महू (मप्र), 27 जनवरी: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्या गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर होती है। उन्होंने कहा, ‘ये लोग जाकर हजारों रुपए खर्च करके कांप्टीशन पर डुबकियां मार रहे हैं।’

श्री खड़गे ने मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू में “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” रैली को संबोधित किया। बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आयोजित इस रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। श्री गांधी ने भी अपने संबोधन में भाजपा नेताओं की नीतियों की आलोचना की।

श्री खड़गे ने अपने संबोधन के दौरान प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में भाजपा नेताओं के डुबकी लगाने के परिप्रेक्ष्य में कहा, “अरे भाई गंगा में डुबकी लेने से गरीबी दूर होती क्या। आपको, खाना मिलता पेट को। मैं किसी की आस्था के ऊपर दोष नहीं लगाना चाहता हूं। अगर किसी को दुख हुआ, तो मैं माफी चाहता हूं। लेकिन आप बताइए, अरे जब बच्चा भूखा मर रहा है, बच्चा स्कूल में नहीं जा रहा है, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही है, जब ये है तो ये लोग जाकर हजारों रुपए खर्च करके ‘कांप्टीशन’ पर डुबकियां मार रहे हैं, कांप्टीशन पर एक डुबकी मारता और जब तक टीवी पर अच्छा नहीं आता, तब तक डुबकियां मारते रहते हैं।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन में डॉ अंबेडकर का स्मरण किया और कहा कि उन्होंने अकेले सारे देश में अछूत लोगों को, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों को उनके हक दिलाने की पूरी कोशिश की थी। जब एक व्यक्ति अकेले ये कर सकता है तो आप सभी मिलकर क्यों नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि अगर सभी अंबेडकर जैसे बन गए, तो केंद्र में भाजपा की सरकार हिल जाएगी और उनका अता पता भी नहीं लगेगा। इसके लिए ही श्री राहुल गांधी लड़ रहे हैं।

श्री खड़गे ने सभी से संविधान की रक्षा करने के लिए भी आह्वान किया और आरोप लगाया कि ‘भाजपा और आरएसएस’ के लोग इस संविधान को समाप्त करना चाहते हैं। ये लोग देश को उस हालात में ले जाना चाहते हैं, जैसा देश आजादी के पहले था। उस समय गरीबों की कोई सुनवायी नहीं होती थी। संविधान समाप्त होने के बाद भी ऐसा ही होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने श्री गांधी के देश में जाति के आधार पर जनगणना कराने की बात को आज फिर न्यायसंगत बताया और कहा कि इसके लिए ही श्री गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *