नई दिल्ली, 25 जनवरी : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 10 साल में नए सीवर डलवाने के बहुत काम किए हैं और अगले पांच साल में दिल्ली के सभी इलाकों की सीवर लाइन ठीक करेंगे। श्री केजरीवाल ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि जब 2015 में हमारी पहली बार सरकार बनी थी, तब हमें कई समस्याएं विरासत के तौर पर मिली थीं। उनमें से एक बड़ी समस्या सीवर की थी। दिल्ली में 1,792 कच्ची कॉलोनियों में हैं। इन कॉलोनियों में 2015 से पहले किसी भी तरह के विकास की अनुमति नहीं थी, क्योंकि सुप्रीट कोर्ट और केंद्र सरकार के आदेश थे। हमने उन सभी अड़चनों को पार करके सारी कच्ची कॉलोनियों के अंदर काम करना शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इन कच्ची कॉलोनियों में सीवर की कोई पाइपलाइन नहीं थी इसलिए सारा सीवर नालियों और गलियों के अंदर बहता था। हमने पिछले 10 साल में लगभग सभी कॉलोनियों में बड़े स्तर पर सीवर की पाइपलाइन डलवाई हैं। पाइपलाइन डालने के बाद अब हर घर को सीवर से जोड़ने का काम चल रहा है। श्री केजरीवाल ने कहा कि दूसरी तरफ, जिन कॉलोनियों में सीवर की पाइपलाइन थीं, वह बहुत पुरानी हो गई हैं। मुझे आज कई जगहों से शिकायत सुनने को मिलती हैं कि सीवर ओवरफ्लो और लीक कर रहा है। सीवर जाम हो गया है। सीवर का पानी, पीने के पानी के साथ मिक्स हो रहा है। सरकार बनने के बाद दिल्ली में जहां भी सीवर पाइपलाइन बैठ गई है, लीक कर रही है या खराब हो गई है, उन पुरानी पाइपलाइनों को युद्धस्तर पर बदला जाएगा ताकि लोगों को सीवर की वजह से होने वाली समस्याओं से छुटकारा दिलाया जा सके। श्री केजरीवाल ने कहा कि अगर आपके भी इलाके में सीवर की समस्या है तो घबराने की जरूरत नहीं है। हम सरकार बनने के बाद आपके क्षेत्र में भी सीवर पाइपलाइन बदल देंगे। सीवर की सफाई करवाएंगे ताकि सभी को सीवर की गंदगी से मुक्ति मिल सके।

Rajnish Pandey
A media professional with experience in print and digital journalism, handling news editing and content management with a focus on accuracy and responsible reporting.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *