Highlights

नई दिल्ली, 2 जून: ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम को बड़ा ट्रेन हादसा हो गया. यहां बहनागा स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841) और मालगाड़ी आपस में टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरी से उतरी. ट्रेन के कई डिब्बे मालगाड़ी पर चढ़ गए.

जानकारी के मुताबिक कोरोमंडल की 12 बोगियां पटरी से उतर गई हैं. हादसे में 50 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है. वहीं लगभग 200 से ज्यादा लोगों के जख्मी होने सूचना सामने आई है. हादसा शाम करीब 6:51 बजे हुआ. वहीं कई यात्रियों के ट्रेन के पलटे डिब्बों में फंसे होने की बात सामने आ रही है. फिलहाल इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है.  विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने जानकारी दी कि हादसे वाली जगह पर तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंच गई हैं.

वहीं बालासोर कलेक्टर को भी सभी जरूरी व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को भी सूचना दे दी गई है. इसके अलावा ट्रैक को खाली कराने का भी काम शुरू कर दिया गया है. डीजीपी फायर सर्विसेज डॉ. सुधांशु सारंगी भी दुर्घटनास्थल के लिए मुख्यालय से रवाना हो चुके हैं.

वहीं राज्य सरकार बचाव कार्यों के लिए मौके पर जनरेटर और रोशनी की व्यवस्था कर रही है. मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री प्रमिला मल्लिक और विशेष राहत आयुक्त को दुर्घटनास्थल पर तत्काल पहुंचने का निर्देश दिया.

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *