नई दिल्ली, 27 मार्च : दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से आम आदमी पार्टी का लगातार विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच पार्टी की लीगल सेल की टीम ने बुधवार को दिल्ली के अलग-अलग जगहों और कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया है। ईडी ने आबकारी नीति मामले में केजरीवाल को गिरफ्तार किया है, जो 28 मार्च तक जांच एजेंसी की हिरासत में है।

आप के लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट संजीव नासियार के नेतृत्व में देश की राजधानी दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट, साकेत कोर्ट, रोहिणी कोर्ट समेत दिल्ली की तमाम जिला अदालत में भी बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया है। नासियार ने पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में वकील दोपहर में आज दिल्ली के सभी जिला अदालतों में इकट्ठा हुए है। नासियार दिल्ली बार काउंसिल के उपाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि यह केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है। उससे पता चलता है कि उनके खिलाफ साजिश रची गई है।

संजीव नासियार ने कहा कि आज देश की जनता को पता है अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी गलत है। आज देश के सभी वकील खास तौर पर दिल्ली के सभी अधिवक्ता अलग-अलग जिला अदालतों, कोर्ट में एकजुट होकर उनकी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। जब देश के अंदर कोरोना महामारी चल रही थी तब वकीलों के साथ कोई सरकार नहीं खड़ी थी सिर्फ और सिर्फ दिल्ली सरकार खड़ी थी। वकीलों को हर तरह से दिल्ली सरकार ने मदद की थी। जब आज वह मुसीबत में है तो दिल्ली के सभी वकील उनके साथ खड़े हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *