बीजेपी वाले हिन्दू धर्म का विनाश करने वाले हैं : संजय सिंह

नई दिल्ली, 17 जून: आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस वार्ता कर फिल्म निर्माताओं भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि किस रामायण के अंदर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है। आप नेता ने प्रेस वार्ता में कहा कि किस रामायण के अंदर घटिया, सस्ती, सड़कछाप भाषा का इस्तेमाल किया गया है? उन्होंने आगे कहा कि क्या कल्पना के आधार पर भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान जी के बारे में कुछ भी दिखा सकते हैं? भाजपा का ना हिन्दू धर्म में यकीन है और ना ये भगवान राम को मानते हैं, ना इनका रामायण और रामचरितमानस से कोई लेना-देना है। भाजपा वाले ना भगवान राम के हैं, ना आम के हैं, ना किसी काम के हैं। इस फिल्म में कल्पना के आधार पर माता सीता को ‘छुरी’ लगा दी गई। क्या कल्पना के आधार पर ‘रामायण’ भी बदल डालोगे? भाजपा वाले हिन्दू धर्म को मानने वाले नहीं, विनाश करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान करने के लिए हिन्दू समाज से माफी मांगे। भाजपा अपनी घटिया राजनीति के लिए भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान का अपमान करा रही है। भाजपा ने भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान एक फिल्म बनवाकर किया है। यह फिल्म भाजपा के कई मुख्यमंत्री और मंत्री के आशीर्वाद से बनी है। भाजपा और इन सभी को भगवान राम, माता सीता और भगवान हनुमान का अपमान करने के लिए सभी हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।

योग शांति और समृद्धि का संदेश फैलाने में सक्षम : मीनाक्षी लेखी

नई दिल्ली, 17 जून: केन्द्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने शनिवार को कहा कि योग पूरी दुनिया में शांति और समृद्धि का संदेश फैलाने में सक्षम है। 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले अधिकारियों और राजनयिकों के लिए दिल्ली लोटस टैंपल परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग से बढ़ कर कुछ नही हैं। यह वेलनेस के लिए बेहद जरूरी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योग का संदेश हर चीज से ऊपर है, यह शांति और समृद्धि का संदेश फैलाने में सक्षम है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ साल पहले 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने की शुरुआत की थी। 21 जून से पहले योग दिवस के काउंटडाउन के रूप में देश के कोने कोने में योग के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और इसके लाभ से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।

जम जम फाउन्डेशन ने लगाया नि:शुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर

नई दिल्ली, 17 जून: जम जम फाउन्डेशन ने डॉ. श्रॉफ चेरिटी आई हॉस्पिटल के सहयोग से आज मल्का गंज क्षेत्र में नि:शुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर लगाया जिसमें लगभग 100 लोगों की आँखों की जाँच की गई तथा 25 लोगों को मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए अगले सप्ताह डॉ. श्रॉफ चेरिटी आई हॉस्पिटल में आने की तारीख दी गई। इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री मनोज तिवारी भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और कहा कि अगली बार से शिविर में आने वाले मरीज़ों को चश्मे भी उपलब्ध कराएं जायेंगे। इस मौके पर मल्का गंज क्षेत्र की निगम पार्षद रेखा अमरनाथ ने कहा कि आँखें कुदरत की सबसे बड़ी नेअमत है, और बुजुर्गों की आँखों की देखभाल करना भी बहुत ज़रूरी होता है ताकि मोतियाबिंद जैसी बीमारी का समय रहते उपचार कराके आँखों की रोशनी को बचाया जा सके। इस अवसर पर जम जम फाउन्डेशन के अध्यक्ष शमीम अहमद खान, संरक्षक बोर्ड के सदस्य उमेश माथुर कोषाध्यक्ष ज़हीर आलम भाजपा मल्का गंज मण्डल के अध्यक्ष सुरेन्द्र महौर सुमित भोजगी मौहम्मद क़ामिल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित हुए। शमीम अहमद खान ने रोटरी डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई क्लिनिक करोल बाग से आयें प्रेम जी मौहम्मद मुज़मील सुश्री सरवत सुश्री गुलिस्ता खान सुश्री हिफज़ा व सुश्री इराम का भी धन्यवाद किया।  

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना: आईएमडी

नई दिल्ली, 16 जून : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को हल्की बारिश का अनुमान है जिससे दिल्लीवासियों को भीषण और झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तथा अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, शहर में सामान्यत बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 50 फीसदी दर्ज की गई। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 128 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली कोचिंग सेंटर में लगी आग पर काबू पाया गया, कई छात्र घायल

नई दिल्ली, 15 जून: दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में गुरुवार को एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई। इस घटना में कुछ छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कोचिंग सेंटर में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। यह सेंटर एक चार मंजिला में चल रहा था। अधिकारी ने कहा कि सभी छात्रों को बचा लिया गया है और प्रारंभिक जांच के अनुसार आग इमारत में लगे बिजली के मीटर से लगी। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के निदेशक अतुल गर्ग के मुताबिक, ज्ञान बिल्डिंग में आग लगने की सूचना दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर मिली। उन्होंने कहा कि कुल 11 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है। अब तक, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। वीडियो फुटेज में दिखाया गया है कि कई छात्र रस्सियों और तारों का इस्तेमाल कर इमारत से निकलने में सफल रहे।

आप की महारैली: ‘चौथी पास राजा को समझ नहीं आ रहा देश कैसे चलाएं’, रामलीला मैदान से गरजे केजरीवाल

नई दिल्ली, 11 जून : केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली कर रही है। दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए इस महारैली में जरूर शामिल हों। इसमें शामिल होने वाले लोगों को गर्मी से बचाने के लिए मैदान में खास इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान रामलीला मैदान पहुंचे। केजरीवाल ने कहा कि चौथी पास राजा को समझ ही नहीं आ रहा है कि देश कैसे चलाया जाता है। चारों ओर बेरोजगारी फैली हुई है। इनको समझ नहीं आ रहा है कि कैसे दूर करें। भ्रष्टाचार कैसे दूर करें। जीएसटी की वजह से व्यापारी परेशान हैं। रेलवे का क्या हाल कर दिया। बेड़ा गर्क कर दिया। 2002 में पीएम गुजरात के सीएम बने। 12 साल गुजरात के सीएम रहे। बीते 9 साल से पीएम हैं। 21 साल हो गए राज करते-करते। मैं 2015 में सीएम बना। मेरे को 8 साल हो गए। आज उन्हें चैलेंज करता हूं। 21 साल और आठ साल किसने ज्यादा काम किया। 140 करोड़ लोग मिलकर संविधान बचाएंगे: अरविंद केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली के लोगों के वोट का अपमान किया है। पूरा देश दिल्ली वालों के साथ। 140 करोड़ लोग मिलकर संविधान बचाएंगे। अंदर से पता चला है, जैसे दिल्ली में तानाशाही लागू हई, कल इसी तरह बंगाल और राजस्थान के लिए भी लाया जाएगा। चौथी पास राजा को समझ नहीं आ रहा है कि देश कैसे चलाया जाए। चारों तरफ बेरोजगारी फैली हुई है। जीएसटी की वजह से व्यापारियों को बेड़ा गर्क हो गया है। पूरी रेलवे का बेड़ा गर्क कर दिया। दूध, दही, सब्जी, गैस बस कुछ महंगा कर दिया। अध्यादेश को खारिज कराकर रहेंगे: दिल्ली सीएम दिल्ली सीएम ने कहा कि भाजपा वाले मुझे रोज-रोज गाली देते हैं। दिल्ली के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता हूं। देश के सारे लोग दिल्ली के साथ हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पालन कराकर रहेंगे। हम अध्यादेश को खारिज कराकर रहेंगे। मुझे पता चला है कि यह मोदी जी का पहला वार है। कल यही अध्यादेश दूसरे राज्यों के लिए लाया जाएगा। नरेंद्र मोदी सुप्रीम कोर्ट को क्यों नहीं मानते: केजरीवाल अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में जनतंत्र खत्म हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के हक में फैसला दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुप्रीम कोर्ट को क्यों नहीं मानते हैं। चुनी हुई सरकार को काम करने का अधिकार होना चाहिए। आज संविधान को बचाने के लिए आंदोलन शुरू हो रहा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रामलीला मैदान में 12 साल पहले इकट्ठा हुए थे। तानाशाही को खत्म करने के लिए फिर से इकट्ठा हुए हैं। इसी मंच से भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ी थी। आज तानाशाही के खिलाफ लड़ाई शुरू कर रहे हैं और जीतेंगे भी। बीजेपी का मतलब भारतीय जुगाड़ पार्टी: भगवंत मान पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी वाले चाहते हैं कि इनके अलावा किसी और की सरकार बन जाए। अगर ये चुनाव में नहीं जीत पाते हैं तो ये उपचुनाव से सरकार बना लेते हैं। विधायक को खऱीदकर या फिर राज्यपाल को सुबह चार बजे जगाकर। बीजेपी का मतलब भारतीय जुगाड़ पार्टी। मोदी जी सब कुछ अपने अनुसार चलाना चाहते हैं: कपिल सिब्बल कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में विधानसभा होने का अर्थ है कि लोग चाहते हैं कि दिल्ली में जनता की आवाज के अनुसार सरकार चले लेकिन मोदी जी सब कुछ अपने अनुसार चलाना चाहते हैं। केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट का फैसला रद्द नहीं कर सकती है। सुप्रीम कोर्ट इस अध्यदेश को रद्द करेगी। यदि सब कुछ केंद्र सरकार ही करेगी तो विधानसभा का क्या अर्थ है। कपिल सिब्बल ने पीएम मोदी पर बोला हमला कपिल सिब्बल ने संबोधन शुरू किया। कपिल सिब्बल ‘आप’ महारैली में कहा कि मोदी जी डबल इंजन सरकार चाहते हैं यानी वे देश के हर राज्य में सीबीआई और ईडी के भरोसे अपनी सरकार चाहते हैं। ये सोच सही नहीं है कि सारी पावर हमारे ही हाथ में हो। अदालत छोड़ बाकी सभी संस्था पर केंद्र का कब्जा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सभी विपक्षी दलों को खत्म करने में लगे हुए हैं अगर विपक्षी दल एकजुट नहीं हुए तो वह विपक्ष का खात्मा कर देंगे। गोपाल राय ने भाजपा से किए सवाल आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश के संयोजक गोपाल राय ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अध्यादेश लाने के मामले में भाजपा से सवाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कहते थे कि आम आदमी पार्टी को संविधान पर भरोसा नहीं है जबकि संविधान को भाजपा नेता नहीं मान रहे हैं। उन्होंने भाजपा से पूछा आप कि केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का आदेश क्यों नहीं माना और वह अध्यादेश लेकर क्यों आई है। गोपाल राय ने दिल्ली की जनता से अपील की कि वे लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा को करारी मात दें। सौरभ भारद्वाज ने केंद्र पर बोला हमला आम आदमी पार्टी की महारैली शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज में रैली में सर्वप्रथम भाषण देना आरंभ किया। उन्होंने केंद्र सरकार को कौरवों की सेना जबकि आम आदमी पार्टी को पांडव करार दिया। उन्होंने कहा कि कौरवों ने पांडवों से छल से इंद्रप्रस्थ छिना था उसके बाद उनको वनवास दिया उसी तरह केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार से छल कर के अधिकार छीन लिए हैं और उनके नेता मनीष सिसोदिया को छल करके जेल में डाल रखा है।

द्वारका में सड़क दुर्घटना में मध्य प्रदेश के दो श्रमिकों की मौत, दो अन्य घायल

नई दिल्ली, 09 जून: दक्षिण पश्चिम दिल्ली के द्वारका इलाके में एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के मोटरसाइकिल से टकरा जाने से दो श्रमिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि एनएलयू लाल बत्ती के पास दुर्घटना की सूचना बृहस्पतिवार को मिली। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने कहा कि घायलों को इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटनास्थल पर मोटरसाइकिल और एसयूवी मिली हैं। उन्होंने कहा कि द्वारका सेक्टर-17 के स्पाइन एन्क्लेव निवासी माते (32) और दीक्षा (10) को प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, वहीं फूला (30) और लखन (37) को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। पुलिस ने बताया कि सभी लोग मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से हैं और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। ये दिल्ली में मजदूरी करते थे। पुलिस ने कहा कि फूला माते की पत्नी थी और लखन उसका साला था। उन्होंने कहा कि माते का बयान दर्ज किया गया जिसमें उसने कहा कि वह अपने परिवार के साथ भारत विहार से मोटरसाइकिल पर सेक्टर 17 की ओर जा रहा था तभी सेक्टर 13 की तरफ से आ रही एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसयूवी चालक की पहचान अबरार (24) के तौर पर की गई है। वह नजफगढ़ के गोपाल नगर का रहने वाला है और पुलिस ने उसे पकड़ लिया है।

पश्चिम दिल्ली के अस्पताल में आग, 20 नवजात शिशुओं को बचाया गया

नई दिल्ली, 09 जून: पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके में बृहस्पतिवार देर रात एक अस्पताल में आग लग गई, जिसके बाद वहां से 20 नवजात शिशुओं को अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों में स्थानांतरित किया गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग को देर रात 1.35 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की नौ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल के भूमिगत तल में रखे फर्नीचर में आग लग गई थी। उन्होंने बताया कि आग पर देर रात 2.25 बजे तक काबू पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में आग लगने के कारण 20 नवजात शिशुओं को तत्काल अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आईपी विवि कैंपस के उद्घाटन में ‘मोदी’, ‘मोदी’ के नारे लगे, केजरीवाल का भाषण बाधित

नई दिल्ली, 08 जून: गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के पूर्वी दिल्ली परिसर के उद्घाटन कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संबोधन ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाए जाने की वजह से बाधित हुआ जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कार्यक्रम में हंगामा करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने उनके संबोधन को बाधित करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर शिक्षा व्यवस्था में ऐसे ‘‘नारों” से सुधार लाया जा सकता है तो पिछले 70 साल में ऐसा हो चुका होता। अपने संबोधन के दौरान केजरीवाल जब दिल्ली सरकार के स्कूलों में शिक्षा के मॉडल के बारे में बात कर रहे थे तभी कुछ लोग ‘‘मोदी, मोदी” के नारे लगाने लगे। उन्होंने कहा, ‘‘कृपया मुझे पांच मिनट बोलने दें। मैं इस पार्टी और अन्य पार्टी के लोगों से अनुरोध करता हूं कि मुझे बोलने दें।” संबोधन के दौरान एक बार फिर व्यवधान डालने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि शायद आपको मेरे विचार और सोच पसंद न आएं। आप टिप्पणी कर सकते हैं लेकिन यह सही नहीं है। इस लोकतंत्र में हर किसी को बोलने का अधिकार है।’ आप ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया लेकिन केजरीवाल ने अपने शानदार जवाब से उन्हें चुप करा दिया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान परिसर के बाहर आप और भाजपा के कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे। गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का पूर्वी दिल्ली परिसर आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार और उप राज्यपाल वी. के. सक्सेना के बीच विवाद की नई वजह बन गया है और दोनों पक्षों का दावा है कि वे नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगे। आप और भाजपा, दोनों ही पार्टियां एक दूसरे पर नए परिसर के लिए अनुचित श्रेय लेने का आरोप लगा रही हैं।

सिसोदिया के बारे में बात कर भावुक हुए केजरीवाल

नई दिल्ली, 07 जून: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को बवाना में बी.आर. आंबेडकर स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस की एक नई शाखा का उद्घाटन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को याद कर भावुक हो गए। केजरीवाल ने कहा, “मैं आज मनीष सिसोदिया की कमी महसूस कर रहा हूं। मनीष सिसोदिया ने सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की थी। उन पर झूठा आरोप लगाया गया और अन्यायपूर्ण तरीके से उसे जेल में डाल दिया।” उन्होंने आगे कहा कि सिसोदिया को “झूठे आरोपों” पर जेल में डाल दिया गया है लेकिन उन्हें “बहुत जल्द जमानत मिल जाएगी।” आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि मनीष सिसोदिया बहुत जल्द जेल से बाहर आ जाएंगे। विजय सत्य की ही होती है। उन्हें इसलिए जेल हुई है क्योंकि वह अच्छे स्कूल बनवा रहे हैं और आम आदमी पार्टी लोकप्रिय हो रही है।” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा, “वे दिल्ली की शिक्षा की प्रगति को रोकना चाहते हैं।” उन्होंने दावा किया, “वे (भाजपा) चाहते हैं कि दिल्ली की शिक्षा क्रांति खत्म हो लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। दिल्ली के सरकारी स्कूलों को लेकर दुनिया भर में सभी की एक ही राय है कि हमारे स्कूल सबसे अच्छे हैं।”