नई दिल्ली, 08 मार्च: सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी जानकारी को लेकर आंकड़ों की सूची (डाटाबेस) जारी की। यह कदम सहकारी क्षेत्र की दक्षता और प्रभावशीलता में योगदान देगा।

शाह ने ‘डाटाबेस’ शुरू करते हुए कहा कि इससे सहकारी क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि ‘डाटाबेस’ को विकसित करने में लगभग दो साल लग गए और अब कोई भी कंप्यूटर पर माउस के एक क्लिक के साथ सहकारी क्षेत्र के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने कहा कि ‘डाटाबेस’ की पेशकश, सहकारी क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा।

राष्ट्रीय सहकारी ‘डाटाबेस’ एक वेब-आधारित डिजिटल डैशबोर्ड है जिसमें राष्ट्रीय एवं राज्य संघों सहित सहकारी समितियों के आंकड़ों को शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय ‘डाटाबेस’ के तहत देश के विभिन्न क्षेत्रों में फैली 29 करोड़ से अधिक की सामूहिक सदस्यता वाली आठ लाख सहकारी समितियों के बारे में जानकारी एकत्र की गई है।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रीय सहकारी ‘डाटाबेस’ केंद्रीय मंत्रालय, राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों और सहकारी समितियों के बीच कुशल संचार के लिए एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में कार्य करता है। इससे सहकारी क्षेत्र के सभी अंशधारकों को लाभ होता है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *