पोर्ट लुइस/नई दिल्ली, 11 मार्च : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपनी दो दिवसीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे, जहां उनके स्वागत में बिहारी परंपरा और लोकगीतों की गूंज सुनाई दी। सर सीवसागर रामगुलाम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पारंपरिक तरीके से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया।

राजधानी पोर्ट लुईस में एक अनूठी सांस्कृतिक परंपरा का दृश्य देखने को मिला, जब स्थानीय महिलाओं के एक दल ने पारंपरिक बिहारी लोकगीत गाकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक गाया, धन्य है, धन्य है देश हमारा हो, मोदी जी पधारे हैं। जय मॉरीशस, बोलो जय भारत। यह गीत भारत के भोजपुरी क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जिसे मॉरीशस में बसे भारतीय समुदाय ने जीवंत बनाए रखा है। स्वागत के पलों को प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, मॉरीशस में भारतीय समुदाय द्वारा दिया गया गर्मजोशी भरा स्वागत हृदयस्पर्शी है। भारतीय विरासत, संस्कृति और मूल्यों के प्रति उनका मजबूत संबंध वास्तव में प्रेरणादायक है। इतिहास और हृदय का यह बंधन पीढ़ियों से पनपता आ रहा है।

भोजपुरी संस्कृति की अनूठी छाप

मॉरीशस में पारंपरिक भोजपुरी संगीत शैली गीत गवई काफी लोकप्रिय है। इसे विशेष मान्यता देते हुए, यूनेस्को ने दिसंबर 2016 में इसे मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया था। यह शैली मॉरीशस में भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बन चुकी है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *