नई दिल्ली, 13 मई : द‍िल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरव‍िंद केजरीवाल के आवास पर डीसीडब्‍ल्यू की पूर्व चेयरपर्सन और राज्‍यसभा सांसद स्‍वात‍ि मालीवाल के साथ कथ‍ित तौर पर हुई मारपीट की घटना के बाद से सि‍यासत गरमा गई है। मुख्‍य व‍िपक्षी दल बीजेपी आम आदमी पार्टी पर पूरी तरह से हमलावर हो गई है।

दिल्ली बीजेपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केजरीवाल सरकार पर निशाना साधा है और इस पूरे मामले पर जवाब मांगा है। पश्चिमी दिल्ली से बीजेपी प्रत्याशी कमलजीत सहरावत ने कहा कि एक तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल महिला सुरक्षा को लेकर तमाम बातें करते हैं। वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी के ही नेता और खुद उनके निजी सचिव अपनी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद के साथ मारपीट करते हैं। क्या यही इनका महिला सशक्तिकरण है।

उधर, इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह बहुत स्पष्ट है कि ‘नारी शक्ति’ आम आदमी पार्टी में सुरक्षित नहीं है। यदि दिल्ली महिला आयोग की पूर्व प्रमुख और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल मुख्यमंत्री आवास में सुरक्षित नहीं हैं, तो सवाल यह है कि उनके रहते हुए परिवार या पार्टी, पीए या किसी और द्वारा कैसे पीटा गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में परिवार के कुछ और लोग राजनीति में शामिल होते दिख रहे हैं, तो क्या 2 जून को अरविंद केजरीवाल के वापस जेल जाने पर यह तनाव बढ़ता रहेगा। यह साफ है कि आम आदमी पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है।

स्‍वाति मालीवाल के आरोप च‍िंताजनक, मामले की हाईलेवल जांच हो, बोले रामवीर ब‍िधूड़ी

द‍िल्‍ली व‍िधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और साउथ द‍िल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सीएम आवास पर स्वाति मालीवाल के साथ हुई कथित मारपीट की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि स्वाति का यह आरोप वाकई ही चिंताजनक है कि सीएम केजरीवाल के कहने पर उनके पीए ने स्वाति के साथ मारपीट की।

इससे पहले इसी तरह मुख्य सचिव की पिटाई की जा चुकी है और कई घटनाओं में आम आदमी पार्टी के कई सीनियर नेताओं के साथ धक्का-मुक्की हो चुकी है। बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के बाद अब आप नेताओं में बेचैनी हो रही है।

दिल्ली की जनता के साथ-साथ वे भी मुख्यमंत्री से जवाब चाहते हैं लेकिन केजरीवाल को पार्टी में किसी का दखल बर्दाश्त नहीं है। इससे पहले वह सवाल उठाने वाले पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा चुके हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि अब एक महिला के साथ ऐसा व्यवहार किया गया है जिसे हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

बीजेपी नेता बिधूड़ी ने कहा कि स्वाति मालीवाल की कथि‍त तौर पर पिटाई मुख्यमंत्री आवास में गुंडागर्दी का स्पष्ट उदाहरण है। स्वाति मालीवाल अब राज्यसभा की सदस्य हैं और उनके साथ यह व्यवहार न केवल निंदनीय है बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि वह महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं। उनका हर वादा और दावा झूठा साबित हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि इस पूरे मामले की उच्‍चस्‍तरीय जांच कराने की जरूरत है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *