नई दिल्ली, 08 मई: आम आदमी पार्टी ने 13 से 23 मई तक विशेष चुनावी अभियान का ऐलान किया है। बुधवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि हम जेल का जवाब वोट से अभियान के तहत विशेष अभियान चलाएंगे, जिसमें जनता से सीधा संवाद किया जाएगा।

अभियान के तहत महिला संवाद, ग्रामीण पंचायत, ट्रेड टाउन हॉल और पूर्वांचल समागम का आयोजन किया जाएगा। गोपाल राय ने कहा कि नई दिल्ली से महिला संवाद, पश्चिमी दिल्ली से ग्रामीण पंचायत, पूर्वी दिल्ली से ट्रेड टाउन हॉल और दक्षिणी दिल्ली से पूर्वांचल समागम की शुरुआत की जाएगी। इन कार्यक्रमों की शुरुआत भले ही एक संसदीय क्षेत्र से हो रही है, लेकिन सभी में इनका आयोजन किया जाएगा।

पार्टी के पदाधिकारी, प्रत्याशी और कार्यकर्ता सीधे जनता से संवाद करेंगे। सरकार द्वारा कराए गए कामों को जनता के बीच गिनाएंगे। इसके साथ ही, जनता प्रत्याशी से क्या चाहती है, उस पर भी जनता के सुझावों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेजे जाने के बाद जनता में काफी रोष है। जनता देख रही है कि किस तरह से विपक्ष को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।

इसलिए हमने मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के बाद से लगातार अभियान चलाया है, जिसमें जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है। अभी तक अभियान के तीन चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जो आगे भी जारी रहेंगे, लेकिन 13 मई से वर्ग विशेष को ध्यान में रखकर चार तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्योंकि हमारी सरकार ने दिल्ली में सरकार बनने के बाद से लगातार हर वर्ग के लिए काम किया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *