नई दिल्ली, 14 सितंबर : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजधानी में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए एक अक्टूबर को शीतकालीन कार्ययोजना की घोषणा करेंगे। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राय ने 28 विभागों के साथ एक बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली में 13 ‘हॉटस्पॉट’ (प्रदूषण से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र) की पहचान की गई है और उनके लिए एक विशेष योजना बनाई जाएगी।

राय ने कहा, ”हमने आज (बृहस्पतिवार) 28 विभागों के साथ एक बैठक की और सभी को 25 सितंबर तक अपनी शीतकालीन कार्य योजना देने का निर्देश दिया गया है। 13 ‘हॉटस्पॉट’ की पहचाई की गई है और उनके लिए एक विशेष योजना बनाई जाएगी।”

उन्होंने कहा कि 13 ‘हॉटस्पॉट’ के लिए 13 टीमें गठित की गई हैं और 15 बिंदुओं को सूचीबद्ध किया गया है, जिस पर सरकार काम करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, उनमें हॉटस्पॉट, पराली जलाने से होने वाला प्रदूषण, वाहनों से होने वाला प्रदूषण, खुले में कूड़ा जलाना, औद्योगिक प्रदूषण, पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध, पौधे लगाना, शहरी कृषि, जन जागरूकता, केंद्र व पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क स्थापित करना, चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (जीआरएपी) को लागू करना शामिल है।”

सर्दियों के दौरान प्रदूषण के उच्च स्तर की आशंका को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उनके उपयोग पर व्यापक प्रतिबंध की घोषणा की थी।

राय ने पहले कहा था कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी (डीपीसीसी) ने 2021 और 2022 में पटाखों पर पूर्ण प्रतबिंध लगाया था और इस साल भी ये प्रतिबंध लागू रहेंगे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *