मुंबई, 06 नवंबर: अनुराग कश्यप, मनोज बाजपेयी, ऋचा चड्ढा, हुमा कुरैशी और सोनू निगम सहित सिनेमा जगत की तमात हस्तियों ने लोकप्रिय लोक गायिका शारदा सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शारदा सिन्हा का मंगलवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 72 वर्ष की थीं।

पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा ने मैथिली, भोजपुरी और मगही भाषाओं में ‘‘छठी मैया आई ना दुआरिया’’, ‘‘हो दीनानाथ’’, ‘‘द्वार छेकाई’’ और ‘‘पटना से’’ जैसे प्रमुख गीतों को अपनी आवाज दी, इसके अलावा उन्होंने हिंदी फिल्मों में भी गाने गाए जिनमें ‘‘तार बिजली’’ (गैंग्स ऑफ वासेपुर), ‘‘कहे तो से सजना’’ (मैंने प्यार किया) और ‘‘बाबुल’’ (हम आपके हैं कौन) आदि गीतों को खूब पसंद किया गया।

‘‘वासेपुर’’ के निर्देशक अनुराग कश्यप ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ‘‘तार बिजली’’ गाने के बोल के साथ सिन्हा की तस्वीर साझा की। उन्होंने टूटे हुए दिल वाले इमोजी के साथ कैप्शन में लिखा, ‘‘शारदा सिन्हा।’’

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में सरदार खान की भूमिका निभाने वाले मनोज बाजपेयी ने शारदा सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘भोजपुरी संगीत और गायन को अपनी गायकी से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने वाली महान गायिका शारदा जी को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं! भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’’

‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ में गाना ‘तार बिजली’ फैजल खान (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) और मोहसिना हामिद (हुमा कुरैशी) की शादी से पहले के जश्न का हिस्सा है, जिसमें खान परिवार की मुखिया नगमा खातून (ऋचा चड्ढा) यह गाना गाती हैं।

चड्ढा ने कहा कि सिन्हा की मौत की खबर सुनकर उन्हें सदमा लगा है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा, ‘‘लोकगीत और संगीत की दुनिया शारदा जैसी सहज और दक्ष गायिका को याद रखेगी… हम उनके आभारी हैं। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।’’

‘तार बिजली’ गाने के लेखक वरुण ग्रोवर ने भी शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संदेश में उन्होंने याद किया कि सिन्हा 1989 में आई फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के गीत ‘कहे तो से सजना’ की आवाज के रूप में उनके जैसे गैर-बिहारियों के जीवन में आईं और फिर ताउम्र रहीं।

ग्रोवर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जब हमने लोक संगीत की समझ विकसित की, तब उनका असली कद हमारे सामने आया। यह बहुत सौभाग्य की बात थी कि मुझे उनके साथ एक गीत बनाने का अवसर मिला। चाय, हंसी-मजाक, कहानियों और पान का दौर चलता रहा और गीत बनता रहा।’’

‘वासेपुर’ के संगीत निर्माण के बारे में एक वीडियो में संगीतकार स्नेहा खानवलकर ने सिन्हा की आवाज को ‘‘गहराई तक उतरने वाली’’ बताया। उन्होंने बताया कि सिन्हा से उनकी पहली मुलाकात कैसे हुई।

खानवलकर ने कहा, ‘‘अनुराग ने सुझाव दिया, ‘क्या आप शारदा जी को लेना चाहती हैं?’ तो मैं उनके घर गई और मैंने उन्हें कुछ पंक्तियां गाईं। वह अपना हारमोनियम लेकर आईं और जब उन्होंने वह पंक्तियां गाईं तो मुझे लगा कि यही सर्वश्रेष्ठ है….।’’

पार्श्व गायक सोनू निगम ने भी सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के पर्व पर ‘‘आदरणीय शारदा सिन्हा को खोना बेहद दुखद है।’’

भोजपुरी अभिनेता एवं राजनेता रवि किशन ने कहा कि सिन्हा की आवाज के बिना हर त्योहार सूना है, खासकर छठ का पर्व, और यही वजह है कि ‘‘छठी मैया’’ ने उन्हें इस समय वापस बुला लिया।

भोजपुरी अभिनेता-राजनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने लिखा, ‘‘लोकप्रिय गायिका, बिहार कोकिला, स्वर साम्राज्ञी, पद्म भूषण से सम्मानित आदरणीय शारदा सिन्हा जी का असामयिक निधन बहुत दुखद है। उत्तर प्रदेश और बिहार में छठ पर्व उनके संगीत के बिना अधूरा है।’’

गायिका कविता सेठ ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘मैं इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही हूं। उन्होंने मुझे बहुत प्यार दिया, मैं इसे भूल नहीं सकती। यह अपूरणीय क्षति है, मेरे पास शब्द नहीं है।’’

पूर्व भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘‘छठी मैया और भक्ति संगीत के माध्यम से भोजपुरी की मिठास को देश और दुनिया में फैलाने वाली बड़ी बहन शारदा दीदी का आज दिल्ली एम्स में अंतिम दर्शन हुआ। शारदा दीदी का निधन भोजपुरी जगत और देश के लिए अपूरणीय क्षति है।’’

शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ पटना में किया जाएगा।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *