नई दिल्ली, 10 मई : कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए बुधवार को हुए मतदान के एग्जिट पोल के प्रारंभिक अनुमानों में सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखायी गयी है और ऐसे में जनता दल एस की भूमिका महत्वपूर्ण होती दिख रही है।

मतदान के ठीक बाद प्रसारित पांच एजेन्सियों के एग्जिट पोल में किसी भी पार्टी के पक्ष में किसी बड़ी लहर का रूझान नहीं दिखा है और जहां दो एग्जिट पोल में भाजपा को कामचलाऊ बहुमत के करीब दिखाया गया है वहीं एक में कांग्रेस बहुमत का आंकड़ा पार करती दिख रही है। इन सर्वेक्षणों में भाजपा को 79 से 117 के बीच, कांग्रेस को 86 से 118 और जनता दल एस को 14 से 33 के बीच सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

न्यूज नेशन-सीजीएस ने भाजपा को 114, कांग्रेस तथा सहयोगी दलों को 86 और जद एस को 21 तथा अन्य को तीन सीटें दी हैं। रिपब्लिक टी वी- पी मार्क के सर्वे में भाजपा को 85 से 100, कांग्रेस को 94 से 108, जद एस को 24 से 32 तथा अन्य को 2 से 6 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। सुर्वण न्यूज- जन की बात के पोल में भाजपा को 94 से 117, कांग्रेस को 91 से 106, जद एस को 14 से 24 और अन्य को 0 से 2 सीटों पर सफल होते दिखा गया है। टीवी 9 भारत वर्ष- पोल स्ट्रेट का अनुमान है कि भाजपा को 88 से 98, कांग्रेस को 99 से 109, जद एस 21 से 26 और अन्य 0 से 4 सीट पा सकते हैं। जी न्यूज-मेट्रिज एजेन्सी के सर्वे में भाजपा को 79 से 94, कांग्रेस 103 से 118, जद एस 25 से 35 सीटों पर अन्य 2 से 5 सीटों पर विजयी होते दिख रहे हैं।

कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने अलग अलग बयानों में अपनी अपनी पार्टियों की बड़ी जीत का दावा किया है। मतगणना 13 मई को होगी। अंतिम समाचार मिलने तक करीब 66 प्रतिशत मतदाताओं के अपने अधिकार का इस्तेमाल करने की रिपोर्ट है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *