मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्टरी में लगी आग, दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर

नई दिल्ली, 21 जून: पश्चिमी जिले के मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह एक फैक्टरी में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अलग-अलग दमकल स्टेशनों से आग बुझाने वाली 14 गाड़ियां भेजी गईं। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी है। लगभग 70 दमकलकर्मियों की टीम आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि आग सर्जिकल इक्विपमेंट और दूसरे आइटम बनाने वाली फैक्टरी में लगी है। इसके आसपास कई और फैक्टरियां हैं। यह फैक्ट्री लगभग 200 स्क्वायर फुट में फैली हुई है। दमकल कंट्रोल रूम को आज सुबह 6:32 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वह बेसमेंट, ग्राउंड और ऊपर तीन मंजिल तक बनी हुई है। फिलहाल आग बुझाने का काम चल रहा है। अभी किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

महागठबंधन सरकार से अलग होने के बाद दिल्ली पहुंचे जीतन राम मांझी, अमित शाह से करेंगे मुलाकात

पटना, 20 जून : बिहार में महागठबंधन सरकार से अलग होने के बाद हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक जीतन राम मांझी अपने बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन के साथ मंगलवार को तीन दिनों के दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं। जीतन राम मांझी के दिल्ली कार्यक्रम के अनुसार इस दिन दिवसीय दौरे के दौरान वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे। हालांकि, जीतन राम मांझी ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा था कि दिल्ली में वे सिर्फ अमित शाह और एनडीए के नेताओं से ही नहीं मिलेंगे, बल्कि राहुल गांधी और मायावती से भी मिलेंगे। मांझी ने कहा था कि दिल्ली में वे सभी नेताओं से मिलने की कोशिश करेंगे, कोई जरूरी नहीं है कि सिर्फ एनडीए के ही नेताओं से मिलें। मांझी के इस बयान के बाद कहा जा रहा है कि कहीं मांझी विपक्षी दलों की बैठक से पहले राहुल गांधी से मुलाकात कर नीतीश का खेल न बिगड़ दें। उनकी पार्टी का गठबंधन किसके साथ होगा फिलहाल इस पर संशय बरकरार है। उल्लेखनीय है कि जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन के नीतीश कैबिनेट से इस्तीफे के बाद पार्टी ने 19 जून को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई थी। बैठक के बाद मांझी अपने बेटे और हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन के साथ राजभवन पहुंचे थे और राज्यपाल को सरकार से समर्थन वापसी का पत्र सौंप दिया था। इसके बाद वे देर शाम बेटे के साथ दिल्ली कूच कर गए।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज, हल्की बारिश की संभावना

नई दिल्ली, 20 जून: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि सापेक्ष आर्द्रता सुबह साढ़े आठ बजे 81 प्रतिशत दर्ज की गई। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में चार मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आम तौर पर बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सोमवार को सामान्य से चार डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत : स्वाति मालीवाल

नई दिल्ली, 19 जून: दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के एक छात्र और दो बहनों की हत्या की घटनाओं के बाद राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम वर्ष के एक छात्र की रविवार को आर्यभट्ट कॉलेज के बाहर कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गयी। एक अन्य घटना में हमलावरों ने रविवार तड़के दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आर के पुरम में दो महिलाओं की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों बहनें थीं और संदेह है कि उनके भाई के साथ संपत्ति विवाद को लेकर उन्हें मार दिया गया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन घटनाओं के बाद मालीवाल ने ट्वीट किया, ”आज अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं है। उन्हें लगता है कि वे बच निकलेंगे। राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।” आर के पुरम की घटना के बाद राजनीतिक गतिरोध की स्थिति बन गयी है और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति के लिए उप राज्यपाल वी के सक्सेना को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुखर्जी नगर में पिछले दिनों आग लगने की घटना के बाद वहां का दौरा नहीं करने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लिया।

दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

नई दिल्ली, 19 जून: राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3-4 दिन ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। बिपोरजॉय चक्रवात का असर अब हल्का पड़ने लगा है तो कुछ दिन में देशभर में मौसम के रुख में भी बदलाव आने वाला है। चार-पांच दिन में लगभग सभी राज्यों से लू विदा ले लेगी और उसी के साथ मानसून का आगमन हो जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 24 घंटों के दौरान शहर में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने कहा कि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है। सुबह साढ़े आठ बजे राजधानी में सापेक्षिक आर्द्रता 96 फीसदी दर्ज की गई। इस बीच, मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार चक्रवाती तूफान ‘बिपाेरजॉय’ के लगभग पूर्व-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान इसके दबाव की तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इससे पहले रविवार को बिपोरजॉय के प्रभाव से राजस्थान के बाड़मेर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। कई जगहों पर भीषण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति भी देखी गई।

डीयू छात्र की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 जून: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दक्षिण परिसर में एक छात्र की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान बीए प्रोग्राम प्रथम वर्ष के छात्र राहुल (19) और उसका मित्र हारून (19) के रुप में की गई है। मामले में शामिल दो और लोगों की पहचान की गई है। आगे की जांच जारी है। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर में रविवार को स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी। मृतक बीए राजनीति विज्ञान प्रथम वर्ष के छात्र निखिल चौहान (19) और आरोपी क्लास के लिए कॉलेज आए थे। किसी बात को लेकर आरोपी अपने तीन साथियों के साथ कॉलेज गेट के बाहर निखिल से मिला और उसके सीने पर चाकू मार दिया।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान

नई दिल्ली, 19 जून: दिल्ली के कुछ हिस्सों में सोमवार को सुबह हल्की बारिश हुई और उमस हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि शहर में सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे की अवधि में पांच मिलीमीटर बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 96 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है और अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली : आर के पुरम में बहनों की हत्या के मामले में दो और गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 जून: दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आर के पुरम इलाके में दो बहनों की हत्या के मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान आर के पुरम निवासी किशन उर्फ चौधरी (27) और गणेश स्वामी (39) के रूप में हुई है। उसने बताया कि इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हत्या के मुख्य आरोपी समेत तीन अन्य को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, बंदूकधारियों ने रविवार को आर के पुरम की आंबेडकर बस्ती में पिंकी (30) और ज्योति (29) नाम की दो महिलाओं को कथित तौर पर गोली मार दी थी। गोली लगने से घायल दोनों महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि हमलावरों का पीड़िता के भाई ललित के साथ वित्तीय विवाद था। उन्होंने बताया कि घटना के सिलसिले में रविवार को अर्जुन, माइकल और देव नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। तीनों आदतन अपराधी और जुआरी हैं।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 18 जून: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार सुबह हमलावरों ने दो महिलाओं की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने कहा कि दोनों महिलाओं के भाई ने तड़के करीब चार बजकर 40 मिनट पर पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी बहनों को आंबेडकर बस्ती में गोली मार दी गई है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, ”प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हमारा पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पाया कि दो महिलाओं को गोली लगी है। उन्हें एसजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।” डीसीपी के मुताबिक, मृत महिलाओं की पहचान पिंकी (30) और ज्योति (29) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों का महिलाओं के भाई के साथ पैसों को लेकर विवाद था। डीसीपी ने कहा, ”घटना के मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।”

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना , कहा हर क्षेत्र को बर्बाद कर रही सरकार

नई दिल्ली, 18 जून: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी नीत सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि उसे सरकार चलाना नहीं आता और वह हर क्षेत्र को बर्बाद कर रही है। श्री केजरीवाल ने बिना नाम लिए रेलवे की हालत पर मोदी के नेतृत्व वाली केंद्रीय सरकार पर परोक्ष हमला करते हुए ‘अनपढ़ सरकार’ शब्द का भी इस्तेमाल किया। आप नेता ने ट्वीट किया, “उन्होंने अच्छी तरह से चल रहे रेलवे के बेड़े को नष्ट कर दिया।” उन्होंने आगे कहा, “आज आप एसी कोच का रिजर्वेशन भी ले लें तो आपको बैठने या सोने के लिए सीट नहीं मिलेगी। एसी और स्लीपर कोच सामान्य से भी बदतर हैं। उन्हें नहीं पता कि सरकार कैसे चलानी है। वे बिल्कुल नहीं समझते हैं। अनपढ़ सरकार हर क्षेत्र को बर्बाद कर रही है।”