झारखंड में घुसपैठियों से जमीन वापस लेने के लिए कानून बनाएगी सरकार: राजनाथ सिंह

-रक्षा मंत्री ने खूंटी में भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा के पक्ष में की जनसभा खूंटी, 09 नवंबर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आदिवासियों के हित की बात करने वाली कांग्रेस को इस बात का जवाब देना चाहिए कि 1951 की जनगणना के अनुसार झारखंड में अनुसूचित जनजातियों की संख्या 51 फीसदी थी। वर्तमान वह घटकर 28 प्रतिशत कैसे हो गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घुसपैठियों से जमीन वापस लेने के लिए सरकार जल्द ही नया कानून बनाएगी। राजनाथ सिंह शनिवार को खूंटी के कचहरी मैदान में खूंटी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा के समर्थन में आयोजित जन आशीर्वाद सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में सभी और भ्रष्टाचार है। झामुमो, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार में हर ओर भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से यदि कोई लाभान्वित हो रहा है, तो वह है सरकारी अधिकारी और सत्ताधारी दल के नेता। साथ ही कहा कि आज तक भाजपा के किसी मंत्री में भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा और न नही कोई मुख्यमंत्री जेल गया। राजनाथ ने कहा कि खूंटी से भाजपा के उम्मीदवार नीलकंठ सिंह मुंडा को मैं 25 वर्षों से जानता हूं। उन्हें हर समय गरीबों के विकास की चिंता रहती है। इतनी लंबे राजनीतिक जीवन में भी अभी तक नीलकंठ सिंह मुंडा के दामन में कोई दाग नहीं लगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने सारे वादे पूरे किया। पांच सालों में राज्य की कांग्रेस झामुमो और राजद की सरकार ने सिर्फ यहां के लोगों की आंखों में धूल झोंका। साथ ही कहा कि सरकार की कोई विश्वसीयनीता नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हमेशा कहती है कि यदि उनकी सरकार बनी तो वह जातीय जनगणना करायेगी लेकिन कांग्रेस, जेएममएम और आरजेडी को यह भी नहीं मालूम है कि देश में कितनी जातियां हैं। राजनाथ ने कहा कि आर्थिक सामाजिक जनगणना के अनुसार देश में 46 लाख जातियां है। इनमें ऐसी 12 सौ अनुसूचित जाति में अनुसचित जनजाति में 750 और ओबीसी में 2500 जातियां है। इंडी गठबंधन वाले बताएं कि उन्हें किस तरह आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जाति का पिटारा खोलकर कांग्रेस किसका भला करना चाहती है। साथ ही कहा कि इसके लिए न कोई ब्लूप्रिंट है और न ही कोई रोड मैप। कांग्रेस इस बात को स्पष्ट करें कि आरक्षण का लाभ किसको मिलेगा। इसके लिए कांग्रेस अपनी नीति स्पष्ट करे और इस पर खुली बहस भी होनी चाहिए। राजनाथ ने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में ही गोगो दीदी योजना को मंजूरी दी जाएगी और हर महीने की 11 तारीख को सभी माता-बहनों के खाते मे 2,100 रुपये आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने की बात कह कर लोगों को धोखा दे रही है। साथ ही कहा कि संविधान में सबसे अधिक 42 बार संशोधन कांग्रेस ने ही किया। मैं दावे के साथ कहता हूं कि न तो आरक्षण समाप्त होगा और न ही कोई संविधान में बदलाव होगा, बल्कि कांग्रेस ने ही संविधान की आत्मा उसके प्रस्तावना को ही बदल दिया। अपने राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने स्कूलों में सरस्वती वंदना तक को बंद कर दिया। राज्य में लूट और भ्रष्टाचार का बोलबाला: नीलकंठ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य में हर और भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। झामुमो कांग्रेस और आरजेडी सरकार में भ्रष्टाचार हर और फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसी कचहरी मैदान में कसम खाई थी कि पांच लाख युवाओं को रोजगार देंगे और बेरोजगारों को भत्ता देंगे लेकिन आज तक किसी को कोई लाभ नहीं मिला। नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि राज्य में वृद्ध और विधवा पेंशन को बंद कर दिया गया और सरकार की योजनाओं की राशि को मंईया सम्मान योजना में डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि हमें इस चुनाव में सतर्क रहना है और भाजपा की सरकार बनाने के लिए हमें अपना समर्थन देना है। साथ ही कहा कि यदि सरकार बनती है तो पहले ही कैबिनेट में धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3,100 रुपये कर दिया जाएगा। सभा को छत्तीसगढ़ के पूर्व सांसद लखनलाल साहू, खूंटी के पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश कश्यप आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान पद्मश्री कड़िया मुंडा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय साहू ने किया।

भाजपा ने मणिपुर को जलाया, पूरे देश में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास किया: राहुल

लोहरदगा (झारखंड), 08 नवंबर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर मणिपुर को जलाने और देश भर में लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की 90 प्रतिशत आबादी को उनके उचित अधिकारों और लाभों से वंचित रखा है। लोहरदगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने मणिपुर को जला दिया और लोगों को धार्मिक आधार पर बांटने का प्रयास किया। इसने हिंदुओं, मुस्लिमों, ईसाइयों और सिखों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काया। हाल में हुए हरियाणा चुनावों में भाजपा ने जाटों को गैर-जाटों के खिलाफ भड़काया… यही भाजपा का चरित्र है।’’ कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने ‘‘प्यार का संदेश फैलाने और ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने’ के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक 4,000 किलोमीटर की पदयात्रा की।’’ गांधी ने दावा किया, ‘‘जब मैं आदिवासियों, दलितों के लिए आवाज उठाता हूं तो भाजपा मुझ पर हिंदुस्तान को बांटने का आरोप लगाती है। मैं हिंदुस्तान को एकजुट करने और मजबूत करने के लिए यहां आया हूं। हिंदुस्तान की 90 प्रतिशत आबादी में आदिवासी, दलित और ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) शामिल हैं और अगर मैं शासन में उनकी भागीदारी के लिए आवाज उठाने के कारण गलत हूं, तो मैं ऐसा करता रहूंगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 25 पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन वह कांग्रेस को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन के दौरान किसानों का 72,000 करोड़ रुपये का कर्जा माफ करने के लिए कोसती है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘क्या भाजपा सरकार ने झारखंड के किसानों का कोई कर्ज माफ किया…? नहीं, क्योंकि आप आदिवासी, दलित और ओबीसी हैं। भाजपा कभी आपका कर्ज माफ नहीं करेगी, क्योंकि वह पूंजीपतियों का कर्ज माफ करती है।’’ विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद यह गांधी का झारखंड का दूसरा दौरा था। झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

लोजपा रामविलास ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया

रांची, 06 नवंबर: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आज झारखण्ड विधानसभा चुनाव को लेकर अपना संकल्प पत्र जारी किया। पार्टी के खगड़िया सांसद एवं झारखण्ड चुनाव के सह प्रभारी राजेश वर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने रांची के करमटोली स्थित प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विजय प्रधान, प्रदेश सचिव शिवजी कुमार, आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक राय, लेबर सेल के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम राय, कार्यालय प्रभारी राजेश रंजन एवं रतन पासवान उपस्थित थे। इस अवसर पर सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि यह झारखण्ड के विकास का पत्र है। इस पत्र में गरीब, दलित, महिला, आदिवासी, युवाओं के मुद्दे को समाहित किया गया है। सांसद श्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश के चहुँमुखी विकास को लेकर लोजपा कृत संकल्पित है इसी को लेकर राज्य में पहली बार हमारी पार्टी ने मेट्रो सेवा शुरू करने की बात कही है ।रांची टाटा और धनबाद को मेट्रो सेवा से जुड़ जाने पर विकास के नए रास्ते खुलेंगे। संकल्प पत्र में झारखण्ड में स्थापित होने वाले उद्योगों में युवाओं के रोजगार एवं अनुसूचित जनजाति,आदिवासी युवाओं को नौकरी के लिए निःशुल्क आवेदन के साथ निःशुल्क परीक्षा स्थल तक जाने की व्यवस्था की बात कही गई है। आदिवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में सरना कोड की बात कही है। विधानसभा चुनाव सह प्रभारी ने कहा लोजपा रामविलास को गठबंधन के तहत मिली चतरा सीट पर पार्टी ने जनार्दन पासवान को मैदान में उतारा है । उन्होंने दावा किया कि चतरा सीट पर हमारी पार्टी पचास हज़ार से ज्यादा मतों से जीतेगी । चतरा के साथ साथ पार्टी प्रदेश के सभी विधानसभा सीटों पर एनडीए के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चि तकरने के लिए पार्टी अपना सौ प्रतिशत देते हुए कार्य कर रही है ।जिससे प्रदेश में एनडीए गठबंधन की जीत सुनिश्चित हो सके एवं डबल इंजन की सरकार बने।सांसद ने कहा कि प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्रों का मेरे द्वारा लगातार भ्रमण किया जा रहा है पूरे प्रदेश में महागठबंधन सरकार के प्रति घोर नाराजगी है। बेरोजगारी, स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून व्यवस्था समेत सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।जनता हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार है। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास घुसपैठ के मुद्दे पर गंभीर है और मानती है कि घुसपैठ देश के लिए खतरा है।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भी घुसपैठ के मुद्दे पर ठोस कानून बनाने को पक्षधर है।

झारखंड: भाजपा सात, कांग्रेस दो, झामुमो एक लोकसभा सीट पर आगे

रांची, 04 जून : झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सात लोकसभा सीट, कांग्रेस दो और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एक सीट पर आगे है। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद अर्जुन मुंडा खूंटी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से 9,880 मतों से पीछे हैं। उन्होंने बताया कि पलामू में पहले दौर की मतगणना के बाद पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं भाजपा के मौजूदा सांसद वीडी राम राजद उम्मीदवार ममता भुइयां से 11,182 मतों से आगे हैं। दुमका में भाजपा की सीता सोरेन झामुमो के नलिन सोरेन से 7,569 मतों से आगे हैं। तीन बार झामुमो विधायक रहीं सीता लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुई थीं। पहले चरण की मतगणना के बाद गोड्डा में भाजपा के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी प्रदीप यादव से 2,791 मतों से आगे हैं। जमशेदपुर में भाजपा के विद्युत बरन महतो झामुमो के सुनील कुमार मोहंती से 7,074 मतों से आगे हैं। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कोडरमा में भाकपा (माले) लिबरेशन के विनोद कुमार सिंह से आगे हैं। हजारीबाग सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जे. पी. पटेल भाजपा के मनीष जायसवाल से केवल 74 मतों से आगे हैं। राजमहल (सुरक्षित) सीट पर झामुमो के विजय हंसदक भाजपा के तलत मरांडी से 1,519 मतों से आगे हैं। गिरिडीह में आजसू पार्टी के सीपी चौधरी आगे हैं। झारखंड में 14 लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई थी। कुल 244 उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने कहा, ‘‘चतरा और कोडरमा में मतगणना के अधिकतम 27-27 दौर होंगे, जबकि खूंटी में 16 दौर होंगे। गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव में 24 दौर की मतगणना होगी।’’ कुल मिलाकर आठ मौजूदा सांसद और 12 विधायक संसदीय चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा नीत राजग सरकार की संविधान बदलने की कोशिश को नाकाम करेंगे : तेजस्वी यादव

रांची, 08 मई: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर संविधान बदलने और एससी, एसटी तथा ओबीसी श्रेणियों का ‘‘आरक्षण छीनने’’ की कोशिश का आरोप लगाते हुए बुधवार कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम कर देगी। यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की प्रत्याशी ममता भुइयां के पक्ष में पलामू के छतरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नेतृत्व वाला राजग भारत के संविधान को बदलना चाहता है लेकिन मैं वादा करता हूं कि कोई भी हमारे संविधान को नहीं बदल सकता और आपका आरक्षण नहीं छीन सकता। हम ऐसी किसी भी कोशिश को नाकाम कर देंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी पिछले 10 सालों में झूठ फैलाते रहे हैं और उन्होंने महंगाई रोकने, नौकरियां मुहैया कराने और काले धन को खत्म करने जैसे अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं किया।’’ राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झूठ के निर्माता, वितरक और थोक व्यापारी (होलसेलर) हैं। उन्होंने एलआईसी, बंदरगाह, हवाई अड्डे और देश की संपत्ति बेच दी है।’’ यादव ने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने विपक्षी दलों के ऐसे नेताओं के पीछे ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को लगा दिया, जो लोगों की आवाज उठा रहे हैं और उनके अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं।’’ राजद नेता ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया। उन्होंने मेरे पीछे सीबीआई को लगा दिया है।’’ उन्होंने वादा किया कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये तक कर दी जाएगी और गरीब महिलाओं को प्रति वर्ष एक लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

‘वोट की ताकत से 370 की दीवार गिरी’, झारखंड के पलामू में बोले पीएम मोदी

पलामू, 04 मई : तीसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में लोकसभा चुनाव प्रचार करने पहुंचे। झारखंड के पलामू में प्रचार के दौरान उन्होंने एक रैली को भी संबोधित किया। रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भाजपा और झारखंड का दिल का रिश्ता है। उन्होंने कांग्रेस और राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर जनता की जायदाद को हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने कहा कि वह राज्य में रोजगार को बढ़ाना चाहते हैं। पलामू में पीएम मोदी की रैली पलामू में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने वोट के महत्व पर बात की। उन्होंने बताया कि 500 साल में जो नहीं हुआ, जनता के एक वोट से वो कार्य पूरा हुआ। आज आयोध्या में राम मंदिर बन गया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “आप सभी अपने एक वोट के महत्व को बहुत अच्छी तरह जानते हैं। 2014 में आपके एक वोट ने ऐसा काम किया कि पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की ताकत को सलाम करने लगी थी। आपने 2014 में अपने एक वोट से कांग्रेस की महाभ्रष्ट सरकार को हटा दिया था। आपके एक वोट ने भाजपा-एनडीए की सरकार बनाई।” पीएम मोदी ने आगे कहा, “आपके इस एक वोट की ताकत से आज भारत का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। 500 साल से हमारी कितनी ही पीढ़ियां संघर्ष करती रही, इंतजार करती रही, लाखों लोग शहीद हुए, 500 साल लंबा संघर्ष चला। शायद इतिहास में इतना लंबा संघर्ष कहीं नहीं हुआ, जो अयोध्या में हुआ।” पीएम मोदी ने कहा, “आपके एक वोट की ताकत से जम्मू कश्मीर में धारा 370 की दीवार को जमीन में गाड़ दिया गया। हमारे झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और आंध्र प्रदेश में, पशुपति से लेकर तिरुपति तक नक्सलवाद, आतंकवाद फैला कर यहां की धरती को लहूलुहान कर देता था। आपके एक वोट ने कितनी ही माताओं की आस पूरी की और इस धरती को नक्सलवादी आतंकवाद से मुक्ति दिला दी।” कांग्रेस, झामुमो और राहुल गांधी पर साधा निशाना रैली में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने बताया कि एक वो स्थिति थी, जब आतंकी हमले के बाद कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया भर में जाकर रोती थी। आज स्थिति ये है कि पाकिस्तान दुनिया भर में जाकर रो रहा है। राहुल गांधी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि आज पाकिस्तान के नेता कांग्रेस के शहजादे को पीएम बनाने के लिए दुआ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “मजबूत भारत तो अब मजबूत सरकार ही चाहता है। पूरा हिंदुस्तान कह रहा है – मजबूत भारत के लिए मजबूत सरकार, मजबूत सरकार के लिए मोदी सरकार।” राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस के शहजादे मोदी के आंसुओं में अपनी खुशी ढूंढ रहे हैं। कहते हैं कि मोदी के आंसू अच्छे लगते हैं। ये निराश-हताश लोग अब कुंठित हो गए हैं। एक कहावत है – जाके पांव न फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई! कांग्रेस के शहजादे की हालत वही है।” पीएम मोदी ने बताया कि जनता की सेवा करते हुए 25 साल होने वाला है, लेकिन इस 25 वर्षों में मोदी पर एक पैसे के घोटाले का भी आरोप नहीं लगा है। कांग्रेस और झामुमो पर जनता की जायदाद हड़पने का आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी झामुमो पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झामुमो और कांग्रेस के नेताओं ने भ्रष्ट्राचार से अपार धन संपदा खड़ी की है। संपत्ति हो, राजनीति हो, सब कुछ वे अपने-अपने बच्चों के लिए अर्जित कर रहे हैं। अपने बच्चों के लिए ये लिए विरासत में ढेर सारी काली कमाई छोड़ कर जाएंगे। कांग्रेस और झामुमो पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं तो गरीबी का जीवन जीकर आया हूं। इसलिए, 10 वर्षों में गरीब कल्याण की हर योजना की प्रेरणा, मेरे जीवन के अनुभव ही हैं। जब आज लाभार्थियों से मिलता हूं, तो खुशी के मारे आंसू आ ही जाते हैं। ये आंसू वही समझ सकता है, जिसने गरीबी देखी हो, जिसने कष्ट में जीवन गुजारा हो।” प्रधानमंत्री ने बताया कि वह झारखंड में रोजगार बढ़ाना चाहते हैं और यहां के लोगों के जीवन में खुशहाली लाना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर झारखंड की जनता की जमीनों पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो की नजर केवल जनता की जायदाद पर है, उन्हें इसके अलावा कुछ नहीं दिखता। प्रधानमंत्री ने बताया कि जब देश का संविधान बन रहा था, तब यह तय किया गया था कि धर्म के आधार पर किसी को भी आरक्षण नहीं दिया जाएगा। अब कांग्रेस, झामुमो और आरजेडी सब मिलकर आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के आरक्षण में डाका डालकर उसे धर्म के आधार पर मुसलमानों को देना चाहते हैं। पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि जब तक वह जिंदा है, तब तक दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण में से रत्तीभर भी वह धर्म के आधार पर उनके वोटबैंक को नहीं देने देंगे।

आजादी के बाद पहली बार मतदान करेंगे बूढ़ा पहाड़ के लोग

गढ़वा (झारख्ंड), 07 अप्रैल: जहां कभी दहशत का माहौल था, वहां अब लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने की खुशियां हैं। जी हां, देश की आजादी के बाद पहली बार बूढ़ा पहाड़ के लोग आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन की ओर से यहां के लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिले के डीसी और एसपी खुद यहां पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के महत्व व उसके प्रयोग की जानकारी दे रहे हैं। लोगों में भी अपने इस अधिकार के प्रयोग को लेकर उत्साह है। एक वर्ष पूर्व सुरक्षा बलों ने गढ़वा जिले में स्थित बूढ़ा पहाड़ को नक्सलियों के चंगुल से आजाद कराया था। बताया जाता है कि अभी तक दहशत में रहे यहां के लोगों ने अब तक कभी मतदान ही नहीं किया है। इस बार लोकसभा चुनाव मे यहां मतदान कराने को लेकर डीसी, एसपी और सीआरपीफ के अधिकारियों ने विशेष तैयारी की है। यहां 13 मई को मतदान होना है। चुनाव आयोग के निर्देश पर डीसी और एसपी यहां खुद पहुंचे और ग्रामीणों से बगैर किसी भय के मतदान की अपील की। कभी दिन रात नक्सलियों की बंदूकों की तड़तड़ाहट और बम धमाकों की आवाजें सुनने वाले यहां के बच्चों को अब कविताएं सुनाई जा रही हैं। दहशत का स्थान अब पेंसिल ने ले लिया है। स्कूलों में जा रहे बच्चेे अब बड़े प्यार से पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के मुख से क से कबूतर ए से एप्पल और टू वन जा टू, टू टू जा फोर आदि सुनकर अधिकारियो ने भी ख़ुशी जाहिर की। एसपी ने बताया कि उन्होंने बगैर किसी भय के लोगों से मतदान की अपील की है। उन्हें हर प्रकार की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। डीसी ने कहा कि कभी नक्सलियो के कैद में रहे इस इलाके मेें अब विकास कार्य हो रहे हैं। हमने सभी से लोकसभा चुनाव मे मतदान की अपील की है। कभी भाकपा माओवादियों के इस गढ़ में आज शांति का संगीत सुनाई दे रहा है। हालांकि अभी भी सुरक्षा जवान 24 घंटे अलर्ट पर रहतेे हैं। लोगों में लोकतंत्र के महापर्व में शामिल होने को लेकर उत्साह व उमंग है।

ईडी ने जमीन घोटाले में झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ चार्जशीट फाइल की

रांची, 30 मार्च: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रांची के बड़गाईं अंचल में 8.46 एकड़ जमीन के घोटाले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और निलंबित राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के खिलाफ रांची स्थित पीएमएलए कोर्ट में शनिवार को चार्जशीट फाइल कर दी। सोरेन को 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। उनकी न्यायिक हिरासत के 60 दिन आज पूरे हो गए। नियमतः किसी अभियुक्त की गिरफ्तारी के 60 दिन के भीतर चार्जशीट फाइल करना अनिवार्य होता है। ईडी की टीम एक ट्रंक में चार्जशीट के कागजात लेकर शाम करीब 4.20 बजे रांची कोर्ट पहुंची। ईडी ने हेमंत सोरेन के खिलाफ कुल 5,500 पन्नों में चार्जशीट फाइल की है। इसमें मनीलॉन्ड्रिंग में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया है। गिरफ्तार किए जाने के बाद ईडी ने हेमंत सोरेन को रिमांड पर लेकर 3 फरवरी से पूछताछ शुरू की थी। अदालत के आदेश पर उनकी रिमांड की अवधि दो बार बढ़ाई गई है और उनसे कुल 13 दिनों तक जमीन की खरीदारी, व्हाट्सअप चैटिंग, अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में लेनदेन सहित कई बिंदुओं पर पूछताछ की गई थी। एजेंसी ने कोर्ट को बताया था कि सोरेन ने कई बिंदुओं पर सीधा और संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन भाजपा में शामिल

नई दिल्ली, 19 मार्च : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की पूर्व विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी और महासचिव विनोद तावड़े की मौजदूगी में सीता सोरेन को पार्टी की सदस्यता दिलाई और भाजपा परिवार में स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जेपी नड्डा और अमित शाह पर भरोसा जताते हुए वे भाजपा में शामिल हुईं। प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के आदिवासी लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि उन्हें झारखंड में अधिक रफ्तार से विकास के पथ पर ले जाना है। झारखंड में बदलाव की जरूरत है। भाजपा में शामिल होने के बाद सीता सोरेन ने कहा कि उन्होंने 14 साल तक पार्टी (जेएमएम) के लिए काम किया लेकिन उन्हें कभी भी पार्टी से वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी वे हकदार थीं। वह उपेक्षित महसूस कर रही थीं। इसके कारण उन्होंने जेएमएम पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार के खिलाफ साजिश रची जा रही है।

वर्ष 2030 तक दुनिया में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं : राष्ट्रपति मुर्मू

-राष्ट्रपति ने तीन को चांसलर मेडल, 58 को गोल्ड मेडल और 29 को पीएचडी की डिग्री दी रांची (झारखंड), 28 फरवरी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड सेंट्रल यूनिवर्सिटी (सीयूजे) के विद्यार्थियों से देश की समृद्धि और विकास में अहम योगदान देने की अपील की। यूनिवर्सिटी के चेरी मनातू (रांची) स्थित परिसर में बुधवार को आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा कि हमारे देश के युवा इस देश के सबसे बड़े प्राकृतिक संसाधन हैं। आबादी में 55 प्रतिशत से अधिक युवा वर्ग के ही हैं। वर्ष 2030 तक दुनिया में हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। मुर्मू ने कहा कि 2047 तक शिक्षित और समृद्ध भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियों को बनाना होगा। ऐसे में यहां के जिन युवाओं को पढ़ाई के बाद मेडल मिला है, वे अपने लिए अच्छा जीवन का निर्माण ही नहीं, देश और समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। विश्व गुरु बनने के सपने को पूरा करने और आने वाली पीढ़ी को इसका लाभ देने के लिए यह जरूरी है कि युवा जिस क्षेत्र में कार्यरत हों, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण के लिए काम करें। राष्ट्रपति ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पुण्य भूमि पर स्थित झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आकर मुझे विशेष हर्ष का अनुभव हो रहा है। मैं आज उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देती हूं। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मैं विशेष बधाई देती हूं। मैं सभी विद्यार्थियों के माता-पिता, अभिभावकों और प्राध्यापकों को भी बधाई देती हूं, जिन्होंने विद्यार्थियों की यात्रा के हर पड़ाव पर उनका साथ दिया है और मार्गदर्शन किया है। मुर्मू ने कहा कि सीयूजे कैंपस के पास से ही स्वर्णरेखा नदी बहती है। ऐसा कहा जाता है कि स्वर्णरेखा नदी का जल सेवन मात्र से ही मनुष्य को ज्ञान की प्राप्ति हो जाती है। ऐसी भूमि और नदी के सान्निध्य में शिक्षा प्राप्त करना आपके लिए सौभाग्य की बात है। आपके विश्वविद्यालय का आदर्श वाक्य है “ज्ञानात् ही बुद्धि कौशलम”। इसका अर्थ है, ज्ञान से ही बुद्धि और कौशल का विकास होता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी विद्यार्थी इस संस्थान से मिले ज्ञान का सार्थक उपयोग करेंगे। अब आप सब को जीवन की जटिल परिस्थितियों का सामना करना होगा और अपने ज्ञान से इसका हल प्राप्त करना होगा। हमारी बेटियां सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहीं मुर्मू ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार प्रदान करते समय, शिक्षण संस्थानों के दीक्षांत समारोहों में, विभिन्न सेवाओं के प्रशिक्षु अधिकारियों से मिलते समय मुझे अहसास होता है कि आज हमारी महिलाएं और बेटियां सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं। मुझे यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि आज स्वर्ण पदक प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों में हमारी बेटियों की संख्या लगभग 50 प्रतिशत है। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली बेटियों को मैं विशेष रूप से शुभाशीष देती हूं। प्रत्येक बाधा एवं अवरोध को पार करके आपके द्वारा प्राप्त की गई सफलता, हमारे समाज के लिए तथा सुनहरे भविष्य का सपना संजोने वाली हर बेटी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सीयूजे में सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए विशेष सेंटर्स बने मुर्मू कहा कि झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित शिक्षा पद्धति को अपनाया है। मुझे यह जानकर खुशी हुई है कि इस संस्थान द्वारा स्थानीय भाषा, साहित्य एवं संगीत की सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने एवं बढ़ावा देने के लिए विशेष सेंटर्स बनाए गए हैं। चेरी मनातू कैंपस ग्रीन आर्किटेक्ट को ध्यान में रखते तैयार किया गया है। इस संस्थान का ब्रांबे कैंपस भी प्रकृति के निकटता को दिखाता है। बगैर पेड़ काटे इको फ्रेंडली बनाया गया है। यह पर्यावरण संरक्षण के लिए अच्छा प्रयास है। हमें इको फ्रेंडली होना ही होगा। झारखंड आने पर घर जैसा होता है अनुभव द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि झारखंड आने पर उन्हें लगता है कि वे अपने घर वापस आयी हैं। यहां उन्होंने पूर्व में राज्यपाल के तौर पर धरती आबा बिरसा मुंडा की धरती पर जनसेवा करने का काम किया है। यहां के जनजातीय भाई बहनों से जुड़ाव रहा है। इसलिए नहीं कि वे आदिवासी हैं। जैसे परिवार में शारीरिक-मानसिक रूप से पिछड़े रहने वाले को ज्यादा ध्यान देते हैं, उसी भाव से विकास की दौड़ में पीछे रह गये लोगों के लिए सोचना चाहिए। कैसे उनका पूर्ण विकास हो। जनजातीय भाई लोग भी विकास की मुख्य धारा से जुड़े रहें। राष्ट्रपति ने कहा कि आदिवासी समाज के पास पारंपरिक ज्ञान का भंडार है। उनके जीवन शैली से हम सीख पाएं तो ग्लोबल वार्निंग की चुनौतियों से जूझ पाएंगे, उसे हरा सकेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू ने दीक्षांत समारोह में तीन विद्यार्थियों को चांसलर मेडल दिया। चांसलर मेडल पाने वाले स्टूडेंट्स में इंटीग्रेटेड एमटेक के शुभम भट्टाचार्य, एमटेक के उत्पल और एमएससी के अभिजीत गांगुली शामिल हैं।राष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में 67 मेडल प्रदान किए, जिसमें 58 स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल मिला जबकि 29 को पीएचडी डिग्री प्रदान की गयी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू दूसरी बार रांची पहुंची हैं। इसके पहले 24 मई को वे तीन दिवसीय दौरे में रांची पहुंची थी। झारखंड हाई कोर्ट के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन, खूंटी में केंद्रीय जनजातीय मंत्रालय की ओर से बिरसा कॉलेज कैंपस में महिलाओं के लिए आयोजित समारोह और रांची के ट्रिपल आईटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंची थीं।