बक्सर, 08 जनवरी: बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को सत्ताधारी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हम लोग गांधी मैदान में नियुक्ति पत्र बांटते थे। लोगों के चेहरों पर खुशी होती थी। परिवार के लोगों में खुशी होती थी। आज उसी गांधी मैदान में लाठीचार्ज हो रहा है। लोगों की आंखों में आंसू हैं, सिर फटा है, अस्पताल में भर्ती हैं, मुकदमा झेल रहे हैं।

‘कार्यकर्ता दर्शन और संवाद दौरा’ के क्रम में बक्सर पहुंचे तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि हमारी सरकार में कभी भी पेपर लीक नहीं हुआ, हमारी सरकार हटने के बाद ही ऐसा हो रहा है। मैट्रिक परीक्षा से लेकर बीपीएससी की परीक्षा तक पेपर लीक हो रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने महागठबंधन की सरकार में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के राज में शिक्षक समान काम समान वेतन की मांग कर रहे थे तो डंडा खा रहे थे। उनको हमने राज्य कर्मी का दर्जा दिया। सरकार को पता नहीं था कि आईटी पॉलिसी होती है? यह सब हमने शुरू कराया और स्पोर्ट्स के तहत हमने नौकरी दी। अब लोगों को पता चला पढ़ाई के साथ खेल भी बिहार में जरूरी है।

राजद नेता ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो ‘माई बहिन मान योजना’ के तहत महिलाओं को सम्मान दिया जाएगा। 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। वृद्धा पेंशन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। आज मुख्यमंत्री को हाईजैक कर लिया गया है। मुख्यमंत्री मौन हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा पर 2 अरब 25 करोड़ खर्च हो रहा है। यह प्रगति यात्रा नहीं बिहार की दुर्गति यात्रा है।

उन्होंने कहा कि टायर्ड मुख्यमंत्री रिटायर्ड अधिकारियों के जरिए बिहार चला रहे हैं। मुख्यमंत्री यात्रा पर मुख्य सचिव को तो कहीं ले भी जा रहे हैं। लेकिन, पुलिस महानिदेशक को नहीं ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के चेहरे को आगे कर लोग अपनी रोटी सेंक रहे हैं।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *