Highlights

नई दिल्ली, 24 अगस्त: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत ज़मीनी स्तर का संगठन है और यही सत्ता तक पहुंचने का रास्ता भी बनाता है। उन्होंने जिला अध्यक्षों को कांग्रेस की रीढ़ बताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करना होगा।

रविवार को पार्टी के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में हरियाणा और मध्यप्रदेश के नव नियुक्त जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए श्री खरगे ने कहा कि जिला संगठन चुनावी सफलता का आधार है। राज्य की विधानसभाओं से लेकर लोकसभा चुनाव तक जीत सुनिश्चित करने में जिलाध्यक्षों की भूमिका अहम रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन अपनी मजबूत जमीनी पकड़ के कारण ही किया, लेकिन बाद में संगठन को नज़रअंदाज़ करने से कमजोरियां पैदा हुईं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ कहा कि “हम बिना संगठन को मज़बूत किए सत्ता में वापसी नहीं कर सकते।” उन्होंने गुटबाजी को पार्टी की सबसे बड़ी कमजोरी बताया और कहा कि जब कांग्रेस संगठित रहती है तभी चुनाव जीतती है। उन्होंने जिलाध्यक्षों को नसीहत दी कि जब वे ब्लॉक, मंडल और बूथ कमेटियां बनाएं तो उसमें मेहनती और पार्टी की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं को ही शामिल करें। ऐसे लोग चाहिए, जिन्हें कोई प्रलोभन या लालच भी उनकी निष्ठा को डिगा न सके।

श्री खरगे ने बताया कि वर्ष 2025 को कांग्रेस ने “संगठन सृजन वर्ष” घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्षों को चाहिए कि वे लगातार जनता के बीच रहें, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएं और उनके सुख-दुख में साथ खड़े हों। यही कांग्रेस को जमीनी स्तर पर ताक़त देगा।

बैठक में हरियाणा और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों के जिलाध्यक्ष मौजूद थे। खास बात यह रही कि एमपी के 71 जिलाध्यक्षों को संगठन प्रबंधन के टिप्स देने के लिए राहुल गांधी ने भी आमंत्रित किया। बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केवल आठ सीटों से चूकी थी। यदि हमें 22,779 वोट और मिलते तो आज हरियाणा में कांग्रेस की सरकार होती। वहीं, मध्यप्रदेश में भी वोट चोरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 2023 में लगभग 27 सीटों पर धांधली हुई। “सिर्फ दो महीने में 16 लाख वोट कैसे बढ़ गए, यह चुनाव आयोग को बताना चाहिए,” उन्होंने सवाल उठाया।

उन्होंने जिलाध्यक्षों को चेतावनी दी कि बीजेपी अब वोट चोरी के साथ सत्ता चोरी में भी लगी है। इसलिए हर स्तर पर सतर्क रहना ज़रूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि वोटर लिस्ट की गहन जांच लगातार होती रहनी चाहिए ताकि यदि बीजेपी या बीएलओ कार्यकर्ताओं के नाम काटें तो समय रहते उसका विरोध किया जा सके।

खरगे ने कहा कि हमें जनता को बताना होगा कि सर्वजन मताधिकार कांग्रेस की ही देन है और युवाओं को 18 साल की उम्र में मतदान का अधिकार राजीव गांधी ने ही दिया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी वर्तमान में “वोटर अधिकार यात्रा” निकाल रहे हैं और लाखों लोग उनसे जुड़ रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा, “हमें किसी भी तरह की गुटबाजी को पनपने नहीं देना है। जब कांग्रेस संगठित रहती है, तब चुनावी जीत सुनिश्चित होती है।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *