दिल्ली में प्रवेश से रोके जाने पर टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने दिया धरना, गाजीपुर बॉर्डर बंद

नई दिल्ली, 28 मई : भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों को रविवार को दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर रोक दिया, क्योंकि वे राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। नए संसद भवन के पास पहलवानों की ओर से आहूत प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए सैकड़ों की संख्या में किसान दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को नए संसद भवन के पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गयी है। ये पहलवान महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोप में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया को दिल्ली पुलिस ने रविवार को सुरक्षा घेरा तोड़कर महिला ‘महापंचायत’ के लिए नए संसद भवन की ओर बढ़ने की कोशिश करने के बाद कानून और व्यवस्था के उल्लंघन के लिए हिरासत में ले लिया। शीर्ष पहलवानों ने 23 अप्रैल को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन फिर से शुरू किया था। कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनों का नेतृत्व करने वाले राकेश टिकैत ने भारी सुरक्षा वाले गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कहा, ”अन्य सभी किसानों को पुलिस द्वारा रोक दिया गया है। अभी हम यहीं बैठेंगे और तय करेंगे कि आगे क्या करना है।” बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बीच दिल्ली में प्रवेश करने के लिए बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करने वाले किसानों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में किसानों के प्रवेश को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर अब गाजीपुर बॉर्डर को बंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आनंद विहार और आसपास के अन्य इलाकों में जाने वाले मार्गों पर जाम लग गया और यातायात में आवश्यक बदलाव किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा के साथ भारी बारिश, तापमान में आई गिरावट

नई दिल्ली, 27 मई: राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में शनिवार सुबह तेज हवा के साथ भारी बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 19.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो सामान्य से सात डिग्री नीचे दर्ज किया गया भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों तक मौसम सुहाना रहने का अनुमान जताया है। घने बादल हरियाणा और आसपास के उत्तरी राजस्थान से दिल्ली की ओर होते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रहे हैं और दिल्ली-एनसीआर को पार करने में दाे घंटे और लगेंगे। शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की अनुमान है। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी 30 मई तक दिल्ली में लू चलने की कोई स्थिति नहीं है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी में आज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गयी। मौसम में आए अचानक बदलाव से उत्तर भारत में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जतायी गयी है। आज सुबह खराब मौसम होने के बाद राजधानी दिल्ली में विमानों की उडान सेवा भी प्रभावित हुई है। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक परिपत्र भी जारी किया है जिसमें सभी यात्रियों को अद्यतन उड़ान जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सूचना दी गई है। दिल्ली हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण राष्ट्रीय राजधानी जाने वाली चार उड़ानों को जयपुर डायवर्ट किया गया है।

संसद भवन का उद्घाटन करना राष्ट्रपति का संवैधानिक हक : आप

नई दिल्ली, 25 मई: आम आदमी पार्टी ने देश के नए संसद भवन के उद्घाटन में राष्ट्रपति को नहीं बुलाने पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि नए संसद भवन का उद्घाटन संवैधानिक हक है। जितने भी अध्यादेश या विधेयक पास होते हैं, सब राष्ट्रपति द्वारा किए जाते हैं। लेकिन उनसे उद्घाटन कराना तो दूर बुलाया तक नहीं गया है। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आप नेता कुलदीप कुमार ने कहा कि नए संसद भवन का उद्घाटन होने जा रहा है। देश का सर्वोच्च पद राष्ट्रपति का होता है। उनका संवैधानिक हक था कि उन्हें संसद भवन के उद्घाटन में बुलाया जाता, लेकिन उन्हें बुलाया नहीं गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पद पर द्रौपदी मुर्मू एक दलित आदिवासी समाज से आती हैं, इसलिए उनके साथ ऐसा किया गया। इससे साफ है कि भाजपा दलितों, आदिवासियों और महिला विरोधी पार्टी है। वहीं आप विधायक राखी बिड़ला ने कहा कि राष्ट्रपति को न बुलाकर जिस तरह उनका अपमान किया जा रहा है देश देख रहा है। दलित, आदिवासी महिला जो सर्वोच्च पद है उन्हें न बुलाने से पूरे समाज में नाराजगी है। देश समय आने पर इसका जवाब भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर निकालकर देगी। जब संसद का शिलान्यास किया जा रहा था, तब रामनाथ कोविंद जी को नहीं बुलाया गया। अब संसद भवन का उद्घाटन हो रहा है तो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को इससे दूर रखा गया है।

सत्येंद्र जैन जेल के बाथरूम में गिरे, एलएनजेपी के आईसीयू में भर्ती

नई दिल्ली, 25 मई: दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन गुरुवार को जेल के बाथरूम में गिर गए, जिसके बाद उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें एलएनजेपी के आईसीयू में लाया गया और आक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। दिल्ली सरकार की ओर से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र जैन सुबह जेल के बाथरूम में चक्कर आने की वजह से गिर गए थे, जिससे उनके सिर और पीठ में चोट आई है। इससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। उन्हें एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। बीत एक सप्ताह में तबीयत खराब होने पर उन्हें आज दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले भी वे जेल के बाथरूम में गिर गए थे और उनके रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। आम आदमी पार्टी ने सत्येंद्र जैन की इस हालत के लिए भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार बताया है। ‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सत्येंद्र जैन के बारे में कई दिनों से परेशान करने वाली खबरें आ रही हैं। पिछले एक साल के अंदर उनका वजह करीब 36 किलो कम हुआ है। सोशल मीडिया पर उनकी जो तस्वीर देखी, वह काफी डराने वाली है। तस्वीर में वे काफी कमजोर दिख रहे हैं। भारद्वाज ने बताया कि गिरने की वजह से सत्येंद्र जैन के सिर में चोट आई है। एलएनजेपी में न्यूरो विभाग है। इसलिए एमआरआई के लिए उनको एलएनजेपी अस्पताल लेकर जाया गया है। वहां पर उनका अभी इलाज चल रहा है। टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही उनके स्वास्थ्य के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद से उनको सांस लेने में दिक्कत रहती है, इसलिए वे रात में सोने के दौरान बीआईपीएपी मशीन लगाकर सोते हैं।25 ‘आप’ नेताओं ने की सत्येंद्र जैन के जल्द स्वस्थ होने की कामना आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सत्येंद्र जैन के स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि जुर्म का अंत होगा। तानाशाह हटेगा। वक्त बदलेगा। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्ली की जनता को अच्छा स्वास्थ्य देने वाले शख्स आज एक तानाशाह सरकार के जुल्मों के खिलाफ जान की बाजी लगाकर संघर्ष कर रहा है। आज सत्येंद्र जैन के साथ ऐसा बर्ताव होने दिया गया, तो भविष्य में कोई आम आदमी देश सेवा का सपना नहीं देखेगा। सारा देश जैन के लिए प्रार्थना कर रहा है। स्वास्थ्य कारणों से सत्येंद्र जैन ने की अंतरिम जमानत की अपील – सत्येंद्र जैन को पीठ के निचले हिस्से में तेज दर्द और संबंधित वर्टिगो है। वे स्लिप्ड डिस्क के कारण पीठ के निचले हिस्से में पुराने दर्द से पीड़ित हैं। दर्द उनके निचले अंगों तक फैल जाता है और लगातार झुनझुनी, सुन्नता की स्थिति में ले जाता है। उनके गर्दन में भी दर्द है, जो उसके ऊपरी बांहों को प्रभावित करता है। उन्हें चलने में भी भारी परेशानी होती है। – दवाओं के साथ पिछले 10 महीने का कंजरर्वेटिव उपचार किया गया है। साथ ही फिजियोथेरेपी भी की गई है। उनकी एनेस्थीसिया के तहत दो सर्जरी भी की गई है। फिर भी समस्या बनी रहती है और वे अपने पैरों में सुन्नता, दर्द और कमजोरी से जूझ रहे हैं। 58 वर्षीय सत्येंद्र जैन को बार-बार होने वाले दर्द के कारण चलने में भी कठिनाई होती है। – 03 मई 2023 को सत्येंद्र जैन की एमआरआई हुई थी। इसकी रिपोर्ट उनके सभी इंटरवर्टेब्रल डिस्क में अवनति को दर्शाता है। इसलिए उन्हें तत्काल स्पाइनल/वर्टेब्रल सर्जरी और उचित पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल की आवश्यकता है। उनको प्रतीक्षा सूची में नंबर 416 के रूप में रखा गया है। उम्मीद की जाती है कि अगर वे हिरासत में रहते हैं, तो अगले 5 महीनों के बाद ही उनकी सर्जरी हो पाएगी। इसके अलावा, उनको उच्च प्रोटीन आहार और पर्याप्त धूप में रहने की भी सिफारिश की गई है। – सत्येंद्र जैन स्लीप एपनिया से पीड़ित हैं, जिसका अर्थ है कि सोते समय उनकी सांस अक्सर रुक जाती है। यह गंभीर स्थिति है जो मौत का कारण बन सकती है। उनको बीआईपीएपी मशीन की मदद से सोना पड़ता है, जो लगातार उसके फेफड़ों में हवा भरती है। – सत्येंद्र जैन का वजन घटना बेहद चिंताजनक है। उनके जेल में पिछले एक साल के दौरान 35 किलो वजन कम हो गया है। वे मस्कुलर एट्रोफी से भी पीड़ित हैं, इसलिए उनके शरीर में ताकत और मांस दोनों कम होती जा रही है।

मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने की नजफगढ़ जोन में निर्माणाधीन बायोगैस प्लांट का निरीक्षण

नई दिल्ली, 24 मई: मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने नजफगढ़ जोन में निर्माणाधीन बायोगैस प्लांट का आज निरीक्षण किया। बायोगैस प्लांट की शुरुआत ट्रायल मोड पर गुरुवार से होगी। डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि यह प्लांट लैंडफिल साइटों पर पशुओं के गोबर की डंपिंग को कम करेगा। प्लांट में क्षेत्र की लगभग 1,500 डेयरियों से निकलने वाले गोबर से बायो गैस और जैविक खाद बनेगी। मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने विधायक गुलाब सिंह के साथ नजफगढ़ जोन के नंगली सकरावती क्षेत्र में निर्माणाधीन बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया। प्लांट में गोबर से गैस बनने की शुरुआत 25 मई से हो जाएगी। इसे पहले ट्रायल के तौर पर शुरू किया जा रहा है। पांच माह बाद अक्टूबर से पूरी क्षमता के साथ काम करेगा। मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा कि गोबर गैस प्लांट के निर्माण से क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का हल हो जाएगा। इस प्लांट के संचालन से डेयरी मालिकों और स्थानीय लोगों को लाभ होगा। इस प्लांट के पूरी क्षमता के साथ शुरू होने से कचरा प्रबंधन के काम में बड़ा योगदान मिलेगा। लैंड फिल साइट पर कचरे की मात्रा में कमी आयेगी। डेयरी क्षेत्रों में साफ सफाई में सुधार होगा और नालियों में गोबर नहीं बहेगा। साथ ही बीमारियों के फैलने पर लगाम लगेगी और पर्यावरण संरक्षण होगा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार के विजन के अनुरूप दिल्ली को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एमसीडी की ओर से ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्लांट में इस क्षेत्र की लगभग 1,500 डेयरियों से निकला 200 मीट्रिक टन पशु गोबर का प्रतिदिन निष्पादन होगा। बायो गैस व जैविक खाद का उत्पादन होगा। इस अवसर पर पार्षद सुदेश, उपायुक्त प्रदीप कुमार सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

दिल्ली में तेज हवाओं, हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार

नई दिल्ली, 24 मई: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। विभाग ने कहा कि शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण दिल्ली समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत और आसपास के इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक बादल गरजने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आईएमडी ने क्षेत्र में 30 जून तक अधिकतम तापमान के सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान भी जताया है। दिल्ली में मंगलवार को भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिला था, जब 22 मौसम केंद्रों में सात में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। इससे शहर में बिजली की मांग 6,916 मेगावाट पर पहुंच गई थी, जो इस मौसम में अब तक सर्वाधिक है। मध्य दिल्ली के रिज में मंगलवार को पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस, जाफरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस, नरेला में 45.2 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 46.1 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 45.7 डिग्री सेल्सियस और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। आईएमडी के मुताबिक, मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस के पार जाने या सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने पर चलने वाली गर्म हवाओं को ‘लू’ घोषित किया जाता है। वहीं, तापमान के सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक होने पर ‘भीषण लू’ की घोषणा की जाती है। इससे पहले, मौसम विभाग ने मई में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान के सामान्य से नीचे रहने और कम दिन लू चलने का पूर्वानुमान जताया था।

बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी के लिए पहलवानों का इंडिया गेट प्रदर्शन, निकला कैंडल मार्च

नई दिल्ली, 23 मई: यौन शोषण मामले में भारतीय कुश्ती संघ (डब्लूएफआई) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए पहलवान आज इंडिया गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वो मोमबत्ती जलाकर (कैंडल मार्च) गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस दौरान पहलवानों के समर्थन में कर्तव्य पथ पर कैंडल मार्च के दौरान भीड़ भी मौजूद है। पहलवानों के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन का आज (23 मई) एक महीना पूरा हो गया है। उन्होंने 23 अप्रैल से बृज भूषण की गिरफ्तारी के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचकर धरना देना शुरू कर दिया था। यौन शोषण का आरोप लगाते हुए बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ सात महिला पहलवानों ने 21 अप्रैल को कनॉट प्लेस थाने में शिकायत की थी। पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए हुए राजी बृजभूषण शरण सिंह रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए कहा था कि अगर उनके टेस्ट के साथ पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पूनिया का भी यही टेस्ट कराया जाता है तो वह पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए तैयार हैं। विनेश और बजरंग बोले- हम नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवान बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने सोमवार को कहा था कि वह नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। साथ ही भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने वाली पीड़िता भी टेस्ट के लिए तैयार हैं। दोनों ने बृजभूषण के उस बयान के संदर्भ में जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। शर्त है कि उनके साथ बजरंग और विनेश को भी नार्कों टेस्ट कराना होगा। बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो मामले दर्ज दिल्ली पुलिस ने पिछले महीने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दो मामले दर्ज किए थे। पहली प्राथमिकी एक नाबालिग द्वारा लगाए गए आरोपों से जुड़ी है जिसमें पॉक्सो कानून और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरी प्राथमिकी वयस्कों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित है।

केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ रामलीला मैदान में 11 जून को महारैली: गोपाल राय

नई दिल्ली, 22 मई: आम आदमी पार्टी 11 जून को रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करेगी। इस बाबत पार्टी ने सोमवार को दिल्लीवसियों से अपील कर भारी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचने को कहा है। यह रैली केंद्र सरकार की ओर से हाल में लाए गए उस अध्यादेश के खिलाफ है, जिसमें दिल्ली सरकार से तबादले और नियुक्ति के अधिकार छीन लिया गए हैं। रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली के बारे में सोमवार को आप के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि जिस तरह से केंद्र सरकार ने संविधान का मजाक बनाया है, यह महारैली उसके खिलाफ है। उन्होंने बताया कि जब हमारी सरकार बनी, तो तबादले और नियुक्ति के फैसले लेने के अधिकार हमारे पास थे। इसके बाद हमसे यह छीन लिया गया। हम इसके खिलाफ कोर्ट गए और आठ साल बाद सुप्रीम कोर्ट ने हमारे पक्ष में फैसला दिया कि ट्रांसफर पोस्टिंग के मामले में दिल्ली सरकार को निर्णय लेने का अधिकार है। गोपल राय ने कहा कि कोर्ट के फैसले के चंद दिनों बात रातों रात एक अध्यादेश लाया जाता है और अधिकार एलजी को दी जाती है। यह दिल्ली के दो करोड़ लोगों का अपमान है। दिल्ली की जनता में भारी रोष है। राय ने बताया कि 11 जून को होने वाली ‘आप’ की महारैली में दिल्ली के लोगों को शामिल करने के लिए आप के कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री लोगों से संपर्क करेंगे और महारैली में समर्थन लेंगे।

दिल्ली के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत, मंगलवार से बारिश के आसार

नई दिल्ली, 22 मई: पिछले कुछ दिनों से गर्मी की मार झेल रही राजधानी के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी के वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय बताती हैं कि कल से तापमान में थोड़ी गिरावट होगी क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि इस पूरे क्षेत्र में तापमान गिरना शुरू हो जाएगा और लू की स्थिति में सुधार होगा। सोमा सेन ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में वातावऱण में नमी आ रही है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि राजस्थान के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी, लेकिन दक्षिण हरियाणा, दक्षिण यूपी, दिल्ली के कुछ हिस्सों, उत्तर, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और दक्षिण बंगाल में लू की स्थिति बनी रहेगी। इस पूरे बेल्ट में सोमवार को लू की स्थिति देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, दक्षिण यूपी, उत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और बंगाल के लिए सोमवार को लू का अलर्ट जारी किया है। सोमा सेन रॉय ने बताया कि कल झारखंड के अलावा किसी भी जगह के लिए हीटवेव अलर्ट नहीं दिया गया है।

पहलवानों की चेतावनी, किसान नेता ले सकते हैं बड़ा फैसला

नई दिल्ली, 20 मई: देश के प्रमुख पहलवान दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं. इस बीच उन्होंने बड़ी चेतावनी दी है. वे भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई न किए जाने से खासे नाराज हैं. उन्होंने इसका विरोध करने के लिए रविवार को ‘बड़ा फैसला’ लेने की बात कही है, जो ‘देश के हित में नहीं’ हो सकता है. बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं. पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को और तेज करने के लिए खाप महापंचायत को 21 मई डेडलाइन दी थी, जिसके बाद इस प्रदर्शन को खाप पंचायत आगे बढ़ाएंगे. दरअसल, पहलवान बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर बैठे हुए हैं. भाजपा सांसद पर 1 नाबालिग सहित 7 महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. पहलवान विनेश फोगट का कहना है कि खाप नेताओं के फैसले से देश को किसानों के आंदोलन की तरह ही नुकसान हो सकता है. ये किसान आंदोलन लगभग 13 महीने तक चला था. रविवार को अगर बड़े लोग जो भी फैसला लेंगे वो काफी बड़ा हो सकता है. ऐसे में कहा जा सकता है कि ये फैसला देश में न हो. ये एक आसान लड़ाई नहीं रही है और पहलवानों को भी ट्रेनिंग और कॉम्पटीशन से चूकने के मामले में बहुत कुछ सहना पड़ा. विनेश फोगाट ने कहा, ‘उन्होंने भी बहुत कुछ झेला है. जो मुद्दा एक मिनट में हल हो सकता था उसमें एक महीना लग गया… किसान आंदोलन 13 महीने तक चला और निश्चित रूप से देश को नुकसान पहुंचा, इसलिए अगर कोई और आंदोलन होता है तो निश्चित रूप से देश भुगतेगा.’ वहीं, बजरंग पुनिया का कहना है कि 23 मई को इंडिया गेट पर कैंडल-लाइट मार्च किया जाएगा, जोकि शाम 4 बजे से शुरू होगा. पहलवानों ने बताया है कि वे मस्जिद, मंदिर, गुरुद्वारा, चर्च हर जगह न्याय के लिए अपना मैसेज लेकर जाएंगे।