बहन परिणीति और राघव की सगाई समारोह के लिए दिल्ली पहुंचीं प्रियंका चोपड़ा

नई दिल्ली 13 मई: आम आदमी पार्टी (आप) नेता राघव चड्ढा के साथ परिणीति चोपड़ा की सगाई में शामिल होने के लिए शनिवार को बहन प्रियंका चोपड़ा जोनस दिल्ली पहुंच गई हैं। उन्हें देखने के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 के वीआईपी एरिया में प्रेस फोटोग्राफरों और टीवी कैमरा वालों का जमावड़ा लग गया। प्रियंका ने गोल्फ कैप, डार्क शेड्स के साथ कॉफी कलर का स्पोर्टी आउफिट पहना हुआ था। वह सीधे कपूरथला हाउस के लिए रवाना हुईं, जहां शाम 5 बजे सगाई होनी है। इस दौरान उनके साथ उनके पति निक जोनस नहीं थे। प्रियंका भारत आती रहती हैं। इससे पहले वह नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर इवेंट के लिए और फिर को-स्टार रिचर्ड मैडेन के साथ थ्रिलर सीरीज ‘सिटाडेल’ के प्रमोशन के लिए भारत आई थीं। सगाई समारोह शाम 5 बजे सिखों के गुरु ग्रंथ साहिब से सुखमनी साहिब के जाप के साथ शुरू होगा। इसके बाद ‘अरदास’ होगी। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके पंजाब समकक्ष भगवंत मान और बॉलीवुड हस्तियों के भी शामिल होने की उम्मीद है। सगाई से पहले, मुंबई के बांद्रा इलाके में परिणीति का अपार्टमेंट रोशनी से जगमगा उठा। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में बांद्रा हाईराइज में परिणीति के अपार्टमेंट को लाइटिंग से सजा देखा गया है। राघव और परिणीति की डेटिंग की अफवाहें पिछले महीने तब जोर पकड़ीं जब दोनों को लंदन और फिर मुंबई में एक साथ देखा गया। वर्कफ्रंट की बात करें तो इस बीच परिणीति इम्तियाज अली की फिल्म ‘चमकीला’ में दिलजीत दोसांझ के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। कहा जाता है कि यह फिल्म लोकप्रिय पंजाबी गायक अमर सिंह चमकीला से प्रेरित है, जिनकी 1980 के दशक में हत्या कर दी गई थी। ऐसा माना जाता है कि ‘चमकीला’ की शूटिंग के लिए पंजाब में फिल्म यूनिट के लॉन्ग स्टे के दौरान यह जोड़ी एक-दूसरे के करीब आई।      

अभिनेत्री परिणीति और AAP सांसद राघव चड्ढा की सगाई में शामिल होंगे ये एक्टर्स, सामने आई लिस्ट

मुंबई, 13 मई : बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अब अपने जीवन में एक नई यात्रा शुरू करने जा रही हैं। परिणीति शनिवार यानी 13 मई को आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा के साथ सगाई करने जा रही हैं। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक और यहां तक कि फैंस के बीच भी इनके अफेयर की चर्चा काफी दिनों से चल रही है। अब उनकी सगाई में कौन-कौन से कलाकार शिरकत करेंगे इसकी लिस्ट सामने आ गई है। परिणीति और राघव की सगाई पार्टी में शामिल होने वाले मेहमानों की लिस्ट सामने आ गई है। कुल 150 लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें परिवार के सदस्यों के अलावा करीबी रिश्तेदार और दोस्त हैं। इन मेहमानों में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, सानिया मिर्जा, अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा, फराह खान, करण जौहर शामिल हैं। इस कार्यक्रम में कुछ राजनीतिक नेता भी शिरकत करने वाले हैं। राघव और परिणीति ने अपनी सगाई के लिए दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित कपूरथला हाउस को चुना है। कहा जा रहा था कि इस सगाई में 150 मेहमान शामिल होंगे। हालांकि, अब यह इवेंट काफी प्राइवेट होने वाला है, जिसमें सिर्फ फैमिली मेंबर्स और क्लोज फ्रेंड्स ही शिरकत करेंगे। राघव और परिणीति अब अपने नए सफर की ओर एक कदम बढ़ाएंगे। चर्चा है कि सगाई के दिन परिणीति मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन की गई ड्रेस पहनेंगी।      

खेसारीलाल यादव की फिल्म ‘मेरे नैना तेरे नैना’, 02 जून को होगी रिलीज

मुंबई, 12 मई: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की अवधी फिल्म ‘मेरे नैना तेरे नैना’ 02 जून को रिलीज होगी। ‘मेरे नैना तेरे नैना’ के निर्देशक लाल विजय शाहदेव हैं जबकि निर्माता राकेश डांग और दीपक सिम्हल हैं। रवि भाटिया, इस फिल्म में स्पेशल एपीयरेंस में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर निर्देशक लाल विजय शाहदेव ने बताया कि फिल्म ‘मेरे नैना तेरे नैना’ की कहानी के बारे में पहले से बताना सही नहीं होगा। लेकिन इतना तय है कि यह फिल्म मनोरंजन के एक अलग ही लेवल पर ले जाने वाली फिल्म है, जिसमें दर्शक अंत तक एक रहस्य से जुड़े रहेंगे। फिल्म की पूरी जर्नी रोमांचक होने वाली है और फिल्म में खेसारीलाल यादव का अभिनय भी मुख्य आकर्षण होने वाला है। फिल्म का ट्रेलर पहले ही यूट्यूब पर रिलीज हो चुका है जिसे दर्शकों ने खूब सराहा है। फिल्म भी 2 जून से सिनेमाघरों में होगी। इसलिए दर्शकों से अपील होगी कि वे हमारी फिल्मों को अपने परिजनों के साथ सिनेमाघरों में जाकर देखेंगे। गौरतलब है कि फिल्म ‘मेरे नैना तेरे नैना’ में खेसारी लाल यादव के साथ खुशबू शर्मा, कामाक्षी ठाकुर, नीना चीमा, रितु शर्मा, निशिकांत दीक्षित और चुन्नू मेहरा मुख्य भूमिका में है। इस फिल्म की सह निर्माता अमृता शाहदेव एवं मधुकर वर्मा, लेखक लाल विजय शाहदेव एवं केदार धारवाडकर हैं। छायांकन अजीत सिंह ने किया है। संगीत सुरज, कृष्णा बेदर्दी एवं ओम झा का है। संकलन नुरेन अंसारी-अखिलेश सिंह और गीत प्यारे लाल यादव व कृष्णा बेदर्दी का का है। नृत्य कानू मुखर्जी, कला डी. के. राहुल, तकनीक निर्देशक कामाक्षी ठाकुर हैं।

राहुल शर्मा और अक्षरा सिंह की फिल्म ‘डार्लिंग’ का फर्स्ट लुक रिलीज

मुंबई, 12 मई: बॉलीवुड अभिनेता राहुल शर्मा और भोजपुरी सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की आने वाली फिल्म ‘डार्लिंग’ का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। फिल्म डार्लिंग के निर्देशक लेखक एवं कथाकार रजनीश मिश्रा है। प्रदीप के शर्मा के बाबा मोशन पिक्चर प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी और रत्नाकर कुमार द्वारा प्रस्तुत फिल्म ‘डार्लिंग’ की को प्रोड्यूसर अनीता शर्मा है। वहीं फिल्म को लेकर प्रदीप के शर्मा ने कहा कि डार्लिंग एक बेहतरीन फिल्म होने वाली है। फिल्म रिलीज के प्रोसेस में है। यह भोजपुरी की सबसे बड़ी बजट की फिल्म है। इस पर हम सभी ने मिलकर बेहद मेहनत की है। उम्मीद है जब यह थिएटर में आएगी तो दर्शकों को यह पसंद आने वाली है। वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के मालिक रत्नाकर कुमार ने कह, ‘डार्लिंग’ इंडस्ट्री में स्थापित सभी धारणाओं को तोड़ने वाली फिल्म होगी। फिल्म का कथानक उम्दा है। इस फिल्म से राहुल शर्मा के रूप में एक अच्छा कलाकार इंडस्ट्री को मिलेगा, तो अक्षरा सिंह की भी अदाकारी दर्शकों को नए अंदाज में देखने को मिलेगी। यह फिल्म हर एक कलाकार और तकनीशियन की मेहनत से आकार ले पाई है, जो अब सही समय पर दर्शकों के बीच होगी। गौरतलब है कि फिल्म ‘डार्लिंग’ में अक्षरा सिंह और राहुल शर्मा के साथ शुरुश्ती पाठक, अमित शुक्ला, संजय महानंद, रोहित सिंह मटरू और सुजान सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का गीत रजनीश मिश्रा, प्रफुल्ल तिवारी और संतोष उत्पाती का है। म्यूजिक रजनीश मिश्रा ने दिया है।एक्शन दिलीप यादव का है। कोरियोग्राफी कानू मुखर्जी और संजीव शर्मा ने की है।

अरविंद अकेला कल्लू का धमाकेदार गाना ‘बुनिया’ सोशल मीडिया पर मचाया धमाल

मुंबई, 11 मई: युवा दिलों की धड़कन अरविंद अकेला कल्लू और सारेगामा ‘हम भोजपुरी’ के सहयोग से तैयार भोजपुरी गाना ‘बुनिया’ म्यूजिक वर्ल्ड में धमाल मचा रहा है। इस गाने को अरविंद अकेला कल्लू ने भोजपुरी सुरों की मल्लिका शिल्पी राज के साथ गाया है। उनके इस गाने को अब तक डेढ़ मिलियन लोगों ने देख लिया है और यह गाना हर मिनट वायरल हो रहा है। अरविंद अकेला कल्लू के इस गाने का एक आकर्षण खूबसूरत अभिनेत्री श्वेता म्हारा के साथ उनकी खूबसूरत केमिस्ट्री भी है, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया है। गाने को भी दोनों के फैंस झोली भर कर प्यार दे रहे हैं। इस गाने को लेकर सारेगामा हम भोजपुरी के बिजनेस हेड बद्रीनाथ झा ने बताया कि यह फुल कमर्शियल गाना है, जिसे हमने शादी ब्याह के इस सीजन में ऑडियंस की पसंद के हिसाब से बनाया है। सारेगामा हम भोजपुरी हमेशा नए प्रयोग और नए कांसेप्ट के साथ काम करने में यकीन रखती है। इसलिए अगर आपने गौर किया है तो आपको भी पता होगा कि सारेगामा हम भोजपुरी से रिलीज होने वाले गानों में विविधता और नयापन देखने को मिलता है। इस सिलसिले को बढ़ाते हुए हम आगे बढ़ रहे हैं और इसकी झलक कल्लू और श्वेता म्हारा स्टारर गाना ‘बुनिया’ में भी आपको बखूबी देखने को मिलेगा। इसलिए भोजपुरी के हर एक दर्शकों से अपील है कि अपने चहेते स्टार कल्लू के इस गाने को चार्टबस्टर बनाएं। यकीन मानिए, आगे भी हम सब मिलकर एक से बढ़कर एक गाना लेकर आते रहेंगे। गाना ‘बुनिया’ को भागीरथ पाठक ने लिखा है। इस गाने को संगीतबद्ध किया है शुभम राज ने। गाने में आवाज अरविंद अकेला कल्लू और शिल्पी राज का है, जबकि इसके म्यूजिक वीडियो में कल्लू के साथ श्वेता म्हारा परफॉर्म करती नजर आ रही हैं।

फिल्म ‘उलझ’ में काम करेंगी जाह्नवी कपूर, स्पाई थ्रिलर है फिल्म

मुंबई, 10 मई: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘उलझ’ में काम करती नजर आयेंगी। फिल्म ‘उलझ’ में जाह्नवी कपूर के साथ गुलशन देवैया और रोशन मैथ्यू लीड रोल में दिखाई देंगे। इंटरनेशनल स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘उलझ’ की कास्ट और टाइटल हाल ही मेकर्स ने अनाउंस किया है। फिल्म ‘उलझ’ की शूटिंग मई के आखिर से शुरू होने वाली है। जाह्नवी कपूर, गुलशन देवैया और रोशन मैथ्यू के साथ इस फिल्म में राजेश ताइलांग, मैयांग चांग, सचिन खेदकर, राजेंद्र गुप्ता और जितेंद्र जोशी जैसे कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म ‘उलझ’ का निर्देशन सुधांशु सरिया करने वाले हैं। फिल्म का लेखन परवेज शेख और सुधांशु सरिया ने किया है। डायलॉग्स अतिका चोहान ने लिखे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘उलझ’ की कहानी एक आईएफएस ऑफिसर की है। यह ऑफिसर एक रसूख रखने वाले देशभक्तों के परिवार से है। ‘उलझ’ की कहानी का ट्वीस्ट यह है कि यंग आईएफएस ऑफिसर एक खतरनाक पर्सनल साजिश का शिकार हो जाता है और कई तरह की मुसाबितों में फंस जाता है।

पश्चिम बंगाल में ‘द केरला स्टोरी’ रोक के खिलाफ याचिका पर 12 मई को सुनवाई

नई दिल्ली, 10 मई : उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को फिल्म ‘‘द केरला स्टोरी’’ के निर्माताओं की उस याचिका पर 12 मई को सुनवाई के लिए सहमति जताई, जिसमें पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा फिल्म के प्रदर्शन पर रोक के फैसले को चुनौती दी गई है। वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी.एस. नरसिम्हा की पीठ के समक्ष तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए मामले का उल्लेख किया। साल्वे ने कहा कि याचिका पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा फिल्म के प्रदर्शन पर पाबंदी और तमिलनाडु में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक को चुनौती देती है। पहले पीठ ने कहा कि उसने मंगलवार को फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार करने वाले केरल उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ एक अलग याचिका पर 15 मई को सुनवाई करना तय किया है और उस दिन इस याचिका पर भी सुनवाई की जाएगी। साल्वे ने कहा, ‘‘हमारा रोजाना आर्थिक नुकसान हो रहा है।’’ इस पर पीठ ने याचिका पर 12 मई को सुनवाई के लिए सहमति जताई। गत शुक्रवार को रिलीज हुई ‘द केरला स्टोरी’ में अभिनेत्री अदा शर्मा मुख्य भूमिका में हैं।

प्रभास की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का ट्रेलर रिलीज, लंच से पहले लगे जय श्री राम के नारे

मुंबई, 09 मई : दक्षिण भारतीय अभिनेता प्रभास की आने वाली फिल्म आदिपुरुषका ट्रेलर रिलीज हो गया है। आदिपुरुष के ट्रेलर की शुरुआत ‘मंगल भवन अमंगल हारी…‘हनुमान चालीसा के साथ होती हैं। इसके बाद एक अलौकिक आवाज सुनाई देती है, जो कहता है, ‘ये कहानी है मेरे प्रभु श्री राम की उनकी जो मानव से भगवान बन गए। जिनका जीवन था मर्यादा का उत्सव और नाम था राघव। जिनके धर्म ने तोड़ दिया अधर्म का अहंकार गाथा उस रघुनंदन की। युग-युगांतर से जीवित है ये कहानी ‘रामायण‘ की।‘ इसके बाद राणव के अवतार में सैफ अली खान नजर आते हैं। वह मां सीता यानी कृति सैनन ने भिक्षा मांगते हैं और वह लक्ष्मण रेखा को पार कर आगे बढ़ जाती हैं। ट्रेलर को टी-सीरीज़ के ऑफिशियल यूट्यूब अकाउंट पर रिलीज़ किया गया है। गौरतलब है कि आदिपुरुष का निर्देशन ओम राउत ने किया हैं और टी-सीरीज़ के भूषण कुमार और कृष्ण कुमार, ओम राउत, प्रसाद सुतार और रेट्रोफाइल्स के राजेश नायर द्वारा निर्मित है। फिल्म ‘आदिपुरुष’ को 2डी, 3डी,आईमैक्सजैसे फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा। फिल्म ‘आदिपुरुष’ दुनिया भर के करीब 20 हजार स्क्रीन्स पर 16 जून को रिलीज होगी। फिल्म आदिपुरुष के ट्रेलर लॉन्च से पहले मुंबई के जुहू इलाके में एक मल्टीप्लेक्स में फैंस ने जय श्री राम के नारे लगाए और भगवा झंडा लहराया। फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सैनन ने देवी सीता, सनी सिंह ने लक्ष्मण और सैफ अली खान ने रावण की भूमिका निभाई है। मीडिया भी ट्रेलर रिलीज के लिए इंतजार कर रहा था। इस दौरान पारंपरिक परिधान में हाथ में भगवा झंडे लिए आए फैंस ने जय श्री राम के नारे लगाए। उन्होंने श्री राम लक्ष्मण जानकी, जय हनुमान की का नारा लगाया। लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए शो के व्यवस्थापकों ने भी नारे लगाए। लोगों के हाथों में तख्तियां थी, जिसमें कमोबेश इसी तरह के नारे लिखे हुए थे। जैसे-जैसे ट्रेलर रिलीज का समय करीब आ रहा था, नारे तेज होते जा रहे थे। इससे पहले, फिल्म के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर ने हाई-वोल्टेज कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की कांग्रेस की पेशकश की आलोचना की थी। आदिपुरुष, 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

योगी आदित्यनाथ 12 मई को अपने मंत्रिमंडल के साथ देखेंगे, फिल्म ‘द केरला स्टोरी’

लखनऊ (उप्र), 09 मई : उत्तर प्रदेश सरकार फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ को राज्य में ‘कर मुक्त’ करेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 मई को अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देख सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से मंगलवार को किए गए ट्वीट में कहा गया, ‘द केरला स्टोरी उत्तर प्रदेश में कर मुक्त की जाएगी।’ इससे पहले, निदेशक सूचना, शिशिर ने कहा, ‘‘केरला स्टोरी को उत्तर प्रदेश में कर मुक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 मई को लखनऊ में अपने मंत्रिमंडल के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखेंगे।’ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बिना किसी का नाम लिए सरकार के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए हिंदी में ट्वीट कर कहा, ‘मनोरंजन’ को ‘मनोरंजन’ के लिए छोड़ दें और सिनेमा व साहित्य का प्रयोग अपने जहरीले एजेंडे को देश पर थोपने के लिए न करें।’ उन्होंने हैशटैग ‘द केरला स्टोरी’ से किये गये अपने ट्वीट में कहा, ‘नफरत की कोख से उपजी कोई भी कला राष्ट्र और समाज के लिए विध्वंसकारी होगी।’ विपुल अमृत शाह द्वारा निर्मित, सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित और अदा शर्मा अभिनीत फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ की कहानी महिलाओं के एक ऐसे कथित समूह के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें धर्म परिवर्तन और आतंकवादी संगठन आईएस में शामिल होने के लिए मजबूर किया जाता है। गत पांच मई को रिलीज हुई इस फिल्म पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत पांच मई को इस फिल्म को आतंकी साजिशों को सामने लाने का श्रेय दिया था। उन्होंने कर्नाटक में एक चुनावी रैली में फिल्म का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गत रविवार को एक चुनावी रैली के दौरान कहा था कि अगर कोई प्रस्ताव आता है तो राज्य सरकार फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ को कर मुक्त कर देगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गत शनिवार को अपने राज्य में ‘द केरला स्टोरी’ को कर मुक्त करने की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश भाजपा के सचिव अभिजात मिश्रा ने शनिवार को शहर में करीब 100 छात्राओं के लिए इस विवादित फिल्म की स्क्रीनिंग का आयोजन किया था। उन्होंने एक थिएटर बुक किया और कहा कि युवा लड़कियों को कथित ‘लव जिहाद’ से बचाने के लिए फिल्म दिखाई जानी चाहिए। मिश्रा ने कहा कि फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है और दिखाती है कि कैसे भोली-भाली लड़कियों को बरगलाया जाता है और फिर उनका धर्मांतरण किया जाता है।

भोजपुरी फिल्म ‘बड़की माई, छोटकी माई’ की शूटिंग समाप्त

मुंबई, 09 मई : अक्सर आपने बॉलीवुड और हॉलीवुड में सालों साल पुरानी कहानियों पर बनी फिल्म देखी होगी, लेकिन अब ऐसे ही एक फिल्म भोजपुरी में भी जल्द देखने को मिलेगी। इस फिल्म का नाम ‘बड़की माई, छोटकी माई’ है, जो बिहार और बंगाल बॉर्डर पर स्थित तारापीठ मैं बामाखेपा जी की सच्ची कहानी पर आधारित है। इस फिल्म की सबसे खास बात यह होने वाली है कि इसको 150 साल पहले के लोकेशन के अनुसार भागलपुर के कहलगांव में सेट बनाकर शूट किया गया है। इस फिल्म की शूटिंग अभी हाल ही में संपन्न हो गई है। फिल्म ‘बड़की माई, छोटकी माई’ का निर्माण थर्ड डोर एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है, जिसके प्रोड्यूसर गौरव झा हैं। इस फिल्म में गौरव झा लीड रोल में भी नजर आने वाले हैं और उनके साथ फिल्म में एक बार फिर से ऋतु सिंह हैं। इस फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस में भोजपुरी की यूट्यूब क्वीन आम्रपाली दुबे भी नजर आएंगे। फिल्म के निर्माता गौरव झा ने बताया कि ‘बड़की माई, छोटकी माई’ एक ऐसी फिल्म है, जो दर्शकों को 150 साल पहले के दौर में ले जाएगी। फिल्म की कहानी सत्य घटनाओं पर आधारित है। तारा मां बामाखेपा को 150 साल पहले जैसा हुबहू दिखाने का प्रयास किया है। तब जैसा मंदिर था, जैसा लोकेशन था, जैसा गांव था – एकदम झोपड़ी और मिट्टी का घर, वह सब इस फिल्म में दर्शकों को देखने को मिलेगा। हमारी फिल्म को देखकर दर्शकों को खूब मजा आने वाला है।