नई दिल्ली, 17 जून: आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस वार्ता कर फिल्म निर्माताओं भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि किस रामायण के अंदर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
आप नेता ने प्रेस वार्ता में कहा कि किस रामायण के अंदर घटिया, सस्ती, सड़कछाप भाषा का इस्तेमाल किया गया है? उन्होंने आगे कहा कि क्या कल्पना के आधार पर भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान जी के बारे में कुछ भी दिखा सकते हैं? भाजपा का ना हिन्दू धर्म में यकीन है और ना ये भगवान राम को मानते हैं, ना इनका रामायण और रामचरितमानस से कोई लेना-देना है। भाजपा वाले ना भगवान राम के हैं, ना आम के हैं, ना किसी काम के हैं।
इस फिल्म में कल्पना के आधार पर माता सीता को ‘छुरी’ लगा दी गई। क्या कल्पना के आधार पर ‘रामायण’ भी बदल डालोगे? भाजपा वाले हिन्दू धर्म को मानने वाले नहीं, विनाश करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान करने के लिए हिन्दू समाज से माफी मांगे। भाजपा अपनी घटिया राजनीति के लिए भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान का अपमान करा रही है।
भाजपा ने भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान एक फिल्म बनवाकर किया है। यह फिल्म भाजपा के कई मुख्यमंत्री और मंत्री के आशीर्वाद से बनी है। भाजपा और इन सभी को भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान करने के लिए सभी हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।