नई दिल्ली, 28 जून: देश में इन दिनों समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा चर्चा में है। मंगलवार को मध्य प्रदेश के एक कार्यक्रम में पीएम मोदी ने जिस तरह इसकी वकालत की और विपक्ष को घेरा इसके बाद से इस मुद्दे पर हर पार्टी के विचार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने भी आज एक बड़ी बात कही है। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि वह सैद्धांतिक रूप से समान नागरिक संहिता के पक्ष में है, लेकिन जिस तरह से मोदी सरकार इसे लागू करना चाहती है, उसके खिलाफ है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा है कि सैद्धांतिक तरीके से हम इसका (यूसीसी) समर्थन करते हैं, मगर केंद्र सरकार जिस तरह से इसे लागू करना चाहती है, हम उसका समर्थन नहीं करते हैं। संदीप पाठक ने कहा कि आर्टिकल 44 भी इसका समर्थन करती है कि देश में यूसीसी होना चाहिए। चूंकि, यह मुद्दा देश के सभी धर्म-संप्रदाय से जुड़ा हुआ है, इसे देखते हुए इसे लागू करने से पहले बड़े स्तर पर विचार-विमर्श होना चाहिए। देश के सभी वर्गों का सुझाव, सभी पार्टियों से विचार-विमर्श होना चाहिए। कुछ मुद्दे ऐसे होते हैं, जिन्हें रिवर्स नहीं किया जा सकता है, ऐसे में उस पर प्रॉपर तरीके से बहस और विचार होना चाहिए, यह मुद्दा भी वैसा ही है।
बेबी केयर ब्रांड ‘अडोरीका’ ने अपने, नए नेचुरल बेबी केयर प्रोडक्ट्स किया लॉन्च
नई दिल्ली/नोएडा, 28 जून : मार्किट में नेचुरल बेबी केयर प्रोडक्ट्स की बढ़ती मांग को देखते हुए बेबी केयर ब्रांड अडोरीका ने अपने नए नेचुरल बेबी केयर प्रोडक्ट्स को लॉन्च कर दिया है। अडोरीका बेबी केयर ब्रांड के सीईओ और फाउंडर अभिषेक पाण्डेय ने कंपनी द्वारा नेचुरल बेबी केयर प्रोडक्ट्स के लॉन्च किये जाने की घोषणा कर दी है। प्रोडक्ट्स की नई लाइन में बेबी मसाज ऑयल, हेयर लोशन, लोशन, शैम्पू और बॉडी वॉश जैसे आइटम्स शामिल हैं। यह प्रोडक्ट्स नुकसानदायी कैमिकल्स से फ्री हैं और इन्हें पूरी तरह नेचुरल इंग्रेडिएंट्स से बनाया जा रहा है। आपको बता दे: आज की डिजिटल और टेक्निकल दुनिया में बच्चों की देखभाल करने के तरीके तेजी से बदल रहे हैं, जिसके कारण इस दशक में बेबी केयर इंडस्ट्री में भी तेजी से इजाफा देखने को मिला है। बच्चों की सेहत को लेकर पैरेंट्स में बढती चिंता, बच्चों की बढ़ती जनसंख्या और लोगों की खर्च करने की बढ़ती कैपसिटी के चलते इस इंडस्ट्री में एक जबरदस्त उछाल देखने को मिला है लेकिन कोविड-19 के बाद से पैरेंट्स किसी भी बेबी केयर प्रोडक्ट के इस्तमाल को लेकर और ज्यादा जागरूक हुए हैं, जिसकी बदौलत मार्किट में नेचुरल बेबी केयर प्रोडक्ट्स की मांग भी बहुत तेजी से बढ़ी है। अभिषेक कहते हैं – हम हमेशा हमारे कस्टमर्स की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश करते हैं और मार्किट में नेचुरल प्रोडक्ट्स की मांग लगातार बढ़ रही है। हम ऐसे प्रोडक्ट्स को उपलब्ध करवा रहे हैं जो सुरक्षित और इफेक्टिव होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी अच्छे है।
मुख्यमंत्री ने 42 ईवी चार्जिंग स्टेशन का किया उद्घाटन
नई दिल्ली, 27 जून: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में प्रदूषण को कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 42 और ईवी चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया। दिल्ली में अब 53 लोकेशन पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो गए हैं। जहां 4,646 चार्जिंग पॉइंट और 250 बैट्री स्वैपिंग स्टेशन हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन पर आयोजित ईवी चार्जिंग स्टेशन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली में 42 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन चालू किए गए। कुछ महीने पहले दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (डीटीएल) की तरफ से 11 स्टेशन शुरू किए गए थे। अब दिल्ली में कुल 53 ईवी चार्जिंग स्टेशन चालू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। दिल्ली में प्रदूषण को लेकर काफी समस्या रहती है। जबसे हमारी सरकार आई है, तब से लेकर अब तक दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी कई क्षेत्रों में काफी विकास हुआ है। इसके बावजूद प्रदूषण एक ऐसा क्षेत्र था, जिसका समाधान करना मुश्किल था, क्योंकि हवा में प्रदूषण काफी अधिक था। लोग कहते थे कि सीएम इसका समाधान कीजिए। आज यह बताते हुए मुझे खुशी हो रही है कि प्रदूषण को कम करने के लिए “आप” की सरकार ने दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के साथ मिलकर जितने भी कदम उठाए हैं, अब उसका फल मिलने लगा है। इस बात को खुद प्रदूषण के आंकड़े साबित करते हैं। 2014 के मुकाबले दिल्ली के अंदर हवा का प्रदूषण का स्तर पीएम 10 और पीएम 2.5 अब 30 फीसद कम हुआ है। पहले दिल्ली में सालभर में ऐसे दिन अधिक होते थे, जब प्रदूषण का स्तर बहुत ज्यादा होता था और प्रदूषण खतरनाक श्रेणी में चला जाता था। मगर अब ऐसे दिनों की संख्या कम हो गई है और अब गिने-चुने दिन ही ऐसी स्थिति होती है। अमूमन पूरे साल ही दिल्ली की हवा की स्थिति अच्छी रहने लगी है। केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने ”आप” की सरकार के साथ मिलकर जो सफलता हासिल की है, उसकी वजह से अब दिल्ली को देश की ईवी राजधानी माना जाने लगा है। आज देश के बाकी राज्यों की तुलना में दिल्ली में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे जा रहे हैं। यहां तक कि नीति आयोग ने भी इस बात को स्वीकारा है कि दिल्ली की इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी देश की सबसे अच्छी पॉलिसी है और बाकी राज्यों को भी इसका अनुसरण करना चाहिए। दिल्ली में 24 घंटे फ्री बिजली आती है, जबकि यूपी-हरियाणा में पावर कट लग रहे हैंः अरविंद केजरीवाल केजरीवाल ने आगे कहा कि एक-एक कर दिल्ली का हर क्षेत्र के अंदर नाम हो रहा है। पहले दिल्ली में अच्छे-अच्छे स्कूल बने और शिक्षा के क्षेत्र में हमारा नाम हुआ। फिर मोहल्ला क्लीनिक बने और स्वास्थ्य में नाम हुआ। इसके बाद दिल्ली में लोगों को 24 घंटे मुफ्त बिजली मिलनी शुरू हुई और यहां भी दिल्ली का नाम हुआ। दिल्ली के सटे राज्यों उत्तर प्रदेश और हरियाणा में चले जाएं तो नोएडा और गुरुग्राम जैसे शहरों में पावर कट हो रहे हैं मगर दिल्ली में ऐसी स्थिति नहीं है। दिल्ली में जनता को 24 घंटे मुफ्त बिजली दी जाती है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली में रहने वाले लोग अक्सर प्रदूषण से परेशान रहते हैं। खासकर साल के कुछ महीने ऐसे आते हैं, जब प्रदूषण बढ़ जाता है और पूरे देश में यह चर्चा का विषय बन जाता है कि दिल्ली का प्रदूषण स्तर बढ़ गया। इसको ध्यान में रखते हुए कई साल से दिल्ली सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। आज पूरे देश में कुल बिकने वाले वाहनों में से इलेक्ट्रिक व्हीकल की खरीद 7 से 8 फीसद है, तो दिल्ली में 12 से 14 फीसद है, जो देश भर से दुगनी है। आतिशी ने कहा कि अगर कोई भी नागरिक अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल को चार्ज करेंगे तो वो 7 पैसे प्रति किलोमीटर पर अपना 2 व्हीलर चला सकते है। सीएम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में इलेक्ट्रिक व्हीकल की प्रगतिशील तरीके से शुरुआत की है। इस पॉलिसी की लगातार निगरानी होती है और इसी की वजह से आज हम इतनी उपलब्धियों को हासिल कर सके हैं।
दिल्ली के कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश, अधिकतम तापमान में आई गिरावट
नई दिल्ली, 27 जून: राजधानी दिल्ली में मानसून की दस्तक हो चुकी है। अब दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार की शाम को राजधानी के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहावना हो गया है और उमस से लोगों को राहत मिली है। रात में भी बारिश होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। इसके साथ ही दिन में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर लगभग पूरे देश में मॉनसून का असर पड़ा है। इसके अलावा राजधानी के आसपास के क्षेत्रों में भी मंगलवार को बारिश हुई। सुबह हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली है। सुबह को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो मौसम के औसत से तीन डिग्री कम है। आईएमडी ने दिल्ली में येलो अलर्ट भी जारी किया है, क्योंकि दिल्ली-NCR में कई दिनों तक बारिश होने की संभावना है। पूर्व-मध्य, उत्तर-पश्चिम और पश्चिमी भारत में चार-पांच दिन तक वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली में भी पांच दिन तक हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस बार मानसून लगातार चौंका रहा है। रविवार को मुंबई और दिल्ली में एक साथ दस्तक देने के बाद सोमवार तक बहुत तेजी से यह देश के 80 प्रतिशत क्षेत्रों में पहुंच गया है। 21 जून, 1961 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि मानसून ने मुंबई और दिल्ली में साथ प्रवेश किया है। रिपोर्ट के अनुसार, जून का महीना पिछले 13 वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया है और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है।
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के पास प्रदर्शन किया
नई दिल्ली, 27 जून: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के पास प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि उनकी सरकार शहर के कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपाय करने में ‘लापरवाही’ बरत रही है। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में 15 जून को एक इमारत में आग लग गई थी, जिसमें एक कोचिंग संस्थान संचालित हो रहा था। संस्थान के विद्यार्थी खिड़कियों के शीशे तोड़तक रस्सियों के जरिये इमारत से बाहर निकले थे। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर ‘छात्र विरोधी’ होने का आरोप लगाया और राष्ट्रीय राजधानी में कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपाय करने में ‘लापरवाही’ बरतने का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मुखर्जी नगर अग्निकांड में घायल हुए लोगों के लिए मुआवजे की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और वहां अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए हैं। प्रदर्शन स्थल पर एबीवीपी के एक कार्यकर्ता ने कहा, “कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपाय स्थापित करने में दिल्ली सरकार की ओर से लापरवाही बरती गई है। सरकार का रवैया उसके छात्र विरोधी दृष्टिकोण को दर्शाता है।” मुखर्जी नगर अग्निकांड की जांच के दौरान दो कोचिंग संस्थान के संचालकों को गिरफ्तार किया गया था और बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
प्रगति मैदान सुरंग में दिनदहाड़े लूट के मामले में पांच गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 जून: प्रगति मैदान सुरंग में एक डिलीवरी एजेंट और उसके सहयोगी से बंदूक के दम पर लूटपाट करने के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में मोटरसाइकिल सवार चार बदमाश चांदनी चौक स्थित ओमिया इंटरप्राइजेज के डिलीवरी एजेंट और उसके सहयोगी की कैब को रोकते और दोनों से बंदूक के दम पर लगभग दो लाख रुपये नकदी से भरा बैग लूटते नजर आए थे। पिछले शनिवार को लूट की इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया था, तब दोनों नकद की आपूर्ति करने के लिए कैब से गुरुग्राम जा रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बारिश के पानी में दौड़ा करंट, महिला की मौत
नई दिल्ली, 25 जून : दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में बारिश की वजह से पानी में करंट उतरने से एक महिला की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात शुरू हुई बारिश का पानी स्टेशन परिसर के आसपास जमा हो गया था, जिससे पानी में करंट दौड़ गया, जिससे महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार निवासी साक्षी आहूजा के रूप में हुई है। बता दें महिला आज सुबह अपने पति के साथ चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इस दौरान स्टेशन परिसर में बिजली के एक खंभे के संपर्क में आने पर महिला की मौत हो गई। वहीं रेलवे स्टेशन परिसर में करंट दौड़ने की जानकारी मिलते ही एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेज दिया है। रेलवे और पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
ड्रामाट्रजी थियटर ग्रुप ने किया नाटक “प्याज़ के फूल” का मंचन
नई दिल्ली, 25 जून: दिल्ली के अक्षरा थिएटर में ड्रामाट्रर्जी आर्ट एंड कल्चर सोसाइटी के द्वारा नाटक “प्याज़ के फूल” का सफल मंचन हुआ जिसके लेखक हैं प्रियम जानी और निर्देशक सुनील चौहान और साक्षी ने किया। नाटक में मुख्य भूमिका में गौरी गुप्ता और मनीषा गुप्ता नज़र आये वही, सह कलाकार की भूमिका अंकिता, आकिब और अभियुदय ने निभाई, तो वही संगीत क्षितिज मिश्रा और प्रकाश व्यवस्था सुनील चौहान की। यह नाटक एक लव ट्राएंगल पर आधारित है जिसमें एक व्यक्ति गोविंद को रानी जो कि एक वैश्या है, से प्यार हो जाता है और अचानक उसकी पत्नी एक दिन वैश्या से मिलने चली जाती है। नाटक हाउसफुल रहा और कई लोगों की शिकायत रही कि वह हाउसफुल होने के कारण नाटक नहीं देख सके। नाटक के बाद दर्शकों की समीक्षा बहुत अच्छी रही, कई दर्शकों का कहना था कि एक घंटे में कई तथ्यों को सम्मिलित किया गया था और नाटक बेहद आकर्षित था। जल्द ही इस नाटक की एक और प्रस्तुति दिल्ली में होगी जिसके लिए ड्रामाटर्जी थिएटर ग्रुप के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक आदि से जुड़ा जा सकता है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज, हल्की बारिश के आसार
नई दिल्ली, 24 जून : राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को आसमान में मुख्यत: बादल छाए रहने और दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि शहर में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 69 फीसदी दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, दिल्ली में शनिवार सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 162 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
दिल्ली: शनि मंदिर के बाहर अवैध रेलिंग को तोड़ने पहुंचा प्रशासन, लोगों और सुरक्षाकर्मियों में झड़प
नई दिल्ली, 22 जून: देश की राजधानी दिल्ली में एक मंदिर के बाहर बने अवैध निर्माण को लेकर आम लोग और प्रशासन के बीच जबरदस्त हंगामा हुआ। गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में बने शनि मंदिर के बाहर लगी अवैध रेलिंग को तोड़ने पहुंचे प्रशासन का लोगों ने जबरदस्त विरोध किया और जमकर नारेबाजी की। स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच इसे लेकर झड़प भी हुई। लोगों की भारी संख्या को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ भारी संख्या में पैरामिलिट्री फोर्स भी मौके पर तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए जय श्रीराम के नारे लगाए। पूर्वी दिल्ली के डीएम का कहना है कि यहां सिर्फ रेलिंग हटाएं आए थे और इसे हटाने का काम जारी है। प्रशासन के मुताबिक, मंदिर नही तोड़ना है, मकसद सिर्फ रेलिंग हटा कर फुटपाथ क्लियर करना था।