नई दिल्ली, 13 जुलाई: यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण मेट्रो की ‘ब्लू लाइन’ पर यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश व निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और उसकी गति भी सीमित कर दी गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यमुना में पानी खतरे के निशान को पार कर चुका है और इससे 1978 का सर्वकालिक रिकॉर्ड टूट गया। इससे तटों के पास के निचले इलाकों में बाढ़ आ गई।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने ट्वीट किया, ”यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश व निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्टेशन पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य है।”

दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि यमुना बैंक स्टेशन की ओर आने वाली सड़क पर पहुंच भी अभी संभव नहीं है।

डीएमआरसी ने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर अभी पहुंच संभव नहीं है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर यात्रा करें, वैकल्पिक मार्ग चुनें। (स्टेशन पर) मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध है।”

डीएमआरसी ने बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियाती तौर पर यमुना के चार पुलों को मेट्रो के 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से पार करने की जानकारी भी दी।

डीएमआरसी ने कहा, ‘‘बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियाती तौर पर यमुना के चार पुलों को मेट्रो 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सीमित गति से पार कर रही है। अन्य सभी गलियारों में सेवाएं सामान्य हैं।”

डीएमआरसी के अधिकारियों ने बुधवार को बताया था कि नदी के बढ़ते जल स्तर के बीच वे यमुना पर बने मेट्रो के पुलों पर ”करीबी नजर” बनाए हुए हैं।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर बृहस्पतिवार को सुबह बढ़कर 208.48 मीटर पर पहुंच गया, जिससे आसपास की सड़कें, सार्वजनिक व निजी बुनियादी ढांचे जलमग्न हो गए और नदी के पास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

‘ओल्ड रेलवे ब्रिज’ पर नदी का जलस्तर बुधवार रात 208 मीटर के निशान को पार कर गया था और बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक बढ़कर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार, इसके और बढ़ने की आशंका है। उसने इसे ”भीषण स्थिति” करार दिया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *