रांची, 28 नवंबर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज 8 वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर नेटबॉल प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका वर्ग में विजेता रही गोड्डा जिले के खिलाड़ियों ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि गुमला के घाघरा में आयोजित नेटबॉल की ट्रेडिशनल एवं फास्ट फाइव सब जूनियर चैंपियनशिप के बालक एवं बालिका दोनों ही वर्गों में गोड्डा टीम ने खिताब जीता है। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सिलसिले में पंचायतों में खेल मैदान विकसित किया जा रहे हैं। सिदो- कान्हू क्लब के माध्यम से खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट्स के साथ अन्य सुविधाएं दी जा रही है। यहां के नौजवान खेलों के माध्यम से अपना भविष्य संवारने के साथ अपने प्रदर्शन से देश और राज्य का नाम रोशन करें, इसके लिए सरकार सभी सहयोग करेगी। इस मौके पर गोड्डा जिला नेटबॉल टीम की कोच मोनालिसा कुमारी, सचिव गुंजन कुमार झा, अंपायर शिवराम कृष्ण देहरी, दुमका जिला नेटबॉल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद हकीम और कुलदीप कुमार रवि मौजूद थे।
झारखंड: छठ व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया
रांची, 20 नवंबर: झारखंड भर में लाखों पुरुषों और महिलाओं ने राज्य के सबसे लोकप्रिय त्योहार छठ के आखिरी दिन सोमवार को उगते सूरज को अर्घ्य दिया। भक्ति गीतों और पटाखों के बीच 36 घंटे का कठिन उपवास रखने वाले व्रतियों ने राज्य के विभिन्न घाटों में उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ दिया। बहुत से लोगों को पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से भरी टोकरियों को नदियों और अन्य जलाशयों के तटों पर बने घाटों तक ले जाते हुए देखा गया। ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ जमशेदपुर में सूर्य नमस्कार किया, जबकि विभिन्न राजनीतिक दलों के कई सांसदों और विधायकों ने अपने-अपने स्थानों पर पूजा की। श्रद्धालु सुबह-सुबह नदियों और जलाशयों के घाटों पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। चार दिवसीय पर्व 17 नवंबर को ‘नहाय खाय’ के साथ शुरू हुआ, जब श्रद्धालु और उनके परिवार के सदस्य स्नान के बाद सात्विक भोजन करते हैं। इसके एक दिन बाद ‘खरना’ होता है जब चावल की खीर और रोटी का ‘प्रसाद’ परिवार और दोस्तों के साथ साझा किया जाता है। त्योहार का समापन सोमवार की सुबह उगते सूर्य की पूजा के साथ हुआ, जिसके बाद श्रद्धालु फलों और ‘ठेकुआ’ के साथ अपना उपवास तोड़ते हैं। राहत की बात है कि किसी भी जगह से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सुरक्षाकर्मियों ने सुबह श्रद्धालुओं की पूजा पूरी करने में मदद की। इस अवसर पर पूरे झारखंड में जलाशयों को साफ किया गया था। रांची के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक ने बताया कि रांची के सभी छठ घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि रविवार को सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक और सोमवार को दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक रांची में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
झारखंड : रात का खाना खाने के बाद आवासीय विद्यालय के 100 से अधिक छात्र बीमार
पाकुड़, 28 सितंबर : झारखंड के पाकुड़ जिले में एक निजी आवासीय विद्यालय में भोजन करने के बाद 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गये। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार की रात खाना खाने के बाद कुछ छात्रों ने मितली और सिरदर्द की शिकायत की। छात्रों ने खाने में छिपकली मिलने का आरोप लगाया। जिले के सिविल सर्जन डॉक्टर एम के टेकरीवाल ने बताया कि तुरंत 65 छात्रों को पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रामपुरहाट के पास स्थित एक अस्पताल में ले जाया गया, जबकि 45 अन्य छात्रों को पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी में रखा गया। पाकुड़िया के प्रखंड विकास अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि तीन छात्रों का अभी भी रामपुरहाट अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि बाकी छात्रों को छुट्टी दे दी गई। डॉक्टर टेकरीवाल ने कहा कि यह जांच का विषय है कि खाने में छिपकली पाई गई थी या नहीं।
झारखंड में डेंगू के 39 और चिकनगुनिया के पांच नये मामले सामने आये
रांची, 27 सितंबर : झारखंड में डेंगू के 39 और चिकनगुनिया के पांच नए मामले सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में मच्छर जनित बीमारी में वृद्धि के मद्देनजर 442 लोगों के खून के नमूनों का परीक्षण किया गया और उनमें से 39 की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। पूर्वी सिंहभूम और साहिबगंज जिलों में सबसे अधिक आठ-आठ मामले दर्ज किए गए, जबकि खूंटी, पाकुड़ और रांची से चार-चार मामले सामने आए हैं। राज्य में चिकनगुनिया के मामले में भी वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चिकनगुनिया के लिए 39 लोगों के रक्त के नमूनों का परीक्षण किया गया, जिसमें पांच लोगों की रिपोर्ट में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है। सभी मरीज रांची से हैं। इससे पहले, 25 सितंबर को राज्य में डेंगू के 40 मामले दर्ज किए गए थे, जिसमें 35 मरीज पूर्वी सिंहभूम जिले से थे।
लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की
रांची, 11 सितंबर: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आज देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। पूजा कर बाबा बैद्यनाथ मंदिर से निकले के बाद श्री यादव ने कहा कि उन्होंने बाबा के दरबार में माथा टेका है और देश दुनिया सबके लिए प्रार्थना की कि सबका भला हो। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के कल ही देवघर हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राजद के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े, गाजे बाजे के साथ उनका स्वागत किया था।
झारखंड के राज्यपाल ने रजनीकांत से मुलाकात की, उन्हें ‘भारत के महानतम अभिनेताओं में से एक’ बताया
रांची, 17 अगस्त: झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को अपने मित्र और अनुभवी अभिनेता रजनीकांत से यहां राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात की मेजबानी की। राज्यपाल ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से बैठक की कई तस्वीरें साझा की। राधाकृष्णन ने बुधवार को अपने पोस्ट में लिखा ”रांची आगमन पर, अपने प्रिय मित्र, भारत के महानतम अभिनेताओं में से एक और महान व्यक्ति तथा सुपरस्टार रजनीकांत से कल राजभवन में शिष्टाचार मुलाकात के दौरान मिलकर बहुत खुशी हुई। मैं झारखंड की महान धरती पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं।” रजनीकांत पिछले हफ्ते और अपनी नवीनतम फिल्म ‘जेलर’ की रिलीज के कुछ दिनों बाद उत्तराखंड के बद्रीनाथ मंदिर के दर्शन करने गए थे। नेल्सन दिलीपकुमार द्वारा निर्देशित, ‘जेलर’ 10 अगस्त को दुनिया भर में रिलीज हुई थी। प्रोडक्शन बैनर सन पिक्चर्स ने फिल्म के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों का खुलासा नहीं किया है। इस फिल्म में विनायकन और राम्या कृष्णन भी हैं।
पटना लाठीचार्ज घटना की रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष को सौंपी, कहा यह राज्य प्रायोजित हिंसा
नई दिल्ली/रांची, 19 जुलाई: बिहार के पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के घायल होने और एक कार्यकर्ता की मौत के संबंध में गठित जांच कमेटी ने आज अपनी रिपोर्ट नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को सौंपी। वहां पर कार्यकर्ताओं से बात कर एक चीज बिल्कुल स्पष्ट हुई कि उस दिन की घटना राज्य प्रायोजित हिंसा का हिस्सा है। पुलिस प्रशासन ने षड्यंत्र करके भाजपा कार्यकर्ताओं को घेरा और उसके बाद बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया। पुलिसकर्मियों न महिला देखा न पुरुष, सभी पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाई। इससे बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सिर पर गंभीर चोट आयी। साथ ही कई कार्यकर्ताओं के हाथ भी टूट गए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि नीतीश कुमार-तेजस्वी यादव सरकार ने बर्बरतापूर्ण पूर्व नियोजित लाठीचार्ज कर सैंकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को घायल कर दिया। इसमें एक कार्यकर्ता की शहादत हो गई। जांच समिति ने भाजपा कार्यकर्ता, सांसद-विधायक, छात्र और महिलाओं पर हुए षड़यंत्रपूर्ण, बर्बर और अमानवीय लाठीचार्ज की उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से न्यायिक जांच अथवा सीबीआई से जांच कराने का आग्रह किया है। रिपोर्ट सौंपने के दौरान समिति के अध्यक्ष रघुवर दास, समिति के सदस्य मनोज तिवारी, बीडी राम और सुनीता दुग्गल, बिहार के विधान पार्षद व वरिष्ठ नेता संजय मयूख उपस्थित रहे।
भाजपा ही कर सकती हैं देश का उत्थान : वसुंधरा राजे सिंधिया
दुमका, 15 जून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जिस राज्य के मुख्यमंत्री अपने लिए खदान आवंटित करते हों उस राज्य के गरीबों का उत्थान कभी सम्भव नहीं है। श्रीमती सिंधिया ने दुमका लोकसभा क्षेत्र के झामुमो का गढ़ रहे जामा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महज नौ वर्ष के कार्यकाल में हिन्दुस्तान दुनिया में तेज गति से विकसित होने वाला राष्ट्र बन गया है जो देश वासियों के लिए गौरव की बात है। पूरे विश्व में भारत की इज्जत बढ़ी है। भाजपा नेता ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महज नौ साल में गरीब, आदिवासियों और महिलाओं के साथ युवाओं का उत्थान कर भारत को विकसित देश के श्रेणी में खड़ा कर दिखाया है जो समूचे देश के लिए गौरव की बात है। वहीं, पिछले 40 वर्षों से इस क्षेत्र में शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन परिवार का राज कायम है फिर भी खनिज संपदा सम्पन्न इस इलाके का विकास अपेक्षित विकास नहीं हो सका, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जबकि इतने लम्बे कार्यकाल में इस इलाके को स्वर्ग बनाया जा सकता था। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि जब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही अपने लिए खदान आवंटित करा ले तो उस राज्य में गरीब आदिवासियों का कल्याण कैसे सम्भव होगा। जबकि किसी जनप्रतिनिधि को आम गरीब आदिवासियों के उत्थान का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल जी के कार्यकाल में यहां के गरीब आदिवासियों को यहां की संपदा का लाभ मिले और उनका अपेक्षित उत्थान हो इस सोच के साथ झारखंड, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ समेत तीन राज्य बनाये गये थे लेकिन जिस राज्य के मुख्यमंत्री ही अपने लिए खदान ले ले उस राज्य के गरीबों का उत्थान कैसे सम्भव होगा। भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में ऐसी व्यवस्था बन गयी है कि झारखंड के अधिकारी भी यहां के लोगों की जमीन सुरक्षित नहीं कर सकते हैं। उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा नौ साल के दौरान समूचे देश में शिक्षा, स्वास्थ्य,सड़क, शौचालय,हवाई सेवा रेल सुविधा का विस्तार सहित विभिन्न मामलों में उल्लेखनीय कार्य किये जाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार ही सभी वर्ग के हितों के लिए कार्य कर सकती है जबकि कांग्रेस और झामुमो से मुश्किलें ही बढ़ेगी। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं। रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया जिसका लाभ अब दिख रहा है। इससे युवा स्वयं रोजगार सृजन कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में जुटे हैं। उन्होंने आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में बटन दबाने का संकल्प लेने आह्वान किया जिससे विकास की तेज गति जारी रहे। सभा में दुमका के भाजपा सांसद सुनील सोरेन,सारठ के विधायक रणधीर सिंह, पूर्व कल्याण मंत्री डाक्टर लुईस मरांडी, भाजपा प्रदेश कमेटी के वरिष्ठ नेता राकेश प्रसाद सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
लव जिहाद और यौन शोषण के मामले में पीड़िता मॉडल ने रांची कोर्ट में दर्ज कराया बयान, दोहराए आरोप
रांची, 08 जून: रांची में मॉडलिंग इंस्टीट्यूट के संचालक तनवीर अख्तर पर लव जिहाद और यौन शोषण का आरोप लगाने वाली मॉडल मानवी राज सिंह ने गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच रांची में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 164 के तहत अपना बयान दर्ज कराया। मॉडल ने एफआईआर में तनवीर पर लगाए गए आरोपों को दोहराया है। उसने बयान में पूरे घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताया है। मॉडल बुधवार को मुंबई से रांची पहुंची। पुलिस उसका मेडिकल और कोविड टेस्ट कराने के बाद बयान दर्ज कराने के लिए ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सृष्टि घई की अदालत में लेकर पहुंची। उसके साथ केस के आईओ विवेक कुमार भी थे। इसके पहले मॉडल ने तनवीर पर लगाए गए अपने आरोपों के समर्थन में पुलिस को कई और सबूत सौंपे हैं। इसमें कुछ ऑडियो और चैट के स्क्रीनशॉट हैं। बता दें कि मॉडल मानवी राज सिंह मूल रूप से बिहार के भागलपुर की रहनेवाली है और इन दिनों मुंबई में रहकर मॉडलिंग करती है। उसने मुंबई के वसोर्वा थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया है कि वह वर्ष 2021 में मॉडलिंग सीखने रांची आई थी। उसने गूगल सर्च के लिए यश मॉडलिंग इंस्टीट्यूट का पता निकाला था। यहां एडमिशन के वक्त संचालक ने अपना नाम यश बताया था। 21 मार्च 2021 को वह इंस्टीट्यूट में दोस्तों के साथ होली खेल रही थी। पार्टी के दौरान कोल्ड ड्रिंक में उसे नशा दे दिया गया। इंस्टीट्यूट के संचालक ने उसकी न्यूड फोटो उतार ली और उसका रेप किया। इसके बाद वह न्यूड वीडियो और फोटो दिखाकर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। बाद में उसे पता चला कि संचालक का नाम तनवीर अख्तर है। मॉडल का कहना है कि तनवीर ने उसकी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। बात नहीं मानने पर उसकी मां और भाई तक को अश्लील तस्वीरें भेज दी थी जिस वजह से 13 सितंबर 2022 को उसने आयुष मेडिकल बिल्डिंग से कूदकर जान देने की कोशिश की थी पर कूदने से पहले एक महिला ने उसे पकड़ लिया। बाद में वह मॉडलिंग के लिए मुंबई आ गई, लेकिन तनवीर उसपर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाता रहा। मॉडल का यह भी कहना है कि फिल्म केरला स्टोरी देखने के बाद उसमें हिम्मत आई और उसने साहस कर तनवीर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उसने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए झारखंड के सीएम से लेकर पीएम तक से सोशल मीडिया पर न्याय की गुहार लगाई। मुंबई पुलिस ने मॉडल की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद उसे रांची पुलिस को ट्रांसफर कर दिया। रांची पुलिस ने गोंदा थाने में एफआईआर दर्ज की और इसके बाद पुलिस की एक टीम ने मुंबई जाकर मॉडल से पूछताछ की थी। इस बीच रांची पुलिस ने तनवीर की तलाश में रांची में विभिन्न स्थानों से लेकर बिहार के शेरघाटी स्थित उसके पैतृक आवास में भी दबिश दी, लेकिन अब तक वह पकड़ से बाहर है। खबर है कि तनवीर यह मामला दर्ज होने के बाद विदेश भाग गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले सीएम केजरीवाल, बोले विपक्षी दल को होना होगा एकजुट
-हेमंत सोरेन ने केन्द्रीय अध्यादेश के विरोध में अरविंद केजरीवाल का समर्थन करने की घोषणा की रांची, 02 जून : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शु्क्रवार को केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र पर केंद्र का हमला गंभीर चिन्ता का विषय है। उन्होंने साथ ही घोषणा की कि संसद में केन्द्रीय अध्यादेश का विरोध करने में उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आम आदमी पार्टी का साथ देगी। प्रेस कांफ्रेंस के पहले अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने लगभग डेढ़ घंटे तक इस मुद्दे पर आपस में चर्चा की। चर्चा में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ माजी, दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी और दिल्ली विधानसभा के सदस्य विनय मिश्र भी उपस्थित रहे। केजरीवाल ने कहा कि हेमंत सोरेन के साथ हमारा भाई का रिश्ता है। आपस में हम लोगों ने कई विषयों पर चर्चा की है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने हमसे बहुत सी शक्तियां छीन ली थी लेकिन 11 मई को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली की चुनी हुई सरकार को वो सारी शक्तियां लौटा दीं। इसके बाद 19 मई को रात के अंधेरे में एक अध्यादेश जारी कर मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलट दिया। इस अध्यादेश को मानसून सत्र में संसद में पेश किया जायेगा। इसके खिलाफ सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। केजरीवाल ने केंद्र के अध्यादेश को दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय बताया। साथ ही कहा कि केंद्र सरकार ने जो किया, वह दिल्ली की जनता का अपमान है। केजरीवाल ने कहा कि अगर राज्यसभा में सभी गैर भाजपा सदस्य एकजुट हो जाएं तो राज्यसभा में भाजपा को हराया जा सकता है। क्योंकि, आज दिल्ली के साथ जो हुआ है, कल अन्य राज्यों के साथ भी हो सकता है। इसलिए इस अध्यादेश का डटकर विरोध करना होगा। दिल्ली के सीएम ने दावा किया कि सभी पार्टियों का उन्हें समर्थन मिल रहा है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी उन्हें आश्वस्त किया है कि संसद से सड़क तक वे मोदी सरकार के इस अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई को अपना समर्थन देंगे। मैं दिल्ली की जनता की ओर से हेमंत को धन्यवाद देता हूं। झारखंड के लोगों को भी धन्यवाद देता ह