Highlights

नई दिल्ली, 18 सितंबर : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में एक बार फिर से वोट चोरी का मुद्दा उठाया है। आज की पीसी की दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाए। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी के मुद्दे पर उन्हें आयोग के अंदर से मदद मिल रही है। दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में राहुल गांधी ने कहा हाइड्रोजन बम अभी बाद में आएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयु्क्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि सीईसी उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि हमें चुनाव आयोग के अंदर से मदद मिलनी शुरू हो गई है। मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि अब हमें चुनाव आयोग के अंदर से जानकारी मिल रही है, और यह रुकने वाला नहीं है। राहुल गांधी ने अपनी पीसी के दौरान कहा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वाले लोगों को बचाना बंद करना चाहिए। आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के राजुरा में 6815 टारगेट मतदाताओं के नाम जोड़े गए। अलंद में हमने हटाए गए मतदाता पकड़े, राजुरा में भी जोड़े गए, लेकिन मूल विचार वही है। यही व्यवस्था ऐसा कर रही है। यह कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में भी ऐसा कर रही है और हमारे पास इसके सबूत हैं।

’10-15 साल से चल रहा ये सिलसिला’

राहुल गांधी ने कहा कि चौंकाने वाली बात है कि यह सिलसिला पिछले 10 से 15 वर्षों से जारी है। यह एक व्यवस्था है, यह एक ढांचा है। लोकतंत्र का अपहरण हो गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को केवल भारत के लोग ही बचा सकते हैं। कोई और लोकतंत्र को नहीं बचा सकता। राहुल गांधी यहाँ आकर कुछ कह सकते हैं और कह सकते हैं कि यह सच है, लेकिन भारत के लोग यह कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में धांधली और वोट चोरी से जुड़े मुद्दे को एक बार फिर उठाया। राहुल गांधी ने कहा कि हम बिना पुख्ता सबूत के कुछ भी नहीं कह रहे हैं। बता दें कि इससे पहले बिहार में राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी। इस यात्रा में इंडी गठबंधन के नेता शामिल हुए थे।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *