विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

नई दिल्ली, 07 जून : विश्व पर्यावरण दिवस पर निश्चय निशा जैन फाउंडेशन ने भारत सरकार सहयोगी उपक्रम इको वर्क इंक्लूसिव रीसाइक्लिंग फाऊंडेशन, लाइफ फाउंडेशन, निश्चय निशा जैन फाउंडेशन, मिनिस्ट्री ऑफ एनवायरमेंट, फॉरेस्ट एंड क्लाइमेट चेंज के साथ मिलकर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमे आज पास के क्षेत्र के 50 छोटे बड़े बच्चों ने हिसेदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम में जजिंग पैनल में मुख्य रूप से मानसरोवर पार्क उपथानाध्यक्ष मुकेश, डॉक्टर अरविंद सिंह, डॉक्टर विजय शर्मा, बाउंस अकादमी के डायरेक्टर मोहित शर्मा, जोशीला टाइम्स चीफ एडिटर योगेश कौशिक, निश्चय निशा जैन फाऊंडेशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं संस्थापक सदस्य डी पी सिंह जैन, विकास, समाजसेवी एवं पूर्व निगम प्रत्याशी परमानंद शर्मा, निश्चय निशा जैन फाऊंडेशन के कोषाध्यक्ष अक्षय पाटोदिया, जानी मानी मोटिवेशनल स्पीकर पूजा तेओतिया, श्वेता जैन, भावना सिंह और आज के कार्यक्रम के संयोजक निश्चल त्यागी मुख्य रूप से रहे। कार्यक्रम के उपरांत बच्चों को स्वच्छता से संबंधित प्लेज कराई गई। सभी बच्चों को कार्यक्रम में कलर्स एवं स्टेशनरी का सामान दिया गया और सभी प्रतिभागी बच्चों को सर्टिफिकेट एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

अध्यादेश के खिलाफ होने वाली महारैली को मिल रहा खूब समर्थन : गोपाल राय

नई दिल्ली, 06 जून: आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को कहा कि 11 जून को यहां रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को लेकर पार्टी ने ‘डोर टू डोर’ अभियान तेज कर दिया और केंद्र के अध्यादेश को लेकर लोगों का समर्थन मिल रहा है। श्री गोपाल राय ने आज ‘डोर टूट डोर’ अभियान के दौरान कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने चुनी हुई सरकार को दिल्ली की व्यवस्था को संचालित करने का अधिकार देने का फैसला दिया। उन्होंने कहा, ‘‘कोर्ट के फैसले के बाद दिल्ली के लोगों लगा कि अब उनके कामों को तेजी से पूरा करने में सहायता मिलेगी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र सरकार द्वारा अध्यादेश लाकर दिल्लीवालों के अधिकारों को हाईजैक कर लिया गया। इससे दिल्ली के लोग स्तभ्ध और दुखी हैं कि उनके वोट की कीमत को अपमानित क्यों किया जा रहा है। इस तानाशाही पूर्ण अध्यादेश के खिलाफ अपने आक्रोश को व्यक्त करने के लिए 11 जून को रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन किया जा रहा है।” उन्होंने कहा, ‘‘पूरी दिल्ली से महारैली के लिए लोगों का समर्थन मिल रहा है। अगर आज हम इस अध्यादेश के खिलाफ एकजुट होकर खड़े नहीं हुए तो लोगो को वोट देने का लोकतांत्रिक अधिकार नहीं बचेगा क्योकि भाजपा की केंद्र सरकार तानाशाही पर उतारू है। भविष्य में यह संभव है कि वह फिर कोई अध्यादेश लाकर दिल्ली की सरकार ही खत्म कर देगी। हमें पूरा विश्वास है कि केंद्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ दिल्लीवासियों के साथ विशाल रैली होगी। लोगों में यह डर है कि यदि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की भी अवमानना होगी तो वो दिन दूर नहीं, जब भजपा की केंद्र सरकार द्वारा लोकतंत्र की गरिमा पर सीधा प्रहार किया जाएगा।”

त्यागराज स्टेडियम में पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन , मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दीप प्रज्जवलित कर की शुरुआत

नई दिल्ली, 05 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोमवार को दिल्ली सरकार के पर्यावरण एवं वन विभाग की ओर से त्यागराज स्टेडियम में पर्यावरण सम्मेलन का आयोजन किया गया। जहां बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्य गणमान्य लोगों के साथ दीप प्रज्जवलित कर इसकी शुरूआत की। इस दौरान प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक पेश किया गया और वोकल ग्रुप ने पर्यावरण को लेकर गीत की प्रस्तुति दी। इसके बाद पर्यावरण विभाग की ओर से ऑक्सीजन पर बनी एक लघु फिल्म दिखाकर लोगों को पर्यावरण का शुद्ध रखने के लिए जागरूक किया गया। अंत में पर्यावरण को सुधारने को लेकर बेहतरीन कार्य करने वाले ईको क्लब, आरडब्ल्यूए और फॉरेस्ट गार्डों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय, स्थानीय विधायक, मुख्य सचिव, पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पर्यावरण सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि हम 50वां विश्व पर्यावरण दिवस मना रहे हैं। 1972 में यूएन जनरल एसेंबली ने इसकी शुरूआत की थी। तब लगा होगा कि दुनिया में प्रदूषण बहुत बढ़ता जा रहा है। इसे रोकने की जरूरत है। जब-जब हम विकास की बात करते हैं तो माना जाता है कि विकास के साथ-साथ प्रदूषण भी होगा। विकास होगा तो पेड़ काटे जाएंगे, धूल-मिट्टी उड़ेगी, निर्माण होगा। हम 50 साल से विश्व पर्यावरण दिवस मना रहे हैं, लेकिन इन 50 वर्षों में पूरी दुनिया के अंदर प्रदूषण कम होने के बजाय बढ़ा है। भारत में भी किसी शहर, कस्बा या गांव को देंखे तो हर जगह प्रदूषण बढ़ा है। लेकिन पूरे देश में दिल्ली के अंदर प्रदूषण घटा है। केजरीवाल ने आंकड़ों के जरिए बताया कि 2016 के मुकाबले 2022 में पीएम-2.5 और पीएम-10 में 30 फीसद की कमी आई है। हम देखते हैं कि पूरे आसमान में प्रदूषण ही प्रदूषण हो गया है और सांस लेना मुश्किल हो जाता है। 2016 में 26 दिन ऐसे थे, जब दिल्ली गैस चैंबर बन गई थी और सांस लेना मुश्किल था। लेकिन 2022 केवल 6 दिन ऐसे थे, जब दिल्ली में प्रदूषण का स्तर खराब था। थोड़े समय की और बात है। मुझे पूरी उम्मीद है कि दिल्ली वाले मिलकर प्रदूषण के ये 6 दिन भी खत्म कर देंगे और आने वाले सालों में एक भी दिन खराब नहीं होगा। 2016 में 109 दिन ऐसे थे, जो बहुत अच्छे थे। प्रदूषण नहीं था और आसमान बिल्कुल साफ था। जबकि 2022 में 163 दिन ऐसे थे, जो बहुत अच्छे थे। आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अकेला शहर है, जहां पेड़ों की संख्या बढ़ती जा रही है। 2013 में दिल्ली के कुल क्षेत्रफल के 20 फीसद जमीन पर पेड़ थे और आज (2023) ट्री कवर (पेड़ों की संख्या) 20 फीसद से कम होने के बजाय बढ़कर 23 फीसद हो गया है। इसका कारण यह है कि हम लोग बहुत बड़ी संख्या में पौधे लगाते हैं। इस बार भी दिल्ली सरकार ने दिल्लीवालों के साथ मिलकर पूरी दिल्ली में 52 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। केजरीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली के अंदर उद्योगों में पहले इस्तेमाल होने वाले ईंधन से बहुत ज्यादा प्रदूषण होता था। हमने उद्योगों से प्रदूषित ईंधन को खत्म कर दिया। अब उद्योगों में पीएनजी का इस्तेमाल होता है। पीएनजी से प्रदूषण नहीं होता है। इस तरह हम लोगों ने दिल्ली में औद्योगिक प्रदूषण भी खत्म कर दिया है। आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर हम लोगों ने दिल्ली में नई तकनीक का अविष्कार किया है। दिल्ली की सारी सड़कों को हम लोग मैकेनिकल स्वीपर से वैक्यूम क्लीनिंग करेंगे ताकि धूल न उड़े। हर हफ्ते दिल्ली की सभी सड़कों की पानी से सफाई की जाएगी। ताकि धूल का उड़ना बंद हो जाए। जब ये हो जाएगा तो यूरोपियन स्टैंडर्ड की सड़कों की तरह दिल्ली की सड़कें भी हो जाएंगी। दिल्ली सरकार ने लोगों के साथ मिलकर पटाखों के खिलाफ मुहिम छेड़ी और अब काफी सफल है। हमने ग्रीन एप बनाया है। कोई भी इस एप पर दिल्ली में कहीं पर भी हो रहे प्रदूषण की शिकायत कर सकता है। इसमें अभी तक 58 हजार शिकायतें आई हैं। इनमें से 90 फीसद शिकायतों का निवारण कर दिया गया है। आगे केजरीवाल ने कहा कि पूरी दिल्ली में हम लोग 380 झीलें बना रहे हैं। आने वाले समय में दिल्ली झीलों का शहर कहलाएगा। दिल्ली में जगह-जगह खूबसूरत झीलें दिखाई देंगी। अभी तक 26 झीलें बनकर तैयार हो गई हैं। मैं झीलों को देखकर आया हूं। वहां बहुत हरियाली है, खूबसूरत वातावरण और शुद्ध हवा है। झीलों में दूर-दूर से पक्षी आने लगे हैं। द्वारका झील पर जल स्तर पांच मीटर उपर आ गया है। वहीं दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आज पूरी दुनिया विश्व पर्यावरण दिवस मना रही है, जिसका केवल एक ही मकसद है पर्यावरण को बेहतर बनाना। दिल्ली के अंदर भी पहले बहुत ज़्यादा प्रदुषण हुआ करता था लेकिन मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व में हमारी सरकार ने दिल्ली को प्रदुषण से मुक्त करने का संकल्प लिया है।

दिल्ली में दिन में हल्की बारिश के आसार,रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज

नई दिल्ली, 04 जून: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने दिन में आसमान में मुख्यत: बादल छाए रहने या हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आईएमडी ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 86 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में रविवार सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 147 दर्ज किया गया, जो सामान्य श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली : यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए लोगों ने नदी किनारे मानव श्रृंखला बनाई

नई दिल्ली, 04 जून: यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए आम नागरिकों द्वारा शुरू की गई एक पहल के तहत रविवार सुबह बड़ी संख्या में लोग नदी के किनारे मानव शृंखला बनाने के लिए एकत्रित हुए। ‘यमुना संसद’ पहल के तहत लोगों ने आईटीओ, वजीराबाद, कालिंदीकुंज, गीता कॉलोनी और ओल्ड उस्मानपुर सहित कई जगहों पर मानव शृंखला बनाई तथा मलजल और औद्योगिक कचरे से दूषित नदी को बचाने की मांग की। इस अभियान में बड़ी संख्या में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व संगठन सचिव गोविंदाचार्य, दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय और दिल्ली भाजपा के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा सहित कई राजनेता भी इस अभियान में शामिल हुए। अभियान के संयोजक रविशंकर तिवारी ने कहा कि यमुना को प्रदूषण से बचाने के संकल्प के तहत मानव शृंखला बनाई गई, क्योंकि “सरकारें वर्षों से नदी को साफ करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन इस दिशा में कोई खास सफलता नहीं हासिल हुई है।”

अदालत ने सिसोदिया की बीमार पत्नी के बारे में मांगी रिपोर्ट; अंतरिम जमानत पर आदेश सुरक्षित रखा

नई दिल्ली, 03 जून: दिल्ली उच्च न्यायालय ने शनिवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल से आप नेता मनीष सिसोदिया की बीमार पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में रिपोर्ट मांगी और कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धनशोधन के एक मामले में छह सप्ताह के लिए सिसोदिया की अंतरिम जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित रख लिया। सिसोदिया की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता मोहित माथुर ने न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा को बताया कि शुक्रवार को पारित अदालत के निर्देशों के अनुसार, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री को उनकी पत्नी से मिलाने के लिए ले जाया गया, लेकिन उनके घर पहुंचने से पहले ही उनकी पत्नी की तबियत खराब हो गई, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस प्रकार माथुर ने अदालत से सिसोदिया को अस्थायी आधार पर रिहा करने का अनुरोध किया और कहा कि वह अपनी बीमार पत्नी की देखभाल करने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं। न्यायमूर्ति शर्मा ने अदालत के अवकाश के दिन हुई सुनवाई के बाद कहा, ‘दलीलें सुनी गईं। आदेश सुरक्षित रखा गया। एलएनजेपी से रिपोर्ट मंगवाई जाए और आज शाम तक दाखिल की जाए।’ न्यायाधीश ने शुक्रवार को तिहाड़ जेल अधीक्षक को सिसोदिया को उनके आवास पर ले जाने का निर्देश दिया था, जहां उन्हें सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अपनी बीमार पत्नी से मिलने की अनुमति दी गई थी और प्रवर्तन निदेशालय से रिपोर्ट मांगने के बाद अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई तीन जून के लिए सूचीबद्ध की थी। सुनवाई के दौरान ईडी के वकील जोहेब हुसैन ने सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए अंतरिम जमानत की याचिका का विरोध किया।

शाहबाद डेरी हत्याकांड : अदालत ने आरोपी की हिरासत तीन दिन बढ़ाई

नई दिल्ली, 01 जून: दिल्ली की एक अदालत ने शाहबाद डेरी इलाके में एक किशोरी की निर्मम हत्या करने के आरोपी युवक की हिरासत की अवधि बृहस्पतिवार को तीन दिन के लिए बढ़ा दी। अदालत के सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से आरोपी साहिल (20) को ड्यूटी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया। साहिल ने पिछले रविवार की शाम को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 16 वर्षीय साक्षी की चाकू से 20 से अधिक वार कर और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी। इस दौरान, पास से गुजर रहे राहगीर तमाशबीन बने रहे थे। पुलिस के मुताबिक, साक्षी के शरीर पर जख्म के 34 निशान थे और उसकी खोपड़ी भी टूट गई थी। साहिल को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में उसकी बुआ के घर से गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया था। ड्यूटी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ज्योति नयन ने मंगलवार को पुलिस को साहिल को दो दिन तक हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति दी थी। पुलिस ने इस आधार पर साहिल की हिरासत की मांग की थी कि वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं किया जा सका है और आरोपी बार-बार अपना बयान बदल रहा है।

दिल्ली में सुबह-सुबह हुई बारिश, ‘येलो अलर्ट’ जारी

नई दिल्ली, 31 मई : राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह भी बारिश हुई। साथ ही मौसम विज्ञान विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी कर बारिश के कारण यातायात बाधित होने और निचले इलाकों में पानी भरने को लेकर आगाह किया है। विभाग के अनुसार, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम, 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 98 प्रतिशत दर्ज किया गया। शहर में हल्की से मध्यम बारिश के बाद कुछ इलाकों में पानी भरने की शिकायत भी मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 99 रहा। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने की सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज

नई दिल्ली, 30 मई: दिल्ली उच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी की शराब नीति-2021-22 (जो बाद में रद्द कर दी गई थी) में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्राथमिकी मामले में दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका मंगलवार को खारिज कर दी। न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा की एकल पीठ ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता की याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता प्रभावशाली व्यक्ति हैं और जमानत मिलने के बाद वह गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं। इस वजह से उन्हें जमानत नहीं दी सकती। राउस एवेन्यू स्थित एम. के. नागपाल की विशेष अदालत ने 31 मार्च को श्री सिसोदिया को जमानत देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय( ईडी )द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित प्राथमिकी में सिसोदिया की जमानत याचिका 28 अप्रैल खारिज कर दी थी। श्री सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह ईडी और सीबीआई द्वारा दर्ज मामले में न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद है। सीबीआई मामले में न्यायिक हिरासत के दौरान ईडी ने श्री सिसोदिया से पूछताछ की थी और पर नौ मार्च को गिरफ्तार किया था। बाद में विशेष अदालत ने ईडी की याचिका पर श्री सिसोदिया को उसकी हिरासत में भेजा दिया था। ईडी की हिरासत खत्म होने के बाद इस मामले में भी उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।सीबीआई ने 17 अक्टूबर 2022 को श्री सिसोदिया से पूछताछ की थी। सीबीआई ने 17 अगस्त 2022 को श्री सिसोदिया और अन्य 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

दिल्ली: 16 वर्षीय लड़की की बीच सड़क पर निर्मम हत्या, मूक दर्शक बने रहे लोग

नई दिल्ली, 29 मई: राजधानी दिल्ली में निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की पर एक शख्स (साहिल) ने चाकू से 40 से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी। वह यहीं नहीं रुका, बल्कि पत्थर से उसके ऊपर कई प्रहार किये। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जो विचलित करने वाला है। वीडियो में पूरी घटना दिखाई दे रही है। जब शख्स घटना को अंजाम दे रहा था, तब आसपास से कई लोग गुजर रहे थे, लेकिन लड़की की चीख-पुकार सुनकर भी किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। पूरा वीडियो 1.26 मिनट का है। हत्या का आरोप साहिल पर लगा है। पुलिस के मुताबिक साहिल और लड़की के बीच दोस्ती थी, लेकिन रविवार रात दोनों के बीच झगड़ा हो गया था। आगे पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम लड़की जब अपनी दोस्त नीतू के बेटे के जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उसे रोककर चाकू से हमला कर किया और करीब 40 वार किये। फिर पत्थर से कुचल दिया। फिलहाल आरोपित साहिल फरार है। पुलिस टीम उसकी तलाश में दबिश दे रही है। हैरानी की बात यह है कि साहिल उस लड़की पर चाकुओं से लगातार हमला करता रहा, लेकिन आसपास से गुजर रहे लोगों ने चुपचाप बचकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो कानून-व्यवस्था के साथ-साथ नये बन रहे समाज पर गहरे सवाल उठाता है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपित साहिल का लड़की के साथ झगड़ा हुआ था। इसे लेकर साहिल नाराज था। उसने लड़की को मारने की भी धमकी दी थी। रविवार की रात जब वह अपनी दोस्त के यहां जन्मदिन पार्टी में जा रही थी, तभी रास्ते में साहिल ने उसे रोक और घटना को अंजाम दे दिया। शाहबाद डेयरी थाने में आईपीसी की धारा 302 के तहत आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी ट्वीट कर कहा कि, “दिल्ली के शाहबाद डेरी में एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं। मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।” वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि “ दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। एलजी साहब, कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।