नई दिल्ली, 24 मार्च : दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन लगातार जारी है। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कालकाजी विधानसभा में अपने समर्थकों के साथ कैंडल मार्च निकाला। इसके बाद पार्टी बीजेपी का पुतला दहन का कार्यक्रम है। इस कैंडल मार्च को आतिशी नेतृत्व कर रही हैं।
दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, “आज आप के सभी विधायक और पार्षद अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ अपने इलाकों में कैंडल मार्च निकाल रहे हैं। भारत में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद संयोजक एक राष्ट्रीय पार्टी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। आप के कार्यालय को 2 दिनों से सील कर दिया गया है। क्या पीएम मोदी ने लोकतंत्र को खत्म करने का फैसला किया है? हम इसके खिलाफ कैंडल मार्च निकाल रहे हैं।”
बता दें, दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने गिरफ्तारी के विरोध में होली पर पूरा प्लान बताया था। उन्होंने बताया कि वह होली के दिन लोगों के घरों में जाकर उनसे गले मिलेंगे। वे मोदी सरकार की चाल को उजागर करेंगे। उन्हें बताएंगे कि किस तरह बीजेपी की सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। वे उनसे आगामी चुनाव में बीजेपी को सबक सिखाने का अनुरोध करेंगे। वहीं उन्होंने बताया कि होली के अगले दिन यानी 26 मार्च को आप के तमाम कार्यकर्ता और नेता रजिस्ट्रार ऑफिस से लेकर पीएम आवास तक मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि वह I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं के साथ संयुक्त आंदोलन पर विचार किया जा रहा है।