नई दिल्ली, 12 मई : दिल्ली में भाजपा अपने चुनाव प्रचार का सुपर संडे मना रही है। पार्टी के दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को हजारों कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली में ‘वोट पर्ची वितरण’ अभियान चलाया। इसमें दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों के सभी भाजपा उम्मीदवार भी शामिल हुए। गौरतलब है कि दिल्ली में 25 मई को मतदान होना है।

यह अभियान सुबह 9 से 12 बजे के बीच दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चलाया गया। नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सेहरावत, दक्षिण दिल्ली से रामबीर सिंह बिधुड़ी, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेंद्र चंदोलिया, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी और पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा ने भी घर-घर जाकर वोट पर्ची का वितरण किया। इससे पहले रविवार सुबह भाजपा समर्थित सिख नवयुवकों की मोटरसाइकिल बाइक रैली भी निकली।

भाजपा महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी रविवार को दिल्ली में भाजपा के चुनाव प्रचार में शामिल हुए।

इस पूरे अभियान पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि चुनाव में वोटिंग के लिए मतदाताओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। इसी को देखते हुए आज भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से राष्ट्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट डालने की अपील कर रहे हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी लोकसभा चुनाव प्रचार के इस अनूठे अभियान का हिस्सा रहे। उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा के समर्थन और अन्य स्थानों पर इस अभियान में हिस्सा लिया।

इसके अलावा रविवार शाम असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा एवं वीरेंद्र सचदेवा पूर्वोत्तर के राज्यों एवं बंगाल के ऐसे नागरिकों का अभिनंदन करेंगे जो दिल्ली में बसे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *