नई दिल्ली, 06 जुलाई : देशभर में ‘बढ़ती महंगाई’ को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय युवा कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता, हाथों में तख्तियां और बैनर लिये मध्य दिल्ली में शास्त्री भवन के पास इकट्ठा हुये और केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर लापरवाही का आरोप लगाते हुये उसके खिलाफ नारे लगाये। युवा कांग्रेस के नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र पर आरोप लगाया, ‘देश में लोग महंगाई से त्रस्त हैं लेकिन केंद्र सरकार को कोई चिंता नहीं है। वे नागरिकों की उपेक्षा कर रहे हैं।’ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने किया। इससे पहले महिला कांग्रेस ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के बाहर महंगाई के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया था।
दिल्ली में बारिश के साथ हुई दिन की शुरुआत, न्यूनतम तापमान घटा
नई दिल्ली, 06 जुलाई: दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव की समस्या हुई और यातायात भी बाधित हो गया। शहर में बुधवार से पांच मिलीमीटर बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शहर और इसके निकटवर्ती इलाकों में पिछले कुछ दिन में और बारिश होने का अनुमान जताया है। शहर में अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार को करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 81 (संतोषजनक) दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है। विभाग के बुलेटिन के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 83 प्रतिशत दर्ज की गई।
पूर्वी दिल्ली में बागेश्वर धाम बाबा की कथा, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी
नई दिल्ली, 05 जुलाई : बागेश्वर धाम बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड मैदान में हनुमान कथा का वाचन करने आ रहे हैं। कथा से पहले 5 जुलाई को कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। उसके बाद कथा 6 जुलाई से 8 जुलाई तक चलेगी। कथा से पहले 5 जुलाई को कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। कथा सुनने आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 05 जुलाई को सांय 4 बजे आयोजित की जाएगी कलश यात्रापंडित सुरेंद्र शास्त्री बागेश्वर धाम द्वारा हनुमान कथा से पहले 5 जुलाई को नरवाना रोड स्थित इंजीनियर अपार्टमेंट से कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिनका एक सहारा द्वारा 5 जुलाई को नरवाना रोड स्थित इंजीनियर अपार्टमेंट से कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा यात्रा शाम 4 बजे शुरू होगी और उसी दिन लगभग 8 बजे शाम, उत्सव ग्राउंड आईपी एक्सटेंशन में समाप्त होगी यात्रा का मार्ग इंजीनियर अपार्टमेंट होते हुए थाना मधु विहार नरवाना रोड पैराडाइज अपार्टमेंट नरवाना रोड परिवार अपार्टमेंट मंडावली मेन रोड शिवालिक अपार्टमेंट रोड नंबर 57 ए विक्टर पब्लिक स्कूल आईपी एक्सटेंशन उत्सव ग्राउंड में कलश यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान ये होंगे प्रतिबंधित मार्ग यात्रा के दौरान प्रतिबंधित मार्गों में मदर डेयरी से नरवाना रोड से क्षेत्र इंजीनियर्स अपार्टमेंट थाना मधु विहार नरवाना रोड नरवाना रोड मंडावली मेन रोड रोड नंबर 57 ए मैक्स अस्पताल यूटर्न से एनएच 24 तक रोड नंबर 578 प्रतिबंधित क्षेत्र यातायात के लिये प्रतिबंधित क्षेत्र होगा।यहां कर सकेंगे पार्किंगदिल्ली पुलिस ने गाड़ी वालों को रोड नंबर 57 पर टेल्को टी प्वाइंट के माध्यम से एनएच.24 पर गाजीपुर गोलचक्कर से वैकल्पिक मार्गों को अपनाने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस ने पार्किंग के लिए गाजीपुर फूल मंडी रोड, महिंद्रा शोरूम के सामने पटपडग़ंज इंडस्ट्रियल एरिया की खाली जगह, सिंघला स्वीट्स के सामने नरवाना रोड पर ट्रिनिटी स्कूल के बगल वाली खाली जगह, ग्रेट गेटस्बी क्लब के पास ईडीएमसी पार्किंग, नरवाना रोड पर मंडावली मेट्रो स्टेशन पार्किंग का प्रयोग करने की सलाह दी है।बता दें कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पूर्वी दिल्ली के उत्सव ग्राउंड में तीन दिवसिय हनुमान कथा का वाचन करेंगे। 5 जुलाई को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा उसके बाद कथा शुरू की जाएगी। 7 जुलाई को पहली बार दिव्य दरबार लगाया जाएगा। 8 तारीख को भी दरबार लगाया जाएगा। इस कार्यक्रम में 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। कथा में आने वाले लोग यहां वाहन पार्क करें : -गाजीपुर फूल मंडी रोड-एनएच-24 से और रोड नंबर 56 पर ईडीएम मॉल से गाजीपुर सब्जी मंडी तक प्रवेश किया जा सकता है। इस जगह पर लगभग 100 से अधिक बसों और 300 कारों को पार्क किया जा सकता है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, रोड नंबर 56 से बसों से आने वाले श्रद्धालुओं को इस पार्किंग सुविधा का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यदि कोई अन्य उल्लिखित पार्किंग भरी हुई है तो यह पार्किंग उपलब्ध रहेगी व इसमें सभी बसें/ट्रक खड़े किए जा सकते हैं। -महिंद्रा शोरूम के ठीक सामने पटपडग़ंज औद्योगिक क्षेत्र की खाली जगह पर लगभग 400 कारें खड़ी की जा सकती हैं। रोड नंबर 57, रोड नंबर 56 से 57, मधु विहार रोड से आने वाले श्रद्धालु/अनुयायी इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। -सिंघला स्वीट्स के सामने नरवाना रोड पर ट्रिनिटी स्कूल से सटी खाली जगह पर लगभग 150 कारें पार्क की जा सकती हैं। इस पार्किंग सुविधा का उपयोग मधु विहार रोड और मधु विहार क्षेत्र की सभी आंतरिक सड़कों से आने वाले लोगों के लिए किया जाएगा। -ग्रेट गेटस्बी क्लब (पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय के पास) से सटी ईडीएमसी पार्किंग में लगभग 50 कारें पार्क की जा सकती हैं। यह पार्किंग आपात स्थिति में उपयोग के लिए आयोजन स्थल के पास एक प्रतिबंधित आरक्षित पार्किंग होगी। -नरवाना रोड पर मंडावली मेट्रो स्टेशन पार्किंग में लगभग 400 कारें पार्क की जा सकती हैं। नरवाना रोड तथा मधु विहार इलाके के अन्दर से आने वाले व्यक्ति इसका उपयोग कर सकते हैं।
दिल्ली: ओयो होटल में लगी आग, कांच का शीशा तोड़कर फंसे लोगों को निकाला बाहर
नई दिल्ली, 05 जुलाई: पश्चिमी दिल्ली में मौजूद ओयो होटल में आज आग लग गई, जिससे वहां हड़कंप मच गया। घटना दोपहर 2.20 बजे के समय हुई। जैसी ही होटल में आग लगी तो तुरंत ही फायर की टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर की टीम और पुलिस ने होटल में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि आग होटल के इलेक्ट्रिक पैनल से फैली। जैसी ही आग फैली तो लोगों को बचाने के लिए होटल की दीवारों पर लगे कांच के शीशों को तोड़ा गया और फिर फंसे लोगों को बाहर निकाला गाया।
दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में वकीलों के बीच झड़प, चलीं गोलियां
नई दिल्ली, 05 जुलाई: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में बुधवार को वकीलों के दो समूह आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों गुटों ने हवा में फायरिंग की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने कहा कि दोपहर करीब 1.35 बजे सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि तीस हजारी अदालत परिसर में गोलीबारी की घटना हुई है। डीसीपी ने कहा, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि तीस हजारी कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित वकीलों के दो समूहों ने कथित तौर पर हवा में फायरिंग की जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारी ने बताया कि स्थिति सामान्य है और कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
आबकारी नीति मामला : सिसोदिया की याचिका पर आज आ सकता है फैसला
नई दिल्ली, 03 जुलाई : दिल्ली उच्च न्यायालय आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले से संबंधित धन शोधन के मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सोमवार को फैसला सुनाएगा। अदालत की वेबसाइट पर आज सुबह साझा की गई वाद सूची के अनुसार, न्यायमूर्ति दिनेश कुमार शर्मा दोपहर ढाई बजे सिसोदिया की जमानत पर फैसला सुनाएंगे। अदालत सिसोदिया के अलावा उद्योगपति अभिषेक बोइनपल्ली, बेनॉय बाबू और विजय नायर की याचिकाओं पर भी फैसला सुनाएगी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज धन शोधन के मामले में ये सभी सह-आरोपी हैं। दिल्ली सरकार ने 17 नवंबर 2021 को नीति लागू की थी, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सितंबर 2022 के अंत में इसे वापस ले लिया गया। सिसोदिया को घोटाले में कथित भूमिका के लिए सबसे पहले 26 फरवरी को सीबीआई (केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो) ने गिरफ्तार किया था और वह तब से हिरासत में हैं। उच्च न्यायालय सीबीआई वाले मामले में 30 मई को उन्हें जमानत देने से इनकार कर चुका है। उन्हें ईडी ने नौ मार्च को गिरफ्तार किया था और अभी वह न्यायिक हिरासत में हैं। उच्च न्यायालय ने दो जून को सिसोदिया की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा था। सिसोदिया ने ‘मल्टीपल स्केलेरोसिस’ से पीड़ित अपनी पत्नी के बिगड़ते स्वास्थ्य सहित विभिन्न आधारों पर जमानत मांगी है। ईडी ने सिसोदिया सहित अन्य आरोपियों की जमानत याचिका का विरोध किया है।
भजपनपुरा में आयोजित हुआ ‘बच्चों आओ मंत्र सुनाओ गिफ्ट ले जाओ’ अभियान
नई दिल्ली, 02 जुलाई: भजनपुरा का बी-ब्लॉक आज जय श्री राम व भारत माता के जयकारों से गूंजता दिखाई दिया। अजसर था गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में प्रसिद्ध कवि व समाजसेवी भुवनेश सिंघल ने सांस्कृतिक राष्ट्रवादी अभियान ‘बच्चों आओ, मंत्र सुनाओ, गिफ्ट ले जाओ’ का आयोजन किया। जिसमें करीब 350 से अधिक बच्चों व घरेलू महिलाओं को मंत्र, चालीसा, आरती, चौपाई आदि सुनाने पर गिफ्ट के रूप में तीन प्रकार के पौश्टिक खाद्यय सामग्री के पैकेट व पौधे वितरित किये गए। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मनोज तिवारी के निजि सचिव अम्बिकेश त्रिपाठी व राष्ट्रीय कवि संगम के अध्यक्ष संघ प्रचारक जगदीश मित्तल उपस्थित रहे। इस अवसर पर भुवनेश सिघल ने बताया कि उनका ये अभियान पिछले अनेक महिनों से चल रहा है जोकि बच्चों व महिलाओं के बीच बहुत लोकप्रिय अभियान के रूप में देशभर में सराहा जा रहा है जसमें अबतक लगभग 25 से 30 हजार बच्चे व महिलाएं मंत्र, चौपाई, चालीसा, आरती, गुरूवाणी, जिनवाणी आदि सुनाकर सनातन संस्कृति की मूल भावना से जुड़ चुके हैं। अम्बिकेश त्रिपाठी ने कहा कि भुवनेश सिंघल का ये अभियान ‘बच्चों आओ, मंत्र सुनाओ, गिफ्ट ले जाओ’ वाकई में एक अदभुत अभियान है जिससे लोग अपनी संस्कृति व देश से गहराई से जुड़ रहे हैं और लोगों के बीच माईक पर बोलने की कला को भी सीख रहे हैं। मैने आज देखा कि सैकड़ों लोगों को भुवनेश सिंघल ने बड़ी ही बारिकी से अपनी संस्कृति व संस्कारों का बीजारोपण बच्चों में कर दिया है जो कि बच्चों को आजीवन याद रहेगा और वो देष के प्रति हमेशा समर्पित रहेंगे।
बिहार में नाबालिग से रेप, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर
नई दिल्ली, 02 जुलाई: दिल्ली पुलिस ने रविवार को कहा कि एक नाबालिग लड़की द्वारा बलात्कार का मामला दर्ज कराने के बाद उसने जीरो एफआईआर दर्ज की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में रहती है, लेकिन मूल रूप से बिहार की रहने वाली है, जहां यह घटना हुई थी। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसके पिता और मां मेड के रूप में काम करते हैं और होली से पहले वे बिहार के मधुबनी में अपने घर गए थे, जहां उसके एक दोस्त के भाई की शादी थी। उसकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह अपने परिवार के साथ दिल्ली आ गई। पुलिस ने कहा, 29 जून को वह बीमार पड़ गई और जांच करने पर पता चला कि वह गर्भवती है। इसलिए मामला दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि चूंकि घटना मधुबनी में हुई, इसलिए जीरो एफआईआर दर्ज की गई और संबंधित पुलिस स्टेशन को सूचित कर दिया गया है।
दिल्ली के LNJP में दौड़ा मौत का करंट, बेसमेंट में खुले बिजली के तारों ने ली युवक की जान
दिल्ली, 02 जुलाई (संवाददाता- मानसी): नई दिल्ली में रविवार को एक भयानक हादसा हो गया है. राजधानी के एलएनजेपी अस्पताल में 18 साल के एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि अस्पताल की निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट में जलभराव हुआ था और यहां बिजली के तार भी खुले पड़े थे. इस दौरान अस्पताल में मजदूरी करने वाला एक शख्स जब वहां पहुंचा तो उसे जोरदार कंरट का झटका लगा, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि, मृतक मजदूरी का काम कर रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पुरे हादसे का जायज़ा लिया. सूचना मिलने पर FSL टीम भी घटना स्थल पर जांच करने के लिए पहुंची. बीते दिनों नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग में 38 साल की युवती साक्षी आहुजा की कंरट लगने से मौत की खबर सामने आई थी. उस समय भारी बारिश हो रही थी और हर जगह पानी भरा हुआ था. साक्षी एक खंभे के पास से गुज़र रही थी जहां बिजली के तार खुले पड़े थे और वो करंट की चपेट में आ गई. रेलवे स्टेशन पर साक्षी आहुजा के साथ हुई घटना की जांच चल रही है. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर रेलवे के तीन इंजीनियर से पूछताछ की है. इससे पहले भी दिल्ली के तामुपुर इलाके में बारिश के बीच करंट लगने से 17 साल के एक लड़के की जान चली गई थी.
दिल्ली के भजनपुरा में फ्लाईओवर के लिए मंदिर और मज़ार हटाए गए
नई दिल्ली, 02 जुलाई : उत्तरपूर्वी दिल्ली में भजनपुरा चौक पर एक फ्लाईओवर का मार्ग प्रशस्त करने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच एक मंदिर और एक मज़ार को रविवार सुबह हटा दिया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि दोनों ढांचों को हटाने का फैसला कुछ दिनों पहले एक ‘धार्मिक समिति’ की बैठक में लिया गया था और स्थानीय नेताओं एवं लोगों के साथ उचित संवाद किया गया था। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा ढांचों को हटाये जाने के बाद उत्तरपूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जॉय टिर्की ने कहा, ‘‘सब कुछ शांतिपूर्ण हो गया।” टिर्की ने कहा कि भजनपुरा चौक पर सड़क के एक तरफ हनुमान मंदिर था और दूसरी मज़ार थी और दोनों ढांचों को सहारनपुर फ्लाईओवर के वास्ते सड़क चौड़ी करने के लिए हटाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसकी योजना कुछ दिन पहले बनाई गई थी लेकिन स्थानीय नेताओं ने प्रशासन से तैयारी और जरूरी इंतजाम करने के लिए कुछ वक्त मांगा था।” डीसीपी ने कहा, ‘‘आज (रविवार को) हमने सबसे बात की और उनके साथ उचित संवाद करने के बाद सब लोगों के सहयोग से धार्मिक ढांचों को हटा दिया गया। धार्मिक ढांचे हटाने से पहले कुछ श्रद्धालु आए थे और उन्होंने पूजा भी की। मंदिर को पुजारी ने स्वयं ही हटा लिया।” पुलिस ने कहा कि पीडीब्ल्यूडी को उचित सहायता उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। उत्तरपूर्वी दिल्ली को सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील माना जाता है। 2020 में इलाके में दंगे हुए थे जिसमें 53 लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने धार्मिक ढांचे तोड़ने को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने कहा, “एलजी साहब: मैंने कुछ दिनों पहले आपसे पत्र लिख कर अनुरोध किया था कि दिल्ली में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को तोड़ने का जो आपका निर्णय है, वो आप वापस ले लें। परंतु आज फिर से आपके आदेश पर भजनपुरा में एक मंदिर तोड़ दिया गया।” मंत्री ने कहा, ‘‘मेरा आपसे पुन निवेदन है की दिल्ली में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को ना तोड़ा जाए। इनसे लोगों की आस्था जुड़ी है।” आतिशी ने 22 जून को उपराज्यपाल (एलजी) वी के सक्सेना को पत्र लिखकर धार्मिक स्थलों को तोड़ने का फैसला वापस लेना का आग्रह किया था। आतिशी द्वारा उक्त पत्र लिखे जाने से पहले, पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में मंदिर के पास फुटपाथ पर अतिक्रमण करके लगाई गई ग्रिल को 22 जून को कथित तौर पर अधिकारियों द्वारा हटाये जाने के बाद स्थानीय लोगों और प्राधिकारियों के बीच गतिरोध उत्पन्न हो गया था। इसको लेकर अफवाह फैली थी कि अधिकारी मंदिर तोड़ने पहुंचे हैं।