नई दिल्ली, 07 नवंबर: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को चारों तरफ छठ महापर्व की धूम रही। हर तरफ छठ महापर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल दिखा। शाम को व्रतियों ने एक हजार से अधिक स्थानों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री आतिशी भी कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित छठ पूजा के कई कार्यक्रमों में शामिल हुईं और सबको इस महापर्व की शुभकमाएं और बधाई दी। वहीं आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में छठ पूजा के तीसरे दिन अपने विधानसभा क्षेत्र में छठ पूजा की।

इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली में 1000 से ज्यादा जगहों पर छठ पूजा का आयोजन किया है। हमारी सरकार बनने से पहले 200-250 जगहों पर इसका आयोजन होता था। लेकिन जनता की सुविधा के लिए हमने दिल्ली में कई जगहों पर कार्यक्रम का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की तरफ से छठ पूजा को सकुशल संपन्न कराने के लिए इन घाटों पर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए है।

सरकार के मंत्री और विधायकों ने भी कई छठ घाटों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिए और श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने नजफगढ़ स्थित मेगा छठ पूजा घाट पर संध्या सूर्य अर्घ्य में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री आतिशी सबसे पहले बालमुकुंद खंड, गिरी नगर स्थित छठ पूजा घाट गई और श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद सीएम श्रीनिवासपुरी के केटीसी कैम्प गई। यहां भी बड़ी धूमधाम के साथ पूर्वांचल के लोग छठ महापर्व का आयोजन कर रहे थे। यहां भी उन्होंने अपने पूर्वांचली भाई-बहनों और माताओ के साथ मिलकर भगवान सूर्य को अर्ध्य दिया और छठी मैया की पूजा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व की शुभमकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली में आज छठ का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार ने हमेशा पूर्वांचल के हमारे भाइयों-बहनों के लिए पिछले 10 साल से दिल्ली के कोने कोने में शानदार छठ घाट बना रहे हैं ताकि हमारे पूर्वांचली भाइयों-बहनों को कभी ऐसा नहीं लगे कि वो अपने गांव से दूर है। छठ का वो त्यौहार दिल्ली में वो उसी धूम धाम से मना सकें।

वहीं भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने चिराग दिल्ली के पास सतपुला डीडीए पार्क में छठ पूजा की। उन्होंने कहा कि आज मुझे संध्या अर्घ्य देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। सभी को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। छठी मईया का आशीर्वाद आप सभी पर बना रहे, आपका जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे, यही मेरी कामना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली अब बहाने नहीं, बदलाव चाहती है।

सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था: श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यहां पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी यहां तैनात किया गया है। आईटीओ पुल से छठ घाट को जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के द्वारा किसी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जा रहा है, जिससे कि जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं की प्रवेश द्वार पर ही जांच करने के बाद प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर के जरिए भी जांच की जा रही है।

सांसकृतिक कार्यक्रमों का किया गया आयोजन: इसके अलावा छठ पूजा समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। छठ पूजा समिति के मीडिया प्रभारी जगदंबा सिंह ने बताया कि यहां रात भर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। साथ ही भंडारे में प्रसाद वितरण किया जाएगा। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए छठ घाट पर पर्याप्त व्यवस्थाएं दिल्ली सरकार के सहयोग से की गई हैं। इसके अलावा किसी बच्चे के खोने पर यहां छठ पूजा समिति को इसकी सूचना देने पर माइक से उसका नाम घोषित करके उसके परिजनों को सौंपा जाएगा।

मनोज तिवारी ने साधा निशाना: इसके अलावा भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अपने आवास पर ही छठ महापर्व पर अपने परिवार के साथ पूजा की। इस दौरान उनकी पत्नी और मनोज तिवारी ने डूबते हुए सूरज को अर्घ्य दिया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा, यमुना जी हर जगह दूषित नहीं है, बल्कि वजीराबाद के बाद की यमुना जी दूषित है। हरियाणा में तो छठ हो रहा है, तो दिल्ली में छठ रोकने का क्या अभिप्राय है यह सब देखने के बाद मन को बहुत पीड़ा हो रही है छठी मैया अपने भक्तों पर कृपा करें।

एक लाख से अधिक लोगों ने दिया अर्घ्य: उधर गाजियाबाद में भी छठ पूजा का धूमधाम से आयोजन किया गया। यहां के के प्रमुख हिंडन छठ घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों ने भगवान भास्कर को संध्या का अर्घ्य दिया। दोपहर दो बजे से ही हिंडन छठ घाट पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। हिंडन छठ घाट दिल्ली एनसीआर के प्रमुख छठ घाटों में से एक है। पुरबिया जनकल्याण परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राकेश तिवारी के मुताबिक हिंडन छठ घाट पर एक लाख से अधिक लोगों ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया।

हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा: इस दौरान पुरबिया जन कल्याण परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष रीता सिंह ने बताया गाजियाबाद में हिंडन छठ घाट समेत कुल 77 घाटों पर छठ महापर्व मनाने के लिए प्रशासन के सहयोग से व्यवस्था की गई थी। गाजियाबाद के करहेडा, हिंडन नदी, गोल पार्क, जनकपुरी, डीएलएफ, कोयल इन्कलेव, विवेकानंद नगर, बलरामपुर, खोड़ा, वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम, झंडापुर और बृजविहार समेत आदि क्षेत्रों के घाटों पर छठ व्रतियों ने अर्घ्य दिया। वहीं इस वर्ष भी जनरल वी.के. सिंह की सुपुत्री मृणालिनी सिंह द्वारा गाजियाबाद में अनेकों छठ घाटों पर हेलीकॉप्टर से छठ व्रतियों पर पुष्प वर्षा की गई।

वैदिक त्योहारों में से एक: इस अवसर पर मृणालिनी सिंह ने कहा कि छठ पूजा को सनातन धर्म के सबसे पुराने वैदिक त्योहारों में से एक माना जाता है, जो विशेष रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में मनाया जाता है। सनातन धर्म में छठ पूजा के महत्व से संपूर्ण देश भली-भांति परिचित है। हम इसी प्रकार हमेशा पूर्वांचली साथियों के साथ इस महापर्व में शामिल होकर मनाएंगे और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करते रहेंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *