिलाधिकारियों, उपायुक्तों, पुलिस उपायुक्तों और विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हर धार्मिक स्थल, बाजार और स्कूल को एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है। धूल से प्रभावित इलाकों को पौधरोपण के जरिए हरा-भरा किया जाएगा और रोजाना सुबह आठ बजे और शाम को सफाई की जाएगी।’’

गुप्ता ने इस बात पर जोर दिया कि सभी नगर निकाय अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक शीर्ष अधिकारी को प्रतिदिन अपने संबंधित क्षेत्र का दौरा करना होगा और अपने विभाग प्रमुख को रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी, जिसे मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा। सार्वजनिक मार्गों, पार्कों या बाजारों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, मलबा या कचरा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्टर या भित्तिचित्र के माध्यम से दीवारों को विरुपित करने पर सख्त दंड का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी चूक के लिए जिलाधिकारी और पुलिस उपायुक्त सहित सभी शीर्ष अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

केंद्र और राज्य के साथ-साथ नगर निगम में भी भाजपा की सरकार होने का जिक्र करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘ट्रिपल इंजन वाली सरकार के आगमन के साथ दिल्ली ऐतिहासिक अवसर का गवाह बन रही है। ‘ट्रिपल इंजन’ वाली सरकार के तहत यह अभियान वर्षों के गतिरोध को तोड़ देगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के सपने के अनुरूप दिल्ली स्वच्छ, हरित और अधिक सुंदर होगी।’’

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *