नई दिल्ली, 07 मई: कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद बुधवार को पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति की अनौपचारिक आपात बैठक बुलाई जिसमें पहलगाम हमले के जवाब में सशस्त्र बलों की कार्रवाई का एकजुटता से और एक स्वर में समर्थन किया गया।

कार्य समिति की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस देश के वीर सैनिकों की साहसिक कार्रवाई की सराहना करती है और आतंकवाद के खिलाफ उठाए जा रहे हर कदम में देश के साथ खड़ी है। अचानक और अनौपचारिकरूप से बुलाई गई इस बैठक में दिल्ली में मौजूद पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को शामिल होने का आग्रह किया गया था।

श्री खरगे ने कहा, “देश में जो घटना घटी है और इसको लेकर सरकार जो कदम उठा रही है उस पर आज हमने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई। हम अपने सशस्त्र बलों पर गर्व करते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के आतंकी ठिकानों पर साहसिक और निर्णायक कार्रवाई करते हुए मुहंतोड़ जवाब दिया है। हम अपने जाँबाज़ सैनिकों के साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रभक्ति को सलाम करते हैं।”

उन्होंने कहा,“पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के दिन से ही कांग्रेस ने साफ़ तौर पर सशस्त्र बलों और सरकार के साथ एकजुटता से खड़े होकर सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हर निर्णायक कार्रवाई का समर्थन किया था। पाकिस्तान और पीओके से उत्पन्न होने वाले आतंकवाद के सभी रूपों के विरुद्ध भारत की राष्ट्रीय नीति बहुत स्पष्ट और अडिग है। देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सभी स्तर पर एकजुटता की सर्वाधिक जरूरत है। कांग्रेस देश के वीर जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”

कांग्रेस अध्यृक्ष ने कहा, “इतिहास गवाह है कि हमारे नायकों ने हमेशा राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए, देश की एकता और अखंडता के लिए अपनी शहादत तक दी है। हमारे सैनिकों को देश की एकता, हमारी आजादी और देश की अखंडता के लिए हमारा पूरा समर्थन है। इस मुद्दे पर कोई भेदभाव नहीं है और हम एकजुट होकर देश की रक्षा के लिए अपना समर्थन देते हैं और इंडिया गठबंधन की भी यही राय है। कांग्रेस कार्य समिति में हमारा यही एजेंडा था और सभी ने एकमत से इस मुद्दे का समर्थन किया है।”

श्री गांधी ने कहा,“कार्य समिति की बैठक में इस बारे में चर्चा हुई और एकमत से कार्य समित ने सैन्य कार्रवाई का समर्थन किया है। हम कांग्रेस पार्टी और कार्यसमिति की ओर से सशस्त्र बलों को अपना पूरा समर्थन देते हैं। उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं और ढेर सारा प्यार। हम पूरा समर्थन देते हैं।”

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *