नई दिल्ली, 19 अप्रैल : आम आदमी पार्टी का दावा है कि तिहाड़ जेल प्रशासन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन मुहैया नहीं करा रही है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि न्यायिक हिरासत के दौरान ‘मैंने कोर्ट में पेशी के समय कहा था कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश चल रही है। उस समय मेरे बयान पर आपत्ति की गई थी। भाजपा की कार्यपद्धति और भाजपा के नेता जिस तरह से काम करते हैं, वो किसी की जान लेने की हद तक अपने षड़यंत्र को रचते हैं।

संजय सिंह ने कहा कि ईडी, एलजी ऑफिस और जेल के अधिकारी मिलकर अरविंद केजरीवाल के बारे में षड़यंत्र पूर्ण गहरी साजिश के तहत मीडिया में भ्रामक व झूठी खबरें फैलाते हैं। जेल के नियमों के मुताबिक, किसी भी कैदी के बारे में उसके स्वास्थ्य और खानपान से संबंधित कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती है। ईडी ने गुरुवार को किस आधार पर अरविंद केजरीवाल के झूठे डाइट चार्ज को मीडिया में प्रचारित करवाया। इसके पीछे क्या साजिश है? क्या जेल प्रशासन से मिलकर ईडी केजरीवाल को किसी बहाने जहर देकर मारने की साजिश कर रहे हैं। क्योंकि ईडी ने जो कल मीडिया में प्रचारित किया, वो पूरी तरह से झूठ था।

संजय सिंह ने कहा कि पिछले 30 सालों से अरविंद केजरीवाल सुगर के मरीज हैं और इंसुलिन लेते हैं। किसी भी सुगर के मरीज के लिए इंसुलिन बहुत महत्वपूर्ण दवा होती है। अगर समय पर उसे इंसुलिन न दी जाए तो उसकी जान जा सकती है। भाजपा के इशारे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि हम जल्द ही भारत के राष्ट्रपति और चुनाव आयोग से अरविंद केजरीवाल की जिंदगी के साथ हो रहे खिलवाड़ की शिकायत करेंगे। हमारे नेता को बदनाम करने और उनकी जिंदगी से खिलवाड़ करने की साजिश में शामिल जेल प्रशासन, एलजी ऑफिस और ईडी के अधिकारियों के निलंबन की मांग करेंगे। ये लोग मजाक बना रखा है, तभी केजरीवाल को इंसुलिन की दवा न देकर उनकी जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और उनका मजाक उड़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल की सुगर 320 थी। इसी तरह, 13 अप्रैल को 270, अप्रैल को 300, 15 अप्रैल को 300, 16 अपैल को 250 और 17 अप्रैल को 280 थी। सुगर की हमेशा मॉनिटरिंग के लिए कोर्ट से अनुमति है। अरविंद केजरीवाल किसी भी समय अपनी सुगर चेज कर सकते हैं। इसके बाद भी जेल प्रशासन इंसुलिन क्यों नहीं दे रहा है। यह अपराधिक कृत्य है। प्रधानमंत्री और उनके कारिंदों की अरविंद केजरीवाल की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने की एक गहरी साजिश है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *