नई दिल्ली, 14 दिसंबर: दिल्ली भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष विनोद सहरावत की अध्यक्षता में शनिवार को प्रदेश कार्यालय में किसान मोर्चा की संगठनात्मक बैठक हुई। इसमें प्रदेश सह प्रभारी डॉ अलका गुर्जर एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने बड़ी संख्या में आए हुए किसान प्रतिनिधियों को संबोधित किया।

डॉ अलका गुर्जर ने कहा कि धारा 74/4 के तहत भूमिहीनों को कृषि करने के लिए जो भूमि दी गई थी, उन्हें मालिकाना हक दिया जाएगा। इतना ही नहीं अरविंद केजरीवाल सरकार की कमियों को घर-घर तक पहुंचाने में इस बार किसान भाइयों का भी एक अहम रोल होगा, क्योंकि वो केजरीवाल सरकार द्वारा सताए हुए हैं। उन्हें हर सुविधा से दूर रखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में साहिब सिंह वर्मा के बाद किसानों के हित में काम नहीं किया गया लेकिन भाजपा इस बार सरकार में आते ही किसानों को उनका हक दिलाकर रहेगी।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा की दिल्ली में सरकार बनने के बाद दिल्ली देहात के गांवों का विकास होगा, सड़कों की बेहतर मरम्मत होगी, किसानों को बिजली सरल तरीके से दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों को ट्रैक्टर की खरीद पर सब्सिडी एवं कृषि यंत्र की खरीद पर विशेष रूप से सब्सिडी का प्रावधान किया जाएगा।

सचदेवा ने कहा कि गांवों की आबादी में हाई टेंशन तारों की समस्या है, जिसका समाधान किया जायेगा। दिल्ली देहात के किसानों को अभी तक केजरीवाल सरकार ने किसान का दर्जा नहीं दिया है, इसलिए भाजपा की सरकार बनते ही पहले किसानों को उनका दर्जा दिया जाएगा और जो अधिकार केजरीवाल सरकार ने उन्हें नहीं दिए हैं, उसे हम सुनिश्चित करेंगे।

विनोद सहरावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर किसान मोर्चा आज से दिल्ली देहात के सभी गांवों में ग्राम चौपाल अभियान की शुरुआत की। इसमें गांवों में ट्रैक्टर पूजा, गौ पूजा और 26 साल तक दिल्ली के किसानों और ग्रामीणों के साथ जो नाइंसाफी की गई है, उसके बारे में घर-घर तक संदेश पहुंचाकर दिल्ली सरकार को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आते ही संकल्प पत्र में दिल्ली देहात और किसानों को लेकर जो भी वायदे किए जाएंगे, उन्हें पूरा करेंगे। गंदे पानी से फसल बर्बाद होती है, उन गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसानों की फसल बर्बाद ना हो। 15 सालों से जो जमीन बंजर पड़ी है, उसको भी हम खेती लायक बनाएंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *