बालाघाट, 09 अप्रैल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बार फिर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार भ्रष्टाचार के रास्ते लगातार बंद कर रही है और अगले पांच सालों में तिजोरियों से भ्रष्टाचार का पैसा निकालने का काम और तेजी से होगा।

श्री मोदी मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल बालाघाट में बालाघाट और मंडला लोकसभा पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी मंच पर उपस्थित रहे।

उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में चार पांच महीने पहले विधानसभा चुनाव में ही सभी ने मिलकर कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया। लोकसभा में कांग्रेस के लोग भाजपा से नहीं, एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। साल 2024 का ये चुनाव 21वीं सदी के भारत का अहम चुनाव है। ये नए भारत के निर्माण का मिशन है।

उन्होंने कहा कि असंभव से दिखने वाले फैसले जब भारत लेता है तो सबको लगता है कि हमारे देश का सम्मान बढ़ा है। कभी कांग्रेस सरकार अपनी शिकायतें लेकर दूसरे देशों के पास जाती रहती थीं, पर आज वक्त बदल गया है, दुनिया के देश अब अपने मुद्दों पर बात करने के लिए भारत आते हैं।

श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच ने देश को पिछड़ेपन की ओर धकेल दिया। अब की सरकार देश के हर गांव को प्राथमिकता दे रही हे। भाजपा सरकार मध्यप्रदेश का कायाकल्प कर रही है।

केंद्र सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि अभी तो ये ट्रेलर है, बहुत कुछ करना बाकी है और देश को बहुत आगे ले जाना है। मोदी ‘मौज करने’ के लिए पैदा नहीं हुआ।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकारें वंचितों को वरीयता दे रही है। कांग्रेस ने आदिवासियों को जल जंगल जमीन के अधिकार से वंचित रखा था, लेकिन आज एक करोड़ से ज्यादा लोग पेसा का लाभ ले रहे हैं।

इसी क्रम में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में युवा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सरकार गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस अब भी पुरानी मनसिकता में जकड़ी है। भाजपा जब पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति की ओर बढ़ी तो कांग्रेस ने उन्हें हराने के लिए पूरी ताकत लगा दी। कांग्रेस आजादी का श्रेय किसी आदिवासी को नहीं, अपने शाही परिवार को देना चाहती है।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस गठबंधन ने देश के खिलाफ बिगुल फूंका है। एक दूसरे से झगड़ते हैं, पर कहते हैं कि मोदी को रेाकने के लिए साथ आए हैं। इस गठबंधन को मोदी को नहीं, देश के विकास को रोकना है, इसलिए ये लोग मोदी को गाली और धमकी दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो तिजोरी भरने राजनीति में आए हैं, वो मोदी को धमकी ना दें, मोदी ‘महाकाल भक्त’ है। मोदी या तो जनता के सामने झुकता है या महाकाल के सामने। मोदी ने महाकाल से देश सेवा के लिए अपमान बर्दाश्त करना और देशविरोधी ताकतों को अंजाम तक पहुंचाना सीखा है। मोदी गीदड़भभकियों से डरने वाला नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया गठबंधन वाले देशसेवा की बात करने पर मजाक उड़ाते हैं। श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा पर भी मोदी को गाली देते हैं। ये लोग सनातन धर्म को नष्ट करने की सौगंध खाकर चुनाव में उतरे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की उनसे (श्री मोदी से) एक और दुश्मनी है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के रास्ते बंद कर रही है। जिन्होंने पैसा लूटा है, उन पर कानून का फंदा कस रहा है। परिवारवादी पार्टियों के पास से करोड़ों रुपए बरामद हो रहे हैं, पर कांग्रेस और गठबंधन के लोग बिना शर्म के भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई रोकने के लिए रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे भ्रष्टाचार हटाने की बात कर रहे हैं और विपक्षी दल भ्रष्टाचारियों को बचाने की। उनकी यही दुश्मनी है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का पैसा जिस तिजोरी में गया है, उसे वे बाहर निकाल कर रहेंगे और अगले पांच साल ये काम और तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि तीसरे कार्यकाल में देश बड़े और ऐतिहासिक फैसले लेगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *