मुंबई, 28 जून: एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का शुक्रवार रात कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। 42 साल की उम्र में उनके अचानक निधन से टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। शेफाली के साथ काम कर चुकी को-एक्टर दीपशिखा ने बताया कि वह शानदार शख्सियत थीं।

शेफाली को ‘बिग बॉस 13’ और ‘नच बलिए’ जैसे रियलिटी शोज में उनकी मौजूदगी के लिए जाना जाता था। दीपशिखा नागपाल ने शेफाली के साथ अपनी यादें साझा कीं।

दीपशिखा ने बताया, “मैंने शेफाली के साथ ‘नच बलिए’ में काम किया था। हम बहुत करीबी दोस्त तो नहीं थे, लेकिन वह हर गणपति उत्सव में हमें बुलाती थीं। हाल ही में कुछ पार्टियों में उनसे मुलाकात हुई। वह बहुत ही प्यारी और जिंदादिल इंसान थीं, वह विनम्र इंसान थीं।”

दीपशिखा ने शेफाली और पराग के रिश्ते के बारे में बताया, “शेफाली और पराग एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। वे एक आदर्श जोड़ी थे, जिन्हें लोग प्रेरणा मानते थे। उनकी मौत की खबर ने मुझे झकझोर कर रख दिया। मेरे मन में कई सवाल हैं, ऐसा क्यों हुआ? पराग इस दुख को कैसे सहेंगे? मैं प्रार्थना करती हूं कि ईश्वर उन्हें और उनके परिवार को हिम्मत दे।”

शेफाली के निधन पर इंडस्ट्री के कई सितारों ने दुख जताया। मीका सिंह, रश्मि देसाई, दिव्यांका त्रिपाठी, अली गोनी, हिमांशी खुराना, किश्वर मर्चेंट, काम्या पंजाबी के साथ ही कीकू शारदा समेत अन्य सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया।

शेफाली ने अपने करियर में कई टीवी शोज और म्यूजिक वीडियोज में काम किया था। ‘नच बलिए’ में पराग के साथ उनकी जोड़ी को खूब पसंद किया गया।

शेफाली हिट गाने ‘कांटा लगा’ और ‘बिग बॉस 13’ में अपनी उपस्थिति के लिए जानी जाती थीं। एक्ट्रेस ने करियर की शुरुआत ‘कांटा लगा’ गाने से की थी, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया।

इसके बाद उन्होंने ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘शैतानी रस्में’, ‘रात्रि के यति’ और ‘हुडुगारु’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘बिग बॉस 13’ में उनकी मौजूदगी भी सुर्खियों में रही थी।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *