नई दिल्ली, 09 जुलाई : दिल्ली के श्रीनिवासपुरी में एक सरकारी स्कूल की दीवार रविवार को बारिश की वजह से ढह गई।

सूत्रों के मुताबिक, चार महीने पहले ही स्कूल का पुनर्निर्माण हुआ था।

राष्ट्रीय राजधानी में मूसलाधार बारिश की वजह से रविवार को स्कूल की चारदीवारी का एक हिस्सा ढह गया।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली अभिभावक संघ की सदस्य अपराजिता गौतम ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार को सिर्फ शिक्षा की गुणवत्ता पर ही नहीं बल्कि स्कूलों में आधारभूत संरचना की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी (आप) विश्व स्तरीय शिक्षा के बारे में बात तो करती है लेकिन आधारभूत संरचना के पहलू को भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ आप सरकार को आधारभूत संरचना में सुधार पर भी ध्यान देना चाहिए।’’

गौतम ने कहा कि छात्रों को मध्यावधि परीक्षा से पहले दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह भी चाहते हैं कि बच्चों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाए, ताकि मध्यावधि परीक्षा के दौरान उनकी पढ़ाई बाधित न हो।’’

इस मामले पर स्कूल प्रशासन की ओर से कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

 

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *