सलमान खान गोलीकांड मामले में एक और शख्स गिरफ्तार

मुंबई, 18 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 14 अप्रैल को फायरिंग की गई। सुबह-सुबह दो बदमाश बाइक पर आए और गैलेक्सी अपार्टमेंट की तरफ पांच गोलियां चलाईं। फायरिंग की घटना से हर कोई हैरान है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान और खान परिवार को आश्वासन दिया है कि सरकार आपके साथ है। इस तरह इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हरियाणा से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है। दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद एक और को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने बीती देर रात एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह शख्स लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और शूटरों के बीच संपर्क का काम करता था। इस शख्स को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना रविवार (14 अप्रैल) की है। इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) है। दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब हरियाणा से एक और शख्स की गिरफ्तारी के बाद यह देखना बाकी है कि इस मामले में क्या होगा।

अमिताभ बच्चन को मिलेगा लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार

मुंबई, 17 अप्रैल : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। मंगेशकर परिवार ने लता मंगेशकर की याद में वर्ष 2022 में लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार की शुरुआत की थी। अमिताभ बच्चन को यह सम्मान लता मंगेशकर के पिता एवं संगीत जगत के दिग्गज दीनानाथ मंगेशकर के स्मृति दिवस पर 24 अप्रैल को प्रदान किया जाएगा। लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हर साल ऐसे व्यक्ति को दिया जाता है जिसने राष्ट्र, इसके लोगों और समाज के लिए अग्रणी योगदान दिया हो। सबसे पहले यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया गया था। इसके बाद 2023 में यह सम्मान लता मंगेशकर की बहन आशा भोसले को दिया गया।

धनुष की फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर रिलीज

मुंबई, 17 अप्रैल : दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार धनुष की आने वाली फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर रिलीज हो गया है। धनुष ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी आनेवाली फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में धनुष अस्त-व्यस्त और बिखरे हुए बाल वाले लुक में नजर आ रहे हैं।धनुष को बढ़ी हुई दाढ़ी के साथ एक दीवार के सामने खड़े होकर कैमरे की ओर देखते हुए दिखाया गया हैं। ‘कुबेर’ के निर्देशक शेखर कम्मुला हैं। फिल्म कुबेर में धनुष के अलावा नागार्जुन, रश्मिका मंदाना और जिम सर्भ की भी अहम भूमिका है। ‘कुबेर’ को तमिल, तेलुगू और हिंदी में एक साथ शूट किया गया है और इसका संगीत ‘पुष्पा’ फेम देवी श्री प्रसाद ने दिया है।

अक्षय कुमार की पहली तेलुगु फिल्म कनप्प की शूटिंग शुरू

मुंबई, 17 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली पहली तेलुगु फिल्म कनप्प की शूटिंग शुरू हो गयी है। अक्षय कुमार फिल्मकार विष्णु मांचू की फिल्म कनप्पा के जरिए तमिल सिनेमा में एंट्री करने जा रहे हैं ,जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। इसकी जानकारी विष्णु मांचू ने पोस्ट साझा कर दी है। विष्णु मांचू ने सोशल मीडिया पर अक्षय के साथ एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, कन्नप्पा का सफर और भी रोमांचक हो गया है। हम अक्षय कुमार का तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में स्वागत करते हैं। हम ‘कनप्पा के साथ तेलुगु फिल्म में अक्षय कुमार की शुरुआत की घोषणा करते हुए बहुत उत्साहित हैं। एक रोमांचक अनुभव के लिए तैयार हो जाइए जिसे आप कभी नहीं भूलेंगे। विष्णु मांचू की एक्शन एडवेंचर पैन इंडिया फिल्म ‘कन्नप्पा’ में अक्षय कुमार ,प्रभास के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। उनके अलावा मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल भी फिल्म का हिस्सा हैं। इनके अलावा नुपुर सेनन, नयनतारा और मोहन बाबू भी नजर आएंगे। यह फिल्म भगवान शिव के एक अटूट भक्त ‘कन्नप्पा’ की सच्ची कहानी पर आधारित है।

राम नवमी के अवसर पर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर श्रीमद रामायण का एक घंटे का होगा विशेष एपिसोड

मुंबई, 16 अप्रैल : ‘राम नवमी’ के शुभ अवसर पर 17 अप्रैल को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न ‘श्रीमद रामायण’ का एक घंटे का विशेष एपिसोड लेकर आ राह है। ‘राम नवमी’ के शुभ अवसर और महत्वपूर्ण कहानी पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, अभिनेता सुजय रेउ ने कहा, प्रभु श्रीराम को भगवान हनुमान पर पूरा विश्वास है, जो दृढ़ता से उनके पक्ष में खड़े हैं और लंका में माता सीता की खोज-खबर निकालने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। भगवान हनुमान का उनके प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट समर्पण और उनके कार्य निष्ठा से भरे हुए हैं, और माता सीता के ठिकाने का सबूत लाने की उनकी प्रतिबद्धता कोई साधारण काम नहीं है, बल्कि सही काम करने के स्थायी विश्वास का प्रतीक है। भगवान हनुमान एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे, और वह साबित करेंगे कि सबसे मुश्किल हालातों को भी विश्वास और दृढ़ संकल्प से दूर किया जा सकता है। सुजय रेउ ने कहा,राम नवमी के शुभ अवसर पर 1 घंटे के विशेष एपिसोड में, दर्शक देखेंगे कि भगवान हनुमान श्रीराम की अंगूठी लेकर माता सीता की खोज पर निकले हैं। आखिरकार आने वाले एपिसोड्स में, भगवान हनुमान को लंका पहुंचने और माता सीता को अंगूठी देने की कठिन परीक्षाओं से गुज़रते देखना दिलचस्प होगा। इस रामनवमी पर, रात 9:00 बजे ‘श्रीमद रामायण’ का 1 घंटे का विशेष एपिसोड सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रसारित होगा।

अमित साध स्टेयर्स फाउंडेशन के साथ युथ एम्पावरमेंट के लिए एम्बेसडर की भूमिका निभाएंगे

मुंबई, 16 अप्रैल : बॉलीवुड के जानेमाने अभिनेता अमित साध ने भारत में युवा सशक्तिकरण और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्टेयर्स फाउंडेशनके साथ अपने सहयोग की घोषणा की है। देश के युवाओं की क्षमता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के साथ स्टेयर्स फाउंडेशन ने अपनी प्रभावशाली पहल के लिए व्यापक प्रशंसा अर्जित की है। स्टेयर्स फाउंडेशन के मिशन के साथ अपने जुड़ाव को व्यक्त करते हुए, अमित साध ने कहा, मेरे विचार, मूल्य, व्यक्तिगत यात्रा और हमारे राष्ट्र के लिए गहरा प्यार स्टेयर्स फाउंडेशन , मेरे मित्र सिद्धार्थ उपाध्याय के दृष्टिकोण के साथ गहराई से मेल खाता है। अमित साध की स्टेयर्स फाउंडेशन के साथ भागीदारी इस महीने होने वाले आगामी यूथ नेशनल गेम्स से शुरू होगी। 27 अप्रैल को दिल्ली में शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देश भर से हजारों प्रतिभाशाली युवा एथलीट शामिल होंगे। ये खेल देश भर के 460 से अधिक जिलों से चुने गए 5000 से अधिक स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच के रूप में काम करते हैं, जो संभावित रूप से क्लबों, संघों और राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व में आगे के अवसरों के लिए मार्ग प्रशस्त करते हैं।

अपूर्वा अरोड़ा को सीरीज फैमिली आज कल के लिये मिली प्रशंसा

मुंबई, 16 अप्रैल : अभिनेत्री अपूर्वा अरोड़ा को सीरीज फैमिली आज कल के लिये काफी प्रशंसा मिल रही है। फैमिली आज कल में अपूर्वा के मेहर के किरदार को काफी सराहना मिल रही है।अपने किरदार की चुनौतियों के बावजूद, अपूर्वा का प्रदर्शन चमकता है और दर्शकों और आलोचकों को समान रूप से मंत्रमुग्ध कर देता है। अपूर्वा ने कहा, ‘फैमिली आज कल’ में मेरी भूमिका के लिए मुझे जो प्यार और सराहना मिली है, उसके लिए मैं अविश्वसनीय रूप से आभारी हूं। यह देखना वाकई सुखद है कि दर्शक शो और मेरे किरदार से कैसे जुड़े हैं। यह प्रोजेक्ट एक अद्भुत यात्रा रही है और मैं इसका हिस्सा बनकर रोमांचित हूं।’ अपूर्वा जल्द ही रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी फिल्म अनरियल में नजर आयेंगी।

घर पर फायरिंग के बाद फैंस से कम मिलेंगे सलमान खान

मुंबई, 16 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने घर पर फायरिंग की घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी बीच सलमान खान ने फैंस के साथ मुलाकात कम करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब उनकी और फैंस की मुलाकातें कम होंगी। यह तो सभी जानते हैं कि सलमान फिटनेस फ्रीक हैं। इसलिए वह अक्सर मुंबई के बांद्रा इलाके में घूमते रहते हैं। वह गैलेक्सी अपार्टमेंट से मेहबूब स्टूडियो तक साइकिल चलाते हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से उन्हें धमकी भरे कॉल और मैसेज आ रहे हैं, इसलिए उनका साइकिल चलाना या अकेले बाहर जाना कम हो गया है। अब जब उनके घर पर फायरिंग की घटना के बाद उन्होंने कुछ कड़े फैसले लिए हैं जिनमें बाहर साइकिल चलाना बंद करना और फैंस से मुलाकात कम करना भी शामिल हैं। इस बीच अब जब सलमान के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2023 में सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली। इस धमकी के बावजूद वह बांद्रा की सड़कों पर साइकिल चला रहे थे। हालांकि, उनके पीछे सुरक्षा गाड़ियां रहती थीं। सलमान को सड़क पर साइकिल चलाते देख फैंस उनका वीडियो बनाने लगते है। सलमान के बॉडीगार्ड ने एक फैन को वीडियो शूट करने से रोक दिया था। सलमान का यह वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में है।

अदिति भगत ने ‘उड़ारियां’ में सीखा ऑन-स्क्रीन रोमांस

मुंबई, 16 अप्रैल : शो ‘उड़ारियां’ में आसमा का किरदार निभाने वाली एक्‍ट्रेस अदिति भगत ने बताया कि इस शो ने उन्हें ऑन-स्क्रीन रोमांस करना सिखाया है। अदिति ने बताया कि वह शो में पहली बार रोमांटिक सीन कर रही हैं और वह स्वीकार करती हैं कि कभी-कभी उन्हें ऐसा करना मजेदार भी लगता है। उन्‍होंने कहा, ”उडारियां ने मुझे सिखाया कि ऑन-स्क्रीन रोमांस कैसे किया जाता है। मैं मजाक नहीं कर रही हूं, ऐसे सीन को शूट करना बहुत मुश्किल है क्योंकि कभी-कभी मुझे सीधा चेहरा बनाए रखना मुश्किल लगता है लेकिन एक कलाकार के रूप में आपको किसी भी दृश्य को करने के लिए तैयार रहना पड़ता है और मुझे लगता है कि मैं उसमें महारत हासिल कर रही हूं।” उन्होंने आगे कहा, “मुझे फाइट सीक्वेंस करने में भी मजा आ रहा है। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं टीवी पर एक्शन सीन करूंगी।” एक्‍ट्रेस रोजाना सेट पर आने को आतुर रहती हैं। वह कहती हैं कि ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्हें अपना काम इतना पसंद है कि अगर संभव हुआ तो वह सेट पर ही रहेंगी। अदिति ने कहा, “मुझे अपने काम से प्यार है। हर दिन जब मैं उठती हूं, तो मेरा दिल कृतज्ञता से भरा होता है, और इतने लोकप्रिय शो में मुख्य भूमिका निभाने के लिए मैं बहुत भाग्यशाली महसूस करती हूं। मुझे लगता है कि मेरे काम के प्रति मेरे मन में जो प्यार है, वह मुझे हर दिन काम पर आने के लिए प्रेरित करता है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं यहां चंडीगढ़ में शूटिंग के लिए अपने परिवार से दूर हूं और मेरा काम का शेड्यूल वास्तव में इतना व्यस्त है कि कभी-कभी मैं कई दिनों तक अपनी मां से बात भी नहीं करती हूं।” ‘उड़ारियां’ कलर्स पर प्रसारित होता है।

कपिल शर्मा ने माता वैष्णो देवी मंदिर में लिया आशीर्वाद

मुंबई, 16 अप्रैल : टेलीविजन सुपरस्टार कपिल शर्मा ने शुभ नवरात्रि के दौरान आशीर्वाद लेने के लिए सोमवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे। कॉमेडियन-अभिनेता-गायक को लाल और क्रीम रंग का प्रिंटेड कुर्ता पायजामा पहने देखा गया। उन्होंने मंदिर में अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। अभिनेता-कॉमेडियन को इन दिनों स्ट्रीमिंग शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में देखा जा सकता है, जिसमें कृष्णा अभिषेक, राजीव ठाकुर, कीकू शारदा और अर्चना पूरन सिंह भी हैं। इस शो ने हवाई जहाज पर झगड़े के सात साल बाद कपिल और सुनील ग्रोवर को फिर से एकजुट किया है। शो लॉन्च से पहले सुनील ने अपने शो के सेट पर मीडिया से बात की। उन्‍होंने उनके और कपिल के बीच की लड़ाई का मजाक उड़ाया, जिसने सात साल पहले मनोरंजन उद्योग में तूफान ला दिया था। सुनील ने मजाक में मीडिया को बताया कि उस समय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म देश में अपनी पैठ बना रहे थे, इसलिए उन्होंने और कपिल ने सोचा कि टेलीविजन सामग्री को ओटीटी बैंडवागन पर बढ़त दिलाने या बेहतर बनाने के लिए वे क्या कर सकते हैं। उन्होंने मजाक में कहा, “उस समय नेटफ्लिक्स इंडिया में नया नया आया था तो हमको लगा कि टेलीविजन के दर्शकों को बांध के रखने के लिए कुछ करना पड़ेगा।” सुनील ने कहा, “इस तरह हम पब्लिसिटी स्टंट के तौर पर लड़ाई का विचार लेकर आए।” वह मनगढ़ंत कहानी पर अपनी हंसी नहीं रोक सके।