नई दिल्ली, 10 मई: कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरवाल को अंतरिम जमानत दिए जाने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे लोकतंत्र में लोगों का विश्वास बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, “हम कहते आए हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसके नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। इसकी वजह से मौजूदा मुख्यमंत्रियों तक को जेल जाना पड़ा है। मैं उन्हें (केजरीवाल को) जमानत (अंतरिम) प्रदान करने के लिए उच्चतम न्यायालय की सराहना करता हूं। इससे लोगों का लोकतंत्र में विश्वास बढ़ेगा।”

उच्चतम न्यायालय ने लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए केजरीवाल को शुक्रवार से एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी है।

यादव ने कहा, “हमारे बीच गठबंधन है और गठबंधन में दोनों दल एक दूसरे की मदद और काम करते हैं। सभी सात (लोकसभा) सीट हमारी जिम्मेदारी है। हम कोशिश करेंगे कि अब मजबूती हासिल कर चुका संयुक्त प्रचार अभियान इस फैसले से और अधिक मजबूत होगा।”

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस के उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिहाज से एक बड़ा फैसला है।

कुमार ने ‘एक्स’ पर लिखा कि न्याय के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन की लड़ाई जारी रहेगी।

कुमार ने लिखा, “मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करता हूं। नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह एक बड़ा निर्णय है। ‘इंडिया’ गठबंधन की न्याय की लड़ाई जारी है, असली जीत चार जून को इस संविधान-विरोधी सरकार को उखाड़कर हासिल होगी।”

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार केजरीवाल को दो जून को आत्मसमर्पण कर वापस जेल जाना होगा।

यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार व धनशोधन से संबंधित है। आबकारी नीति अब रद्द हो चुकी है।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *