छपरा। बीती रात गरखा प्रखंड अंतर्गत रघुपुर गांव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से स्थिति को समय रहते पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा एहतियातन पुलिस गांव में कैंप कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या दोबारा तनाव की स्थिति को रोका जा सके।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में हालात पूरी तरह शांतिपूर्ण और सामान्य हैं। आम जनजीवन पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखें।

प्रशासन ने यह भी दोहराया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

गांव और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *