‘आप’ सांसद राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका

अमृतसर, 01 जुलाई : आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने शनिवार को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। मत्था टेकने से पहले राघव और परिणीति ने लंगर में ‘सेवा’ की और श्रद्धालुओं के झूठे बर्तन धोएं। राघव और परिणीति ने 13 मई को दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सगाई की थी। राज्यसभा सदस्य चड्ढा ने अपने ट्वीट में कहा, ”स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका और अरदास की। परिणीति चोपड़ा का मेरे साथ होना और भी खास था। आज अमृतसर में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब जी में आशीर्वाद पाकर धन्य हो गया।” परिणीति ने एक ट्वीट में कहा, ”इस बार उनके (राघव) साथ मेरा यहां आना और भी ज्यादा खास था।”

दिल्ली मेट्रो के नियमों में बदलाव,अब दिल्ली मेट्रो में दो बोतल शराब ले जा सकेंगे यात्री

नई दिल्ली, 30 जून : दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को शराब की दो बोतलें लेकर सफर करने की अनुमति दे दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने आधिकारिक बयान में कहा है कि दिल्ली मेट्रो के नियमों में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के प्रावधानों के अनुरूप अब दिल्ली मेट्रो में प्रति व्यक्ति को शराब की दो सीलबंद बोतलें ले जाने की अनुमति है। डीएमआरसी ने अपने बयान में साफ किया है कि सिर्फ शराब की सीलबंद दो बोतल लेकर चलने की अनुमति दी गई है। शराब पीकर गलत हरकत करने या मेट्रो में शराब पीने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह बयान जारी कर डीएमआरसी ने मेट्रो में शराब ले जाने पर लगाई गई अपनी पाबंदी वापस ले ली है। अभी तक दिल्ली मेट्रो की सिर्फ एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में ही शराब की बोतलें लेकर यात्रा करने की अनुमति थी। नियमों में बदलाव के बाद अब मेट्रो की अन्य सभी लाइनों में भी शराब की बोतल लेकर यात्रा की जा सकेगी। मेट्रो में शराब लेकर चलने पर प्रतिबंध के फैसले को लेकर सीआईएसफ अधिकारियों के साथ डीएमआरसी के अफसरों ने समीक्षा की थी। इसके बाद यह फैसला लिया गया।

केजरीवाल तीन जुलाई को जलाएंगे अध्यादेश की प्रतियां

नई दिल्ली, 30 जून: केंद्र द्वारा लाए गए दिल्ली में अध्यादेश के खिलाफ लगातार आम आदमी पार्टी (आप) भाजपा पर हमलावर है। इसी कड़ी में पार्टी ने घोषणा कि है कि तीन जुलाई को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने सभी मंत्री और विधायकों के साथ मिलकर पार्टी मुख्यालय पर अध्यादेश की प्रतियों को जलाएंगे। दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर एक बार फिर इस अध्यादेश के खिलाफ भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पांच जुलाई को सभी 70 विधानसभाओं में इसकी प्रतियां जलाई जाएंगी। 6 से 13 जुलाई तक दिल्ली के हर गली-मोहल्ले-चौक पर अध्यादेश की प्रतियां जलाई जाएगी। इस आदेश की कॉपी जब दिल्ली के कोने-कोने में जलाई जाएंगी तब यह संकेत जाएगा कि इस काले अध्यादेश से यहां के लोग खुश नहीं है। भारद्वाज ने आगे कहा कि दिल्ली की जनता ने 2013 में केजरीवाल को पहली बार 70 में से 67 विधानसभाओं पर जीत देकर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया। 2015 में दूसरी और 2020 में 62 सीटें जीताकर तीसरी बार अपना मुख्यमंत्री चुना है। कहा जा सकता है कि देश के सबसे प्रसिद्ध मुख्यमंत्रियों में केजरीवाल का नाम शुमार होता रहा है। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने तीनों चुनावों में खूब जोर लगाया, लेकिन उनको जीत हासिल नहीं हुई। अब भाजपा दिल्ली के लोगों से बदला लेना चाहती है। दिल्ली में बिजली, पानी, इलाज, महिलाओं की बस यात्रा और बुजुर्गों की तीर्थयात्रा मुफ्त है। इससे केंद्र को बहुत दिक्कत है। केंद्र सरकार गैर कानूनी तरीके से दिल्ली की सत्ता पर कब्जा जमाना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने चुनी हुई सरकार को अधिकार दिया। उसके विपरीत केंद्र ने रात में ही अध्यादेश लाकर दिल्ली की पावर उपराज्यपाल को सौंप दी। मंत्री ने कहा है कि भाजपा के कट्टर समर्थक भी कह रहे हैं कि ये दिल्ली की जनता के साथ धोखा है। इस काले अध्यादेश का विरोध करना चाहिए। ऐसे में अब आम आदमी पार्टी इस अध्यादेश का दिल्ली की सड़कों पर विरोध करेगी।

एमसीडी के स्कूलों में भी शिक्षा क्रांति आएगी : शिक्षा मंत्री आतिशी

नई दिल्ली, 30 जून: शिक्षा मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को आईआईएम अहमदाबाद जाकर पहली बार स्कूल लीडरशिप और मैनेजमेंट की ट्रेनिंग लेने पहुँचे एमसीडी प्रिंसिपलों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। एमसीडी के इतिहास में पहली बार हुआ है जब इन स्कूलों के प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए आईआईएम भेजा गया है। ऐसे में शिक्षा मंत्री का आईआईएम का दौरा करना और वहां एमसीडी स्कूलों के प्रिंसिपलों से मिलना एक बहुत ही सराहनीय कदम साबित हुआ और इससे शिक्षकों में ट्रेनिंग के लिए आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ा है। इस मौके पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूलों के बाद अब एमसीडी के स्कूलों में भी शिक्षा क्रांति आएगी और ये सभी प्रिंसिपल उस क्रांति के ध्वजवाहक बनेंगे। उन्होंने प्रिंसिपलों से कहा कि, आप सभी प्रिंसिपल एमसीडी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों व उनके पैरेंट्स के बेहतर भविष्य की उम्मीद है, इसलिए एक मिशन की तरह ट्रेनिंग के हर पहलू पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि, हमारा मानना है कि, जब एमसीडी प्रिंसिपल विश्वस्तरीय संस्थानों से सीखेंगे तभी अपने स्कूल में विश्वस्तरीय शिक्षा का वातावरण बना सकेंगे। इसलिए आप प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए आईआईएम अहमदाबाद भेजा गया है जहाँ आपको वर्ल्ड क्लास एक्सपोज़र मिल सकेगा। शिक्षा मंत्री के साथ अपनी बातें साझा करते हुए प्रिंसिपलों ने भी कहा कि, अब से पहले किसी ने भी एमसीडी स्कूलों के शिक्षकों की बेहतरी के लिए नहीं सोचा, लेकिन अब सुविधाओं के साथ मिल रहा है पूरा मान-सम्मान इसलिए सरकार ने हमें जिस विज़न के साथ आईआईएम में ट्रेनिंग के लिए भेजा है, शिक्षा के उस विज़न को पूरा करने के लिए हम कड़ी मेहनत करेंगे और अपने स्कूलों को विश्वस्तरीय संस्थानों में तब्दील करेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि, किसी भी स्कूल के लिए प्रिंसिपल उसका अहम् हिस्सा होता है। आप प्रिंसिपल के आचार-व्यवहार और काम करने के तरीके को देखकर पता लगा सकते है कि उसका स्कूल कैसा होगा। हमने 2015 में दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल जी की सरकार बनने के बाद जब शिक्षा पर काम करना शुरू किया तो प्रिंसिपलों की कैपेसिटी बिल्डिंग और उनका प्रोफेशनल डेवलपमेंट भी हमारा फोकस रहा। इस दिशा में हमने अपने प्रिंसिपलों को आईआईएम अहमदाबाद सहित अन्य आईआईएम से उनके लिए डिजाईन स्पेशल स्कूल लीडरशिप और मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दिलवाई, प्रिंसिपलों को थोड़ी स्वायत्ता दी और इसके परिणाम के रूप में आप सभी आज दिल्ली सरकार के स्कूलों में आए बदलावों को देख सकते है। उन्होंने कहा कि, एमसीडी में पिछली सरकारों ने हमेशा शिक्षकों की उपेक्षा की लेकिन ‘आप’ की सरकार में अब एमसीडी शिक्षकों को सम्मान के साथ उनके प्रोफेशनल डेवलपमेंट के लिए सभी सुविधाएँ मिलेंगी। दिल्ली सरकार के स्कूलों के बाद अब एमसीडी के स्कूलों में भी शिक्षा क्रांति आएगी। और हमारे एमसीडी स्कूलों के सभी प्रिंसिपल उस क्रांति के ध्वजवाहक बनेंगे। ये ट्रेनिंग हमारे एमसीडी स्कूलों के प्रिंसिपलों को स्कूल चलाने के दौरान रोजमर्रा आने वाली चुनातियों को अनूठे ढंग से हल करना तो सिखाएगी ही साथ ही उनके बेहतर ढंग से प्रबंधन करना भी सिखाएगी। ताकि वे एडमिनिस्ट्रेशन के साथ-साथ स्कूल के अकेडमिक वातावरण को भी बेहतर बना सकें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि, मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल जी का विज़न है कि दिल्ली के हर बच्चे को चाहे वो किसी भी तबके से आता हो उसे विश्वस्तरीय शिक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए जरुरी है कि स्कूलों के शिक्षकों-प्रिंसिपल को विश्वस्तरीय संस्थानों सीखने का मौका मिले, एक्सपोज़र मिले। तभी वे अपने स्कूल में विश्वस्तरीय शिक्षा का वातावरण बना सकेंगे। इस दिशा में एमसीडी स्कूलों के प्रिंसिपलों को आईआईएम अहमदाबाद से मिली ट्रेनिंग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने प्रिंसिपलों को संबोधित करते हुए कहा कि, आप सभी प्रिंसिपल एमसीडी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों व उनके पैरेंट्स के बेहतर भविष्य की उम्मीद है। इसलिए एक मिशन की तरह ट्रेनिंग के हर पहलू पर अच्छे से ध्यान दे ताकि उसे अपने स्कुल में अपना सकें। इस अवसर पर एमसीडी स्कूलों के प्रिंसिपलों ने कहा कि, अब से पहले किसी ने भी एमसीडी स्कूलों के शिक्षकों की बेहतरी के लिए नहीं सोचा था। लेकिन हमें बहुत ख़ुशी है कि सरकार द्वारा अब हमें सुविधाओं के साथ पूरा मान-सम्मान मिल रहा है। पहले हम बुनियादी सुविधाओं के लिए ही जद्दोजहद करते थे लेकिन अब हमें बेहतर ट्रेनिंग मिल रही है। प्रिंसिपलों ने कहा कि सरकार ने हमें जिस विज़न के साथ आईआईएम में ट्रेनिंग के लिए भेजा है। हम शिक्षा के उस विज़न को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे और अपने स्कूलों की विश्वस्तरीय संस्थानों में तब्दील करने का हर संभव प्रयास करेंगे जहाँ हर बच्चे के लिए क्वालिटी एजुकेशन सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के इतिहास में पहली बार एमसीडी स्कूलों के प्रिंसिपलों को ट्रेनिंग के लिए आईआईएम अहमदाबाद भेजा गया है। एमसीडी स्कूलों के 47 प्रिंसिपलों के पहले बैच को एससीईआरटी के टीचर्स एजुकेटर्स के साथ 29 जून को 5 दिन के कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के लिए आईआईएम अहमदाबाद भेजा गया है। इस ट्रेनिंग के दौरान ये सभी आईआईएम अहमदाबाद के टॉप प्रोफेसरों से एमसीडी स्कूलों के लिए स्पेशल डिज़ाइन स्कूल लीडरशिप और मैनेजमेंट के गुर सीखेंगे।

दिल्ली मंत्रिमंडल में फेरबदल : आतिशी को मिला वित्त व राजस्व विभाग का अतिरिक्त प्रभार

नई दिल्ली, 30 जून : दिल्ली के मंत्रिमंडल में फेरबदल के प्रस्ताव को उपराज्यपाल वी के सक्सेना की मंजूरी मिलने के बाद मंत्री आतिशी को राजस्व, योजना और वित्त विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पहले, ये तीनों विभाग मंत्री कैलाश गहलोत के पास थे। आतिशी दिल्ली मंत्रिमंडल में एकमात्र महिला सदस्य हैं। इस अतिरिक्त प्रभार के बाद अब उनके पास 12 विभागों का जिम्मा होगा, जो सभी मंत्रियों में सर्वाधिक है। एक अधिकारी ने बताया, ”दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और फाइल सरकार के पास लौट आई है।” मंत्रिमंडल में फेरबदल के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को विवाद पैदा हो गया था, जब सरकारी अधिकारियों ने दावा किया था कि संबंधित फाइल चार दिन से उपराज्यपाल के पास है। लेकिन उपराज्यपाल कार्यालय ने इस आरोप से इनकार किया। मंत्रिमंडल के सदस्य मनीष सिसोदिया और सत्येन्द्र जैन ने गिरफ्तारी के बाद अपने अपने पद से इस्तीफा दे दिया थ। उनके इस्तीफे के बाद आतिशी को सौरभ भारद्वाज के साथ मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। सिसोदिया को आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया गया है जबकि जैन को धनशोधन मामले में पिछले साल गिरफ्तार किया गया था।

रेहड़ी पटरी मालिकों ने लगाया आरोप, महंगी कीमतों पर बेच सकें सामान इसलिए हटा दी हमारी दुकानें

नई दिल्ली, 29 जून : राजधानी के धौलाकुंआ इलाके से हटाए गए रेहड़ी पटरी वालों ने दिल्ली मेट्रो पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राजस्थान बस स्टैंड के पास से अतिक्रमण के नाम पर निजी स्वार्थ को लेकर डीएमआरसी, दिल्ली कैंट बोर्ड के टाउन वेंडिंग कमिटी सदस्य एसडीएम, निगम के अधिकारियों ने करीबन तीन दशक से यहां काम कर रहे लोगों को हटा दिया जबकि वह यातायात में बाधक नहीं थे। स्ट्रीट वेंडर एक्ट 2014 आजीविका का संरक्षण व विक्रय अधिनियम, दिल्ली की वेंडर स्कीम 2019, स्ट्रीट वेंडर्स रूल 2017 का उल्लंघन बताते हुए रेहड़ी पटरी वालों ने कहा कि एक तरफ दिल्ली कैंट बोर्ड द्वारा इनका सर्वे किया गया दूसरी तरफ इनको उजाड़ दिया गया जबकि यह अनैतिक व असंवैधानिक है। यहां पटरी लगाने वालों ने बताया कि दुकानें मेट्रो लाइन के बराबर एरो सिटी से पिंक लाइन को जोडऩे वाले पैदल एस्केलेटर से 70 फुट की दूरी पर डीडीए की जमीन पर है फिर भी मेट्रो ने दुकानें हटाई हैं। जबकि धौला कुआं मेट्रो स्टेशन पर दिन रात कंपनियों की दुकानें चलती हैं। वह ऊंचे दामों में कोल्ड डिं्रक्स, पानी, चिप्स बेचते हैं हम किफायती दरों पर बेचते हैं इसीलिए हमारी दुकानों को हटाया गया है। जी-20 के नाम पर गरीबों से अत्याचार बर्दाश्त काबिल नहीं हैं, आयोजन में शामिल होने वाले वोट नहीं देंगे, ये गरीब परिवार जरूर देंगे इसलिए यहां दुकानों को दोबारा लगवाने की अनुमति दी जाए।

अभिनेत्री चाहत पांडेय ने ज्वाइन की आम आदमी पार्टी, राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने दिलाई सदस्यता

नई दिल्ली, 29 जून: मध्य प्रदेश की टीवी एक्ट्रेस चाहत पांडेय ने आज यानी गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी के जनरस सेक्रेटरी और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने चाहत पांडेय को आप की सदस्यता दिलाई है। चाहत पांडेय टीवी का एक जानामान चेहरा है। उन्होंने कई टीवी सीरीयल में महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। वहीं, कई सीरीयलों में उन्होंने सपोर्टिंग रोल भी निभाए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में सुबह बारिश, लोगों को मिली गर्मी से राहत

नई दिल्ली, 29 जून: राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार सुबह बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम हो कर 27.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बारिश के बारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव हुआ। मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने दिन में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 114 दर्ज किया गया जो कि मध्यम की श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

राजधानी दिल्ली में पारंपरिक उत्साह व उल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा

नई दिल्ली, 29 जून: राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। बारिश और बूंदाबांदी के बावजूद ऐतिहासिक जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में विशेष नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बधाइयां दीं और औपचारिक ‘कुर्बानी’ के बाद भोजन भी साझा किया। दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने इस अवसर पर लोगों को ट्विटर के जरिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ”त्याग और बलिदान का पर्व ईद-उल-अजहा की आप सबको दिली मुबारकबाद… दुआ है कि यह त्योहार आपकी जिंदगी में खुशी, दिलों में मोहब्बत और मुल्क में अमन लाए।” मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ”सभी देशवासियों को ईद-उल-अज़हा की दिली मुबारक़बाद। यह त्योहार आप सभी के जीवन में ख़ूब तरक़्क़ी लेकर आए, आप हमेशा ख़ुश रहें, स्वस्थ और समृद्ध रहें।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-जुहा की पूर्व संध्या पर बुधवार को देशवासियों को बधाई दी और सभी से समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में काम करने का संकल्प लेने को कहा। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा, ”ईद-उल-जुहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों को हृदय से बधाई देती हूं, खासतौर पर भारत और देश से बाहर रहने वाले मुस्लिम भाइयों एवं बहनों को।” उन्होंने कहा, ”ईद-उल-जुहा प्रेम और बलिदान का पवित्र त्योहार है। यह त्योहार हमें मानवता की नि:स्वार्थ सेवा करने और बलिदान के मार्ग का अनुसरण करने को प्रेरित करता है।” राष्ट्रपति ने कहा, ”इस दिन हम सभी को समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में काम करने का संकल्प लेना चाहिए।” इस्लामी मान्यता के अनुसार, पैगंबर हज़रत इब्राहिम अपने बेटे हज़रत इस्माइल को इसी दिन अल्लाह के हुक्म पर खुदा की राह में कुर्बान करने जा रहे थे, तो अल्लाह ने उनके बेटे इस्माइल को जीवनदान दे दिया। इसी की याद में यह त्योहार मनाया जाता है।

साक्षी हत्याकांड में साहिल के खिलाफ 640 पेज की चार्जशीट दाखिल, चाकू से किए थे 34 वार

नई दिल्ली, 28 जून: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में साक्षी हत्या केस में पुलिस ने बुधवार को आरोपित साहिल खान के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि 16 साल की नाबालिग लड़की के हत्या के आरोपित के खिलाफ 640 पेज की फाइनल चार्जशीट दाखिल की गई। बता दें कि 28 मई को दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल खान ने नाबालिग की कई बार चाकू मारकर हत्या कर दी थी और उसके सिर को एक बड़े पत्थर से कुचल दिया था। आरोपी को दिल्ली पुलिस ने 29 मई को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पास से गिरफ्तार किया था। आरोपित साहिल खान ने बड़ी ही क्रूरतापूर्ण तरीक से साक्षी पर हमला किया था। उसके शरीर में कई हड्डियाँ टूटी हुई हालत में पाई गई हैं। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि साहिल ने इतने क्रूर तरीके से साक्षी पर हमला किया था कि नाबालिग के आंत सहित कई आंतरिक अंग बाहर आ गए।