नई दिल्ली, 15 जुलाई: दिल्ली में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने पार्टी मुख्यालय में शनिवार को ‘बाढ़ राहत रसोई’ शुरू की है। यहां से बाढ़ प्रभावित लोगों तक आप कार्यकर्ता भोजन पहुंचाएंगे। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने यह जानकारी दी है।

राय ने कहा कि आज से आम आदमी पार्टी मुख्यालय में ‘बाढ़ राहत रसोई’ की शुरूआत की गई है। दिल्ली में करीब 40 राहत शिविर बनाए गए हैं। इन शिविरों में कोऑर्डिनेटर लगाए गए हैं, जो वहां रह रहे लोगों के अनुसार भोजन की जरूरतें बताएंगे और पार्टी मुख्यालय से उनके माध्यम से भोजन का पैकेट लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायक युद्ध स्तर पर बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने का काम कर रहे हैं जबकि भाजपा के सभी सांसद और केंद्र सरकार न जाने कहां गायब हैं।

गोपाल राय ने कहा कि हथिनी कुंड से अगर उत्तर प्रदेश और हरियाणा की तरफ भी पानी छोड़ा जाता तो दिल्ली में बाढ़ नहीं आती और सड़कों को बंद नहीं करना पड़ता। भाजपा अपनी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में दिल्ली को डुबोने का षड्यंत्र तक करेगी, दिल्ली की जनता ने यह कभी सोचा भी नहीं था।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *