वृंदावन । निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा कर सक्रिय राजनीति में प्रवेश का संकेत दिया। वृंदावन स्थित श्री हरिदास धाम आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) रखा गया है।

अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी पार्टी की विचारधारा भगवान राम और भगवान कृष्ण के आदर्शों पर आधारित होगी। उन्होंने कहा, “हमारी राजनीति सेवा, मर्यादा और धर्म के मूल्यों पर आधारित होगी। हम भगवान राम की मर्यादा और भगवान कृष्ण की नीति को साथ लेकर जनता के बीच जाएंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि वृंदावन की पावन भूमि से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की नगरी से संकल्प लेना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी आम जनता के अधिकारों की रक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता देगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 26 जनवरी को अनुशासनहीनता के आरोप में अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित कर दिया था। उसी दिन उन्होंने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया था। बाद में उन्हें शामली जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया।

मंडलायुक्त ने उन्हें 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया है। प्रशासनिक कार्रवाई के बीच उनका राजनीति में उतरना कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान उनके समर्थकों में उत्साह देखा गया। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई पार्टी के लिए संगठनात्मक ढांचा तैयार करना और जनाधार बनाना बड़ी चुनौती होगी।

अब देखना होगा कि ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM)’ आगामी चुनावों में किस तरह की रणनीति अपनाती है और प्रदेश की राजनीति में अपनी जगह बनाने में कितनी सफल होती है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *