वाराणसी | 07 फरवरी : वाराणसी मंडल में रेल सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और अनुरक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री आशीष जैन ने शुक्रवार को सैदपुर भीतरी स्टेशन तथा औड़िहार स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन और शेड में उपलब्ध सुविधाओं, संरक्षा मानकों और कार्यप्रणालियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सैदपुर भीतरी स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं—साफ-सफाई, प्लेटफॉर्म की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर और सुरक्षा प्रबंध—का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही ट्रैक की स्थिति, रेल पटरियां, स्लीपर, बैलास्ट, जॉइंट्स और सिग्नलिंग व्यवस्था का सूक्ष्म परीक्षण कर संरक्षा मानकों की पुष्टि की।
निरीक्षण के उपरांत डीआरएम ने स्टेशन पैनल उपकरणों की कार्य प्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया और निर्देश दिए कि सभी उपकरणों की समय-समय पर जांच, रिकॉर्ड संधारण और किसी भी तकनीकी कमी का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि रेल परिचालन पूर्णतः सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।
स्टेशन परिसर की स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर डीआरएम ने यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और अनुशासन की भी समीक्षा की। डीआरएम ने दोहराया कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके पश्चात डीआरएम ने औड़िहार स्थित DEMU शेड का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने रख-रखाव व्यवस्थाओं, संरक्षा मानकों, स्वच्छता, उपकरणों की कार्यशीलता और कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन अवलोकन किया। DEMU ट्रेनों के अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने शेड में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों के सख्त पालन पर बल दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ट्रेन सेट श्री राहुल मिश्र सहित संबंधित पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।