नई दिल्ली, 18 नवंबर : राष्ट्रीय राजधानी में खराब मौसम के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर 11 विमानों का सोमवार को मार्ग परिवर्तित किया जबकि कई विमानों का देरी से आवागमन हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण दृश्यता कम हुई जिसके चलते विमान परिचालन पर इसका असर पड़ा।

एयरलाइन ‘स्पाइसजेट’ और ‘इंडिगो’ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से यात्रियों को सूचित किया कि प्रदूषण के उच्च स्तर से जूझ रही राष्ट्रीय राजधानी में खराब दृश्यता की स्थिति के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। अधिकारी ने बताया कि 11 विमानों में से 10 को जयपुर और एक को देहरादून की ओर मोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ विमान चालकों को ‘सीएटी-3’ परिचालन के लिए प्रशिक्षण नहीं मिला था, जिसके कारण उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा।

‘सीएटी-3’ से प्रशिक्षित विमान चालकों को बहुत कम दृश्यता की स्थिति में विमान उड़ाने या उतारने की अनुमति होती है।

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने ‘एक्स’ पर सोमवार को तड़के एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता है। वर्तमान में सभी उड़ानों का संचालन सामान्य है।’’

डीआईएएल, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करता है। यहां से प्रतिदिन लगभग 1,400 विमानों की आवाजाही होती है। इसने यात्रियों को उड़ान संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन्स से संपर्क करने की भी सलाह दी।

‘स्पाइसजेट’ ने सोमवार तड़के ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में खराब दृश्यता के कारण प्रस्थान/आगमन करने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। ‘इंडिगो’ ने रविवार देर रात एक पोस्ट में कहा, ‘‘धुंध के कारण दिल्ली में दृश्यता प्रभावित हो रही है जिसके कारण यातायात की रफ्तार धीमी हो सकती है और विमानों के परिचालन में देरी हो सकती है।’’

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *