मुंबई, 11 जून : बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी शादी करने जा रही हैं। बताया जा रहा है कि सोनाक्षी 23 जून को मुंबई में अपने बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल से शादी कर लेंगी। अब शादी को लेकर सोनाक्षी का रिएक्शन सामने आया है। एक इंटरव्यू में सोनाक्षी ने कहा है कि वह शादी के मुद्दों पर ज्यादा ध्यान नहीं देती हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सोनाक्षी ने कहा, ‘मुझसे हमेशा इस बारे में पूछा जाता है और अब ऐसा लगता है कि मैं इसे एक कान से सुनती हूं और दूसरे कान से निकल देती हूं। सबसे पहली बात तो यह कि मेरी शादी के बारे में बात करना किसी का काम नहीं है। दूसरी बात यह कि यह मेरी पसंद है इसलिए मुझे नहीं पता कि लोग इसके बारे में इतना क्यों सोच रहे हैं। मेरे माता-पिता से ज्यादा दूसरे लोग मुझसे शादी के बारे में पूछते हैं, इसलिए मुझे यह बहुत मजेदार लगता है। अब मुझे इसकी आदत हो गयी है। यह मुझे परेशान नहीं करता। लोग उत्सुक हैं, मैं क्या कर सकती हूं।’ रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल 23 जून को शादी करेंगे और इसके लिए उनके करीबी दोस्तों व पारिवारिक सदस्यों के अलावा ‘हीरामंडी’ के सभी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। यह भी खबर आई है कि इन दोनों की शादी का समारोह मुंबई के बास्टियन में होगा लेकिन अभी तक न तो जहीर और न ही सोनाक्षी ने इस बारे में कुछ कहा है।
पुण्यतिथि 02 जून के अवसर पर : भारतीय सिनेमा जगत के पहले शो मैन थे राज कपूर
भारतीय सिनेमा में राजकपूर को पहले शो मैन के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने अपनी फिल्मों के जरिये दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनायी। 14 दिसंबर 1924 को पेशावर (अब पाकिस्तान) में जन्मे राजकपूर जब मैट्रिक की परीक्षा में एक विषय में फेल हो गये तब अपने पिता पृथ्वीराज कपूर से उन्होंने कहा, मैं पढ़ना नही चाहता.. मैं फिल्मों में काम करना चाहता हूं ..मैं एक्टर बनना चाहता हूं। फिल्मे बनाना चाहता हूं। राजकपूर की बात सुनकर पृथ्वीराज कपूर की आंख खुशी से चमक उठी। राजकपूर ने अपने सिने कैरियर की शुरूआत बतौर बाल कलाकार वर्ष 1935 में प्रदर्शित फिल्म ‘इंकलाब’ से की। बतौर अभिनेता वर्ष 1947 में प्रदर्शित फिल्म ‘नीलकमल’ उनकी पहली फिल्म थी। राज कपूर का फिल्म नीलकमल में काम करने का किस्सा काफी दिलचस्प है। पृथ्वीराज कपूर ने अपने पुत्र राज को केदार शर्मा की यूनिट में क्लैपर ब्वॉय के रूप में काम करने की सलाह दी। फिल्म की शूटिंग के समय वह अक्सर आइने के पास चले जाते थे और अपने बालो में कंघी करने लगते थे। क्लैप देते समय इस कोशिश में रहते कि किसी तरह उनका भी चेहरा कैमरे के सामने आ जाये। एकबार फिल्म विषकन्या की शूटिंग के दौरान राजकपूर का चेहरा कैमरे के सामने आ गया और हड़बडाहट में चरित्र अभिनेता की दाढी क्लैप बोर्ड में उलझकर निकल गयी। बताया जाता है केदार शर्मा ने राजकपूर को अपने पास बुलाकर जोर का थप्पड लगाया। हालांकि केदार शर्मा को इसका अफसोस रात भर रहा। अगले दिन उन्होने अपनी नयी फिल्म नीलकमल के लिये राजकपूर को साइन कर लिया। राजकपूर फिल्मों मे अभिनय के साथ ही कुछ और भी करना चाहते थे। वर्ष 1948 में आर.के.फिल्मस की स्थापना कर ‘आग’ का निर्माण किया। वर्ष 1952 में प्रदर्शित फिल्म ‘आवारा’ राजकपूर के सिने कैरियर की अहम फिल्म साबित हुयी। फिल्म की सफलता ने राजकपूर को अंतराष्ट्रीय ख्याति दिलाई। फिल्म का शीर्षक गीत ‘आवारा हूं या गर्दिश में आसमान का तारा हूं.. देश..विदेश में बहुत लोकप्रिय हुआ। राजकपूर के सिने कैरियर में उनकी जोडी अभिनेत्री नरगिस के साथ काफी पसंद की गयी। दोनों ने सबसे पहले वर्ष 1948 में प्रदर्शित फिल्म बरसात में नजर आयी। इसके बाद अंदाज.जान पहचान.आवारा. अनहोनी. आशियाना.अंबर .आह .धुन .पापी .श्री 420 .जागते रहो और चोरी चोरी जैसी कई फिल्मों में भी दोनों कलाकारों ने एक साथ काम किया। श्री 420 फिल्म में बारिश में एक छाते के नीचे फिल्माये गीत.प्यार हुआ इकरार हुआ में नरगिस और राजकपूर के प्रेम प्रसंग के अविस्मरणीय दृश्य को सिने दर्शक शायद ही कभी भूल पायें। राज कपूर ने अपनी बनायी फिल्मों के जरिए कई छुपी हुयी प्रतिभा को आगे बढ़ने का मौका दिया इनमे संगीतकार शंकर जयकिशन, गीतकार हसरत जयपुरी .शैलेन्द्र और पार्श्वगायक मुकेश जैसे बड़े नाम शामिल है। वर्ष 1949 में राजकपूर की निर्मित फिल्म .बरसात.के जरिये राजकपूर ने गीतकार के रूप में शैलेन्द्र .हसरत जयपुरी और संगीतकार के तौर पर शंकर जयकिशन ने अपने कैरियर की शुरूआत की थी। वर्ष 1970 में राजकपूर ने फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ का निर्माण किया जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह नकार दी गयी। अपनी फिल्ममेरा नाम जोकर की असफलता से राजकपूर को गहरा सदमा पहुंचा। उन्हें काफी आर्थिक क्षति भी हुयी। उन्होंने निश्चय किया कि भविष्य में यदि वह फिल्म का निर्माण करेगे तो मुख्य अभिनेता के रूप में काम नहीं करेगे। मुकेश को यदि राजकपूर की आवाज कहा जाये तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। मुकेश ने राजकपूर अभिनीत सभी फिल्मों में उनके लिये पार्श्वगायन किया। मुकेश की मौत के बाद राजकपूर ने कहा था ‘लगता है मेरी आवाज ही चली गयी है.. राजकपूर को अपने सिने करियर में मानसम्मान खूब मिला। वर्ष 1971 में राजकपूर पदमभूषण पुरस्कार और वर्ष 1987 में हिंदी फिल्म जगत के सवोच्च सम्मान दादा साहब पाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किये गये। बतौर अभिनेता उन्हें दो बार जबकि बतौर निर्देशक उन्हें चार बार पिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 1985 में राजकपूर निर्देशित अंतिम फिल्म .राम तेरी गंगा मैली प्रदर्शित हुयी। इसके बाद राजकपूर अपने महात्वाकांक्षी फिल्म ‘हिना’ के निर्माण में व्यस्त हो गये लेकिन उनका सपना साकार नहीं हुआ और 02 जून 1988 को इस दुनिया को अलविदा कह गये।
‘आर्टिकल 370’ के बाद आदित्य धर और आदित्य सुहास जांभले बनायेंगे ‘बारामुला’
मुंबई, 18 अप्रैल : फिल्म आर्टिकल 370 की निर्माता-निर्देशक जोड़ी आदित्य धर और आदित्य सुहास जांभले अब कश्मीर की कहानी पर आधारित ‘बारामुला’ बनाने जा रहे हैं। आदित्य धर और आदित्य सुहास जांभले ने आर्टिकल 370 से पहले फिल्म बारामुला पर काम शुरू किया था। हालांकि आर्टिकल 370 पहले बनकर तैयार हो गई। आदित्य धर और आदित्य सुहास जांभले अब फिल्म बारमुला को लेकर आना चाहते हैं जिसके लिए दोनों ने पूरी तैयारी भी कर ली है। आर्टिकल 370 की तरह इस फिल्म की कहानी भी कश्मीर पर अधारित है। निर्देशक आदित्य सुहास जांभले ने बताया, एक दो महीने में हम कश्मीर की पृष्ठभूमि पर बनी सुपरनैचुरल फिल्म बारामुला की रिलीज की घोषणा करेंगे। फिलहाल विजुअल इफेक्ट्स पर काम चल रहा है।’यह फिल्म मैंने खुद लिखी है। फिल्म में मानव कौल डीएसपी की भूमिका में होंगे। आदित्य धर के साथ आदित्य सुहास अपनी तीसरी फिल्म भी करने वाले हैं। उन्होंने बताया कि इस एक्शन थ्रिलर फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। फिल्म गोवा पर आधारित होगी। दो महीने में स्क्रिप्ट फाइनल होगी, तो शूटिंग शुरू करेंगे।
‘सिंघम अगेन’ में डांस नंबर का तड़का लगायेगी करीना कपूर!
मुंबई, 18 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर अपनी आने वाली फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में डांस नंबर का तड़का लगाती नजर आ सकती है। बॉलीवुड फिल्मकार रोहित शेट्टी सिंघम सीरीज की अगली फिल्म सिंघम अगेन लेकर आ रहे हैं, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में अक्षय कुमार और रणवीर सिंह भी कैमियो रोल में होंगें। इनके अलावा दीपिका पादुकोण भी फिल्म का हिस्सा हैं। इस फिल्म में एक डांस नंबर भी जोड़ा गया है।फिल्म ‘सिंघम अगेन’ का डांस नंबर करीना कपूर कर रही हैं। डांस नंबर में करीना कपूर, टाइगर श्रॉफ और अजय देवगन के साथ नजर आएंगी।
टाइम्स मैग्जीन के सौ सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल हुई आलिया भट्ट
मुंबई, 18 अप्रैल : आलिया भट्ट इस समय मनोरंजन जगत की टॉप अभिनेत्री हैं। आलिया ने पिछले कुछ सालों में कई फिल्मों में अभिनय करके प्रशंसकों का प्यार कमाया है। करियर की शुरुआत में एक्टिंग को लेकर ट्रोल होने वाली आलिया अब अपनी एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। आलिया के सिर पर एक और ताज सज गया है। दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में आलिया भट्ट को भी शामिल किया गया है। आलिया भट्ट को ”टाइम्स” की टॉप 100 प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल किया गया है। इस लिस्ट में आलिया भट्ट समेत दुनियाभर के लोगों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ फेम देव पटेल को भी शामिल किया गया है। देव पटेल एक भारतीय ब्रिटिश अभिनेता हैं। इसके अलावा पहलवान साक्षी मलिक को भी शामिल किया गया है। आलिया भट्ट बॉलीवुड के साथ हॉलीवुड में भी पहचान बना रही हैं। आलिया ने पिछले साल 2023 में फिल्म ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ से हॉलीवुड में डेब्यू किया था। आलिया ने अपने 12 साल के करियर में कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। आलिया फिलहाल ‘जिगरा’ की शूटिंग कर रही हैं। वह अक्सर पति रणबीर कपूर और बेटी राहा के साथ स्पॉट होती नजर आती हैं।
सलमान खान गोलीकांड मामले में एक और शख्स गिरफ्तार
मुंबई, 18 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 14 अप्रैल को फायरिंग की गई। सुबह-सुबह दो बदमाश बाइक पर आए और गैलेक्सी अपार्टमेंट की तरफ पांच गोलियां चलाईं। फायरिंग की घटना से हर कोई हैरान है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान और खान परिवार को आश्वासन दिया है कि सरकार आपके साथ है। इस तरह इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हरियाणा से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई जारी है। दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद एक और को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने बीती देर रात एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह शख्स लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और शूटरों के बीच संपर्क का काम करता था। इस शख्स को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना रविवार (14 अप्रैल) की है। इससे आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) है। दोनों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब हरियाणा से एक और शख्स की गिरफ्तारी के बाद यह देखना बाकी है कि इस मामले में क्या होगा।
अमिताभ बच्चन को मिलेगा लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार
मुंबई, 17 अप्रैल : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। मंगेशकर परिवार ने लता मंगेशकर की याद में वर्ष 2022 में लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार की शुरुआत की थी। अमिताभ बच्चन को यह सम्मान लता मंगेशकर के पिता एवं संगीत जगत के दिग्गज दीनानाथ मंगेशकर के स्मृति दिवस पर 24 अप्रैल को प्रदान किया जाएगा। लता दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार हर साल ऐसे व्यक्ति को दिया जाता है जिसने राष्ट्र, इसके लोगों और समाज के लिए अग्रणी योगदान दिया हो। सबसे पहले यह पुरस्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिया गया था। इसके बाद 2023 में यह सम्मान लता मंगेशकर की बहन आशा भोसले को दिया गया।
धनुष की फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर रिलीज
मुंबई, 17 अप्रैल : दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार धनुष की आने वाली फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर रिलीज हो गया है। धनुष ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी आनेवाली फिल्म ‘कुबेर’ का पोस्टर शेयर किया है। पोस्टर में धनुष अस्त-व्यस्त और बिखरे हुए बाल वाले लुक में नजर आ रहे हैं।धनुष को बढ़ी हुई दाढ़ी के साथ एक दीवार के सामने खड़े होकर कैमरे की ओर देखते हुए दिखाया गया हैं। ‘कुबेर’ के निर्देशक शेखर कम्मुला हैं। फिल्म कुबेर में धनुष के अलावा नागार्जुन, रश्मिका मंदाना और जिम सर्भ की भी अहम भूमिका है। ‘कुबेर’ को तमिल, तेलुगू और हिंदी में एक साथ शूट किया गया है और इसका संगीत ‘पुष्पा’ फेम देवी श्री प्रसाद ने दिया है।
अक्षय कुमार की पहली तेलुगु फिल्म कनप्प की शूटिंग शुरू
मुंबई, 17 अप्रैल : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली पहली तेलुगु फिल्म कनप्प की शूटिंग शुरू हो गयी है। अक्षय कुमार फिल्मकार विष्णु मांचू की फिल्म कनप्पा के जरिए तमिल सिनेमा में एंट्री करने जा रहे हैं ,जिसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है। इसकी जानकारी विष्णु मांचू ने पोस्ट साझा कर दी है। विष्णु मांचू ने सोशल मीडिया पर अक्षय के साथ एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, कन्नप्पा का सफर और भी रोमांचक हो गया है। हम अक्षय कुमार का तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में स्वागत करते हैं। हम ‘कनप्पा के साथ तेलुगु फिल्म में अक्षय कुमार की शुरुआत की घोषणा करते हुए बहुत उत्साहित हैं। एक रोमांचक अनुभव के लिए तैयार हो जाइए जिसे आप कभी नहीं भूलेंगे। विष्णु मांचू की एक्शन एडवेंचर पैन इंडिया फिल्म ‘कन्नप्पा’ में अक्षय कुमार ,प्रभास के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। उनके अलावा मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल भी फिल्म का हिस्सा हैं। इनके अलावा नुपुर सेनन, नयनतारा और मोहन बाबू भी नजर आएंगे। यह फिल्म भगवान शिव के एक अटूट भक्त ‘कन्नप्पा’ की सच्ची कहानी पर आधारित है।
राम नवमी के अवसर पर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर श्रीमद रामायण का एक घंटे का होगा विशेष एपिसोड
मुंबई, 16 अप्रैल : ‘राम नवमी’ के शुभ अवसर पर 17 अप्रैल को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न ‘श्रीमद रामायण’ का एक घंटे का विशेष एपिसोड लेकर आ राह है। ‘राम नवमी’ के शुभ अवसर और महत्वपूर्ण कहानी पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, अभिनेता सुजय रेउ ने कहा, प्रभु श्रीराम को भगवान हनुमान पर पूरा विश्वास है, जो दृढ़ता से उनके पक्ष में खड़े हैं और लंका में माता सीता की खोज-खबर निकालने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। भगवान हनुमान का उनके प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट समर्पण और उनके कार्य निष्ठा से भरे हुए हैं, और माता सीता के ठिकाने का सबूत लाने की उनकी प्रतिबद्धता कोई साधारण काम नहीं है, बल्कि सही काम करने के स्थायी विश्वास का प्रतीक है। भगवान हनुमान एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे, और वह साबित करेंगे कि सबसे मुश्किल हालातों को भी विश्वास और दृढ़ संकल्प से दूर किया जा सकता है। सुजय रेउ ने कहा,राम नवमी के शुभ अवसर पर 1 घंटे के विशेष एपिसोड में, दर्शक देखेंगे कि भगवान हनुमान श्रीराम की अंगूठी लेकर माता सीता की खोज पर निकले हैं। आखिरकार आने वाले एपिसोड्स में, भगवान हनुमान को लंका पहुंचने और माता सीता को अंगूठी देने की कठिन परीक्षाओं से गुज़रते देखना दिलचस्प होगा। इस रामनवमी पर, रात 9:00 बजे ‘श्रीमद रामायण’ का 1 घंटे का विशेष एपिसोड सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न पर प्रसारित होगा।