नई दिल्ली, 23 जनवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। यमुना का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में गंगा अविरल व निर्मल है। लेकिन यमुना का दिल्ली में बुरा हाल है। मैंने अपने मंत्रियों के साथ महाकुंभ के दौरान गंगा में डूबकी लगाई, यदि हिम्मत है तो केजरीवाल भी अपने मंत्रियों के साथ इस चुनाव में यमुना जी में डूबकी लगाकर दिखाएं।

उन्होंने कहा कि एक ओर हजारों वर्षों के शानदार अतीत वाली वैभवशाली दिल्ली है जो आज बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। जिस दिल्ली को विकास के नए प्रतिमान स्थापित करने चाहिए, वह आज बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश है, जहां आज एक भारत श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं। यह सुविधा संपन्न राज्य है। नए भारत की यात्रा में मोदी के विजन को साकार कर रहा है। आलम यह है कि आज दिल्ली के लोग निवास व निवेश दोनों के लिए नोएडा का रूख कर रहे हैं।

बुलडोजर भेजकर जमीन को कराया कब्जा मुक्त: योगी

अपने पूरे संबोधन में योगी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि जामिया मिल्लिया के पास उत्तर प्रदेश सरकार की जमीन पर वहां के नेताओं ने अवैध रूप से बांग्लादेशी घुसपैठियों व रोहिंग्याओं को बसाया। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के हमारे अनुरोध की अनसुनी की। अंत में हमलोगों ने बुल्डोजर चलाकर जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। आज दिल्ली सरकार यह समझ ले कि दिल्ली के लोगों की सुविधाओं के लिए जमीन हम देने को तैयार हैं, लेकिन विदेशियों के लिए हमारी एक इंच भूमि भी हम किसी को नहीं लेने देंगे।

दोहरी नीति नहीं चलेगी: योगी

पुजारियों को मानदेय देने से जुड़े आम आदमी पार्टी की घोषणा को आड़े हाथों लेते हुए केजरीवाल पर सीधा प्रहार करते हुए योगी ने कहा कि आप मौलवियों को पहले से मानदेय देने की बात करते थे, वह देने में आप आज विफल हैं तो ध्यान भटकाने के लिए पुजारियों का नाम लिया। लेकिन आप बौद्ध भंते जो उसी श्रेणी में आते थे, उनका नाम नहीं लिया। वाल्मिकी मंदिर के पुजारी भी उसी श्रेणी में आते थे, आपने उनका नाम नहीं लिया। रविदास की परंपरा से जुड़े मंदिरों के पुजारी का नाम नहीं लिया। यह दोहरी नीति नहीं चलेगी।

सड़कों की दुर्दशा पर कसा तंज

दिल्ली में सड़कों की दुर्दशा पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि आज यहां पिछले एक दशक में यहां पर आम आदमी पार्टी की केजरीवाल के नेतृत्व की सरकार ने नारकीय बना दिया है। नर्क बना दिया है। गाजियाबाद से रोड से दिल्ली में प्रवेश करने पर देखा तो हाइवे को छोड़कर सड़क पर मेरा वास्ता गड्ढों पर पड़ा। सड़क पर बहते हुए सीवर से पड़ा। गंदगी के ढेर से हुआ। बदबूदार सड़कों से हुआ। तंगहाल गलियों का सामना करते यहां पहुंचा। अन्यथा एक घंटे पहले यहां पहुंच चुका होता। यहां सड़क में गड्ढा है या गढ्ढे में सड़क है, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। जहां तक देखा गंदगी है।

आप ने बुनियादी सुविधाओं से रखा वंचित: योगी

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की तुलना उत्तर प्रदेश से कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी उत्तर प्रदेश सुरक्षित राज्य है। दंगा मुक्त राज्य है। सुविधा संपन्न राज्य है। यहां की छवि बदल चुकी है। आज वह नए भारत की यात्रा में मोदी के विजन को साकार कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश देश की बड़ी आर्थिक शिक्त के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि मैं यही अपील करने आया हूं कि बुनियादी सुविधा देखना हो, तो एनसीआर से जुड़े गाजियाबाद, नोएडा को दखे लें। ओखला दिल्ली में है लेकिन यहां निवेश नहीं हुआ। लेकिन न्यू ओखला में देखें तो देश में निवेश के लिए सबसे अच्छी जगहों में यह शुमार है। लोग अब दिल्ली में नहीं रहना चाहते है। क्यों कि आप ने बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *