नई दिल्ली, 02 जनवरी : दिल्ली भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को नया चुनावी पोस्टर ‘फर्जी वोटर्स से इश्क है’ जारी किया, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर नकली वोट बनाने के आरोप लगाये गये हैं। इस मौके पर भाजपा के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के राजनीतिक गुनाह बहुत ज्यादा है और वे लोग दिल्ली को बर्बाद करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप के राज्य सभा सांसद संजय सिंह अपनी पत्नी श्रीमती अनीता सिंह का वोट कटवाने का झूठा आरोप भाजपा पर लगाये हैं, लेकिन वह बताये कि श्रीमती सिंह का वोट कहां- कहां हैं। संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, मीडिया रिलेशन प्रमुख विक्रम मित्तल और दिल्ली भाजपा की चुनाव आयोग सम्पर्क समिति के संयोजक संकेत गुप्ता भी मौजूद थे।

श्री सचदेवा ने कहा कि श्री सिंह 2018 में राज्य सभा चुनाव के दौरान दायर हलफनामा में खुद को हरिनगर विधानसभा का मतदाता बताया था, लेकिन उस वक्त सुल्तानपुर की नगर पालिका परिषद की मतदाता सूची में श्री सिंह और उनकी पत्नी का नाम था। इतना ही नहीं श्री सिंह साल 2024 में नई दिल्ली विधानसभा में मतदाता हैं और विकासपुरी विधानसभा में भी अपना मत बनवा रखा था। उन्होंने कहा कि शर्मनाक है कि मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करने वाले श्री सिंह चुनाव आयोग के अधिकारियों को धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब हमने संवाददाता सम्मेलन करके श्री सिंह की पत्नी के फर्जी मत का खुलासा किया, तो श्री सिंह ने आनन-फानन में 30 दिसम्बर को वोट स्थानांतरित करने का आवेदन देकर आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर मत था, तो अपनी गलती स्वीकार कर लेनी चाहिये, लेकिन उल्टा मानहानि का दावा करने का एलान कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि दो मत बनवाना एक आपराधिक गतिविधि है और इसके लिये चुनाव आयोग तथा दिल्ली पुलिस को श्री सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिये। उन्होंने कहा कि श्री सिंह अपनी मानहानि की बात कर रहे हैं, लेकिन जो व्यक्ति खुद जमानत पर बाहर है, सांसद रहते दो वोट बनवाता है, उसका क्या मान क्या अपमान? उन्होंने बताया कि श्रीमती सिंह को लेकर श्री सिंह दावा करते हैं, कि चार जनवरी 2024 में उनका नाम सुल्तानपुर की सूची से कट गया है, लेकिन आठ जनवरी 2024 को सांसद नामांकन के साथ जो शपथ पत्र देते हैं, उसमें उनका मत सुल्तानपुर की मतदाता सूची में दर्ज है।

उन्होंने कहा कि श्री सिंह बताये कि आखिर उन्होंने लोगों को गुमराह करने का काम क्यों किया। उन्होंने कहा कि श्री सिंह और उनकी पत्नी के मत फर्जी है और देश में फर्जी मत डालने पर सेक्शन 18 के अंतर्गत एक साल की सजा है। श्री सचदेवा ने बताया कि दिल्ली के महापौर महेश कुमार ने अपनी पत्नी के दो नाम से दो मत एक ही घर में बनवा रखे हैं। एक जगह उनकी पत्नी का नाम श्रीमती ममता और दूसरी जगह श्रीमती निधि है और दोनों जगह एक ही महिला की फोटो है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि श्री केजरीवाल ने गत 10 साल में खुद को फर्जी वोटों का, चाहें वह बंगलादेशी मुसलमान हों या रोहिंग्याओं का हो या दो वोटर हों का मसीहा साबित किया है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *