नीमच/भोपाल, 06 सितंबर: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को कहा कि राज्य के नीमच जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन आशीर्वाद यात्रा पर एक दिन पहले हुए हमले के सिलसिले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावर कांग्रेस से जुड़े हैं। इससे पहले भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी डी शर्मा ने दावा किया कि प्रदेश के नीमच जिले में मंगलवार रात पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा पर पत्थरों से हमला किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा में शामिल वाहनों में कांग्रेस समर्थकों ने तोड़फोड़ की। हालांकि, विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को मंगलवार रात को खारिज करते हुए कहा कि यह हमला सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा दर्शाता है। मिश्रा ने बुधवार को रीवा में संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा था कि मणिपुर की तरह मध्य प्रदेश में भी पथराव हो सकता है।

मिश्रा ने कहा कि इसके अलावा, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने नूंह (हरियाणा) हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश में इसकी पुनरावृत्ति हो सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘वे (कमलनाथ एवं दिग्विजय) एक तरह से उकसाने का काम कर रहे थे।’’ मिश्रा ने कहा, ‘‘नीमच पथराव (घटना) में कांग्रेस से जुड़े खेमा गुर्जर सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ….और ये कांग्रेस से जुड़े हुए लोग हैं। अब कांग्रेस हताशा और निराशा की तरफ बढ़ रही है, तो स्वाभाविक रूप से इस तरह के हथकंडों का ही वह सहारा लेगी। प्रदेश की जनता को यह समझना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि यह गलती कांग्रेस पहले भी कर चुकी है और अब इसे वह दोहरा रही है। जन आशीर्वाद यात्रा के इस चरण की शुरुआत रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने सोमवार को नीमच से की थी। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शर्मा ने मंगलवार रात को कहा, ‘‘भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जन समर्थन से घबराए कांग्रेसियों ने नीमच में यात्रा पर हमला कर वाहनों में तोड़फोड़ की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस की इस हरकत की कड़ी आलोचना करता हूं। इन गुंडों को हम नहीं छोड़ेंगे। इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’ शर्मा ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ करने वाले लोग सड़क के किनारे पेड़ों के पीछे छिप गए, यात्रा पर पथराव किया और काफिले में शामिल वाहनों में तोड़-फोड़ की।

भाजपा नेता ने दावा किया कि यात्रा के मुख्य वाहन (रथ) और काफिले में शामिल अन्य वाहनों पर हमला किया गया। भाजपा के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस की प्रदेश इकाई के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने जन आशीर्वाद यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि नाराज लोगों ने इस यात्रा को (हमला कर) अपना आशीर्वाद देना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘वी डी शर्मा अपनी निजी हताशा कांग्रेस पर निकाल रहे हैं। जनता की ऐसी प्रतिक्रिया भाजपा के पाप के कारण आ रही है। मुख्यमंत्री ने हाल में लोगों को जूते वितरित किए, जो अब उन्हें प्यार से लौटा रहे हैं।’’ कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने एक्स पर लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी ने 18 वर्षों में जो कर्म किये है उसके परिणाम सामने आने लगे हैं।

मनासा विधानसभा जिला नीमच के ग्राम रावलीकुड़ी में गांधी सागर वन अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट से नाराज़ किसानों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध किया एवं “कार्यानुसार आशीर्वाद” दिया है।’’ भाजपा ने साल के अंत में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं से जुड़ने के लिए राज्य में पांच अलग-अलग स्थानों से जनसंपर्क अभियान के तहत जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *