नई दिल्ली, 15 दिसंबर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। फरीदाबाद इलाके में एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया।
दूसरी ओर एक्सप्रेसवे के एक अन्य हिस्से में भी एक बड़ा हादसा हुआ, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि वहां हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। हादसों के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर गति सीमा का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।