फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेले के भीतर लगा एक झूला अचानक टूटकर गिर पड़ा। यह दर्दनाक हादसा शाम करीब 6:15 बजे हुआ, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। झूला गिरते ही मेला ग्राउंड में अफरातफरी मच गई और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झूले पर सवार लोग अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल फरीदाबाद के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के दौरान लोगों को बचाने के प्रयास में इंस्पेक्टर रैंक के एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पुलिस विभाग और प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त और पुलिस कमिश्नर सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियातन पुलिस ने पूरे घटनास्थल को बैरिकेट कर दिया है और मेले में सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जा रही है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक अधिकारी के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हादसे की जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। झूले की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों और लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।

इस हादसे ने सूरजकुंड मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मेले में लगे अन्य झूलों और मनोरंजन साधनों की भी जांच शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *