नई दिल्ली, 28 जनवरी: कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज नई दिल्ली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर जाकर दर्शन किया और देश की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

महर्षि वाल्मीकि मंदिर में दर्शन करने के उपरांत राहुल गांधी ने निकटवर्ती बस्ती में नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। दरअसल, दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार में निजीकरण और संविदा नियुक्ति की नीति ने कई लोगों को बेरोजगार कर दिया है और हजारों लोगों को उचित वेतन नहीं मिल पा रहा है। इस दौरान राहुल गांधी ने उनके साथ बातचीत में कहा कि निजीकरण और संविदा नियुक्तियां वंचितों के अधिकार छीनने के हथियार हैं। इसे नियंत्रित कर लोगों को उनके अधिकार दिलाना हमारा लक्ष्य है।

दरअसल, दिल्ली विधानसभा का चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। सभी राजनीतिक दल प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस कड़ी में आज राहुल गांधी कांग्रेस के नई दिल्ली के उम्मीदवार संदीप दीक्षित, अनिल चौधरी (पटपड़गंज) और अरीबा खान (ओखला) के लिए प्रचार करेंगे। आज महर्षि वाल्मीकि मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने दलित बहुल इलाके की महिलाओं से बातचीत की।

संदीप दीक्षित के प्रचार अभियान में राहुल गांधी का इस तरह से शामिल होना जमीन के लोगों से जुड़ने के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी इससे पहले भी पार्टी उम्मीदवार संदीप दीक्षित के समर्थन में पदयात्रा कर चुके हैं। आज वाल्मीकि मंदिर में पूजा अर्चना करना और यहां की महिलाओं के साथ उनकी बातचीत को दलित समुदाय के अधिकारों और चुनौतियों के बारे में जागरुकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

पिछले महीने बेलगावी (कर्नाटक) में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक और इस महीने वहां हुई रैली में भी बाबा साहेब आंबेडकर और दलितों के मुद्दे को कांग्रेस ने प्रमुखता से उठाया था। बाबा साहेब की जन्म स्थली महू में भी कल कांग्रेस ने एक रैली की थी, जिसमें बाबा साहेब आंबेडकर और दलितोत्थान के मुद्दों को धार देने का पुरजोर प्रयास किया।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *